76 की उम्र में 6 घंटे की Spine Surgery, अब बिना वॉकिंग स्टिक चल रहे शरत सक्सेना, बोले- ‘जिम जाना है'
शरत सक्सेना, फोटो- इंस्टाग्राम
76 साल की उम्र और 6 घंटे लंबी स्पाइन सर्जरी. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शरत सक्सेना ने साबित कर दिया है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. सर्जरी के बाद उन्होंने न सिर्फ वॉकिंग स्टिक छोड़ दी है, बल्कि अब उनकी नजरें सीधा जिम लौटने पर हैं.
Bollywood Actor Sharat Saxena Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शरत सक्सेना एक बार फिर अपनी हिम्मत और जज्बे की वजह से चर्चा में हैं. 76 साल की उम्र में उन्होंने हाल ही में कमर की रीढ़ से जुड़ी एक बड़ी सर्जरी करवाई, जो करीब 6 घंटे तक चली. सर्जरी के बाद एक्टर ने अपनी सेहत को लेकर फैंस को अपडेट दिया है. खास बात यह है कि अब वह वॉकिंग स्टिक के सहारे चलने के बजाय खुद चल पा रहे हैं. उनकी इस रिकवरी ने फैंस को काफी राहत दी है.
छह घंटे चली लंबर स्पाइन सर्जरी
शरत सक्सेना लंबे समय से कमर और रीढ़ की समस्या से जूझ रहे थे. सर्जरी से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी मेडिकल प्रोसीजर से जुड़ी तस्वीरें भी शेयर की थी. उन्होंने बताया था कि वह लंबर स्पाइन सर्जरी करवाने जा रहे हैं और उम्मीद जताई थी कि इसके बाद वह दोबारा ठीक तरह से चल सकेंगे और काम पर लौट पाएंगे. सर्जरी से पहले अभिनेता ने स्टैंडिंग एमआरआई भी कराया था.

इसके बाद उनकी करीब छह घंटे लंबी सर्जरी हुई. इतनी बड़ी प्रक्रिया के बावजूद शरत सक्सेना का हौसला कम नहीं हुआ. अस्पताल से सामने आई तस्वीरों में भी वह पॉजिटिव नजर आए. सर्जरी के बाद उन्होंने अपने अंदाज में फैंस को बताया कि वह धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं.
अब नहीं चाहिए वॉकिंग स्टिक
सर्जरी के बाद शरत सक्सेना ने जो सबसे अच्छी खबर दी, वह उनकी चलने की क्षमता को लेकर है. एक्टर ने अपने फैंस को बताया कि अब उन्होंने वॉकिंग स्टिक को भी छोड़ दिया है. उनके लिए यह रिकवरी का बड़ा पड़ाव है, क्योंकि सर्जरी से पहले उन्हें ठीक से चलने में परेशानी हो रही थी.
View on Instagram
शरत का रवैया इस पूरे मुश्किल दौर में बेहद पॉजिटिव रहा. उन्होंने अपनी स्थिति को लेकर निराश होने के बजाय मजाकिया और उत्साह भरे अंदाज में अपडेट शेयर किया. उनकी सबसे बड़ी इच्छा अब फिर से सामान्य तरीके से चलने और काम करने की है.
जिम लौटने का भी है जुनून
शरत सक्सेना अपनी फिटनेस और मजबूत कद-काठी के लिए हमेशा से पहचाने जाते रहे हैं. पर्दे पर उन्होंने कई बार ऐसे किरदार निभाए, जिनमें उनकी दमदार पर्सनैलिटी और फिट बॉडी ने खास छाप छोड़ी. यही वजह है कि 76 की उम्र में भी उनका फिटनेस को लेकर जुनून कम नहीं हुआ है.
View on Instagram
सर्जरी के बाद भी उनका ध्यान जिम लौटने पर है. हालिया हेल्थ अपडेट में उनके जज्बे की झलक साफ दिखाई दी. गंभीर सर्जरी से गुजरने के बावजूद वह खुद को कमजोर मानने के लिए तैयार नहीं हैं.
कौन हैं शरत सक्सेना
शरत सक्सेना ने हिंदी सिनेमा में कई दशकों तक काम किया है. उन्हें खास तौर पर मजबूत और एक्शन से जुड़े किरदारों के लिए जाना जाता है. अपने लंबे करियर में उन्होंने फिल्मों में कई तरह के रोल निभाए और अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने कई नामी फिल्मों में काम किया है, जिसमें गुप्त, अजनबी, बागबान, गुलाम, बजरंगी भाई जान, सोल्जर, भागम भाग शामिल है.

हाल ही में वह अजय देवगन की फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' में भी नजर आए थे. बीमारी और सर्जरी के बीच भी उनका काम के प्रति जुनून कम नहीं हुआ. सर्जरी से पहले उन्होंने खुद उम्मीद जताई थी कि ठीक होने के बाद वह दोबारा काम कर सकेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए