जब रांची में बारिश के बीच भी गूंजा आशा भोसले का जादुई संगीत, 40 हजार दर्शक आये थे सुनने
Published by : Divya Keshri Updated At : 13 Apr 2026 6:55 AM
2012 में रांची आईं थीं आशा भोंसले, फोटो- प्रभात खबर
2012 में रांची में आशा भोसले का कार्यक्रम खराब मौसम के कारण पहले टल गया था. अगले दिन बारिश के बीच 40 हजार दर्शकों की मौजूदगी में उन्होंने बिरसा स्टेडियम में प्रस्तुति दी.
रांची में सात जनवरी 2012 को आशा भोसले का कार्यक्रम तय किया गया था, लेकिन उस दिन मौसम इतना खराब हो गया था कि रांची एयरपोर्ट पर कोई विमान नहीं उतर सका था. रांची आने के लिए आशा भोसले मुंबई से विशेष विमान से कोलकाता तक आ चुकी थी. रांची में कुहासा, वर्षा के कारण विमान उतर नहीं सकता था. उस खराब मौसम में भी आशा भोसले को सुनने के लिए रांची के बिरसा स्टेडियम में दर्शकों-श्रोताओं की भारी भीड़ जमा हो चुकी थी. भीड़ को नियंत्रित करना आसान नहीं था. आशा भोसले कोलकाता में कई घंटे तक विमान में बैठी इंतजार करती रहीं कि कब रांची के लिए उनका विमान उड़े.
आशा भोसले का रांची में कार्यक्रम
जब आशा भोंसले को बताया गया कि रांची में विमान उतारने की अनुमति नहीं मिल रही है, मौसम खराब है, जोखिम है, तो वे निराश हो गईं, लेकिन उन्होंने कहा कि दूसरे दिन हर हाल में रांची में कार्यक्रम करेंगी, मुंबई नहीं लौटेंगी बल्कि कोलकाता में ही इंतजार करेंगी. जब मौसम नहीं सुधरा, आशा भोंसले नहीं आ सकीं तो रांची में स्टेडियम में प्रभात खबर द्वारा घोषणा कर दी गई कि आशा भोसले का कार्यक्रम मौसम खराब होने के कारण स्थगित कर दिया गया है. तारीफ करनी होगी रांची-झारखंड के संगीत प्रेमियों की, जिन्होंने कोई हंगामा नहीं किया, चुपचाप लौट गए. उन्हें बताया गया था कि दूसरे दिन जैसे ही स्थिति ठीक होगी, कार्यक्रम होगा. दूसरे दिन भी मौसम बहुत अच्छा नहीं था, लेकिन पहले दिन की तुलना में कुछ ठीक था.
बारिश के बीच भी जारी रहा आशा भोसले का कार्यक्रम
दूसरे दिन थोड़ी देर के लिए मौसम में सुधार आया तो आशा भोसले का विमान किसी तरह रांची में उतर गया. स्टेडियम में श्रोता आशा भोसले का इंतजार कर रहे थे. स्टेज खुला था, इसी बीच शाम में फिर से मौसम खराब होने लगा था. स्टेडियम में 40 हजार दर्शक थे, हल्की-हल्की बारिश होने लगी. उसी बारिश में आशा भोसले ने गाना शुरू कर दिया. बारिश तेज हो गई, छातों का इस्तेमाल किया गया. मैदान में बैठे दर्शक उस बारिश में गीतों का आनंद उठा रहे थे. जब बारिश तेज हो गई तो दर्शक जिस कुर्सी पर बैठे थे, उसे उठाकर सिर पर रखकर बारिश से बचने की कोशिश की. इसके बावजूद दर्शकों ने कार्यक्रम का लुत्फ उठाया. प्रभात खबर के इतिहास का यह सबसे बड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम था.
यह भी पढ़ें- Asha Bhosle Family Tree: मंगेशकर से भोसले तक, कौन-कौन हैं आशा भोसले के परिवार में?
यह भी पढ़ें- Asha Bhosle Died: नहीं रहीं आशा भोसले, 92 की उम्र में दुनिया को कह गईं अलविदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divya Keshri
दिव्या केशरी प्रभात खबर डिजिटल में सीनियर कंटेंट राइटर और एंटरटेनमेंट टीम की लीड हैं। वह साल 2020 में प्रभात खबर डिजिटल से जुड़ी थीं और तब से लगातार एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं। पिछले 7 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय दिव्या ग्लैमर, सिनेमा, टीवी और OTT की दुनिया को करीब से कवर कर रही हैं। उनकी खास रुचि फिल्मों की थ्रोबैक स्टोरीज, बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, BTS अपडेट्स, गॉसिप और टीवी-वेब सीरीज से जुड़ी खबरों में है। दिव्या ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ईटीवी भारत से की, जहां उन्हें हर बीट पर काम करने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने कई खास पैकेज तैयार किए और झारखंड से जुड़े अलग-अलग विषयों पर काम किया। खबरों को आसान और असरदार तरीके से पेश करना उन्होंने वहीं सीखा। इसके बाद दिव्या प्रभात खबर डिजिटल से जुड़ीं और अब एंटरटेनमेंट टीम को लीड कर रही हैं। फिल्मों, टीवी सीरियल्स और OTT प्लेटफॉर्म्स से जुड़े ट्रेंडिंग विषयों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। दिव्या का मानना है कि एंटरटेनमेंट की खबर सिर्फ जानकारी देने के लिए नहीं होती, बल्कि पाठकों से जुड़ने का माध्यम भी होती है। यही वजह है कि वह फिल्मों, टीवी और OTT से जुड़ी हर खबर को आसान, साफ और दिलचस्प अंदाज में लिखने की कोशिश करती हैं, ताकि पाठक खबर को सिर्फ पढ़ें नहीं, बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें। फिल्म रिव्यू, ट्रेलर एनालिसिस और बॉक्स ऑफिस रिपोर्टिंग उनके पसंदीदा विषयों में शामिल हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










