जब जनरेटर वैन में कपड़े बदलने को मजबूर हुईं ये पॉपुलर एक्ट्रेस, अक्षय कुमार ने खोला सालों पुराना राज
अक्षय कुमार और रवीना टंडन, फोटो- इंस्टाग्राम
अक्षय कुमार और रवीना टंडन फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में सालों बाद साथ नजर आएंगे. ट्रेलर लॉन्च पर अक्षय ने रवीना की प्रोफेशनलिज्म की तारीफ करते हुए पुराना शूटिंग किस्सा शेयर किया.
अक्षय कुमार और रवीना टंडन एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं. दोनों की जोड़ी ने 90 के दशक में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था. अब लंबे समय के बाद वे फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में साथ दिखाई देंगे. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान अक्षय ने रवीना के साथ काम करने के अपने पुराने अनुभव शेयर किए और उनकी जमकर तारीफ की.
सालों पुराना किस्सा सुनाकर अक्षय ने की रवीना की तारीफ
ट्रेलर लॉन्च के दौरान अक्षय कुमार ने कहा कि इतने साल बीत जाने के बाद भी रवीना टंडन का काम के प्रति समर्पण बिल्कुल नहीं बदला है. उन्होंने एक पुराना किस्सा याद करते हुए बताया, “उनकी प्रोफेशनलिज्म आज भी वैसी ही है. मुझे याद है कि हम एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. सूरज ढलने वाला था और हमारे पास सिर्फ 25-30 मिनट का समय बचा था. ग्रीन रूम काफी दूर था और रवीना को जल्दी से कपड़े बदलकर वापस शॉट के लिए आना था. यह लगभग नामुमकिन लग रहा था.” उन्होंने आगे बताया, “लेकिन मुझे आज भी याद है कि रवीना तुरंत जनरेटर वैन में गईं, वहीं कपड़े बदले और कुछ ही मिनटों में वापस आकर शूट के लिए तैयार हो गईं.”
रवीना के अभिनय में आया बड़ा बदलाव
अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा, “उनमें बहुत बदलाव आया है. वह एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि पहले वह फिल्मों की हीरोइन थीं और अब हीरोइन की मां का किरदार भी निभा रही हैं.” अक्षय की यह बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया.
‘वेलकम टू द जंगल’ में दिखेगी सितारों की लंबी फौज
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का निर्देशन अहमद खान ने किया है. यह फिल्म ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है. फिल्म में अक्षय कुमार और रवीना टंडन के अलावा सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, लारा दत्ता, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और दलेर मेहंदी जैसे कई कलाकार नजर आएंगे. फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
यह भी पढ़ें- Main Vaapas Aaunga: इम्तियाज अली की फिल्म पर फिदा हुए अनुभव सिन्हा, कहा- यह सिनेमा की सोच बदलने वाली कहानी है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए