बादशाह को गिरफ्तार करने का ऑर्डर, पासपोर्ट भी होगा जब्त, आयोग के सामने नहीं हुए पेश

Edited by Aniket Kumar
Updated:
विज्ञापन

रैपर व सिंगर बादशाह

Badshah Song Controversy: बादशाह का गाना ‘टटीरी’ विवादों में घिर गया है. हरियाणा महिला आयोग के सामने पेश न होने पर आयोग ने उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए हैं. इस मामले में सिंगर पहले ही माफी मांग चुके हैं. जानिए इस मामले में पूरा अपडेट…

विज्ञापन

Badshah Song Controversy: बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह इन दिनों अपने नए गाने को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं. हाल ही में रिलीज हुआ उनका गाना टटीरी लगातार चर्चा में बना हुआ है. गाने के कुछ शब्दों को लेकर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि अब यह कानूनी मोड़ ले चुका है. दरअसल, गाने को लेकर हरियाणा में काफी विरोध देखने को मिला. इस मामले में हरियाणा स्टेट कमिशन फॉर वूमन ने रैपर के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. आयोग ने बादशाह को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है. 

बादशाह के वकील ने क्या कहा?

दरअसल, आयोग ने उन्हें आज सफाई देने के लिए तलब किया था. बादशाह को आयोग के सामने पेश होना था, लेकिन वह तय समय पर वहां नहीं पहुंचे. उनकी जगह उनके वकील आयोग के सामने पेश हुए और बताया कि सिंगर किसी प्रोफेशनल काम में व्यस्त होने की वजह से उपस्थित नहीं हो सके. इसके साथ ही उन्होंने आयोग से कुछ और समय देने की मांग भी की.

गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश

इस पर आयोग की अध्यक्ष रणु भाटिया ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर बादशाह दोपहर तीन बजे तक आयोग के सामने पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद उन्होंने पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर सिंगर की गिरफ्तारी की जाए और उनका पासपोर्ट भी जब्त किया जाए, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें.

पहले ही माफी मांग चुके हैं बादशाह

गाना विवादों में आने के बाद बादशाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर माफी भी मांगी थी. उन्होंने कहा था कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था. सिंगर ने यह भी बताया कि विवाद के बाद उन्होंने अपना गाना सभी प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया है. हालांकि, इसके बावजूद मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा और महिला आयोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.

यह भी पढे़ं: माफी मांगने के बाद भी नहीं थम रहीं बादशाह की मुश्किलें, ‘टटीरी’ गाने पर विवाद बढ़ा

गाने को लेकर क्यों हुआ विवाद?

दरअसल, गाने ‘टटीरी’ की एक लाइन को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई थी. इस लाइन में कहा गया था, “आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने पर.” इतना ही नहीं, गाने के वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने नाबालिग लड़कियों को हरियाणा रोडवेज बस पर चढ़कर नाचते हुए और स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया था, जिसे लेकर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की. विवाद बढ़ने के बाद मामले में FIR भी दर्ज कराई गई और हरियाणा स्टेट कमिशन फॉर वूमन ने बादशाह को समन जारी कर 13 मार्च तक आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा था.

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola