Bigg Boss 20:आम्रपाली, निरहुआ नहीं खेसारी को साथ ले जाना चाहती हैं बिग बॉस के घर में...खुद किया खुलासा

Updated:
विज्ञापन

भोजपुरी स्टार आम्रपाली ने इस बार बिग बॉस को हाँ कहने,निरहुआ के साथ अपने समीकरण, आइडियल मैन और हिंदी इंडस्ट्री में काम करने की अपनी संभावनाओं के साथ साथ यह भी बताया कि बिग बॉस की ट्रॉफी जीतने के बाद वह बिहार , झारखण्ड और यूपी ट्रॉफी लेकर जरूर घूमेंगी.

विज्ञापन

Bigg boss 20 :बिग बॉस का नया सीजन आज से दस्तक दे चुका है. बिग बॉस के इस बीसवें सीजन में भोजपुरी स्टार आम्रपाली दूबे भी इस रियलिटी शो में बतौर प्रतियोगी नजर आने वाली हैं. बिग बॉस के घर में जाने से पहले आम्रपाली ने बिग बॉस से जुड़ी तैयारियों, विवाद और अन्य पहलुओं पर उर्मिला कोरी से बातचीत की. बातचीत के प्रमुख अंश

विज्ञापन

इससे पहले भी आपको बिग बॉस का ऑफर आया था क्या इस बार हां कहने की क्या वजह थी?

हां, ये पहली बार नहीं है जब मुझे बिग बॉस का ऑफर हुआ है. पहले जब ऑफर आए थे, तब मुझे लगा कि शायद मैं तैयार नहीं हूं या फिर टाइमिंग सही नहीं है. मैं कोई भी फैसला सिर्फ इसलिए नहीं लेती क्योंकि सब कर रहे हैं. इस बार मुझे लगा कि अब वो समय है जब मैं अपने वास्तविक व्यक्तित्व के साथ दर्शकों के सामने आ सकती हूं. बिग बॉस में आप कोई कैरेक्टर प्ले नहीं कर सकते, वहां जो आप हैं.वही दिखाना है. मुझे लगता है कि अब मैं उसके लिए मानसिक रूप से तैयार हूं. मुझे चुनौतियाँ पसंद हैं, तो मैंने सोचा कि एक बार कम्फर्ट जोन से बाहर निकल कर देखते हैं। इसलिए इस बार मैंने दिल से हां कहा.

बिग बॉस के घर में सबसे ज्यादा क्या मिस करेंगी?

सबसे पहले तो अपने घर को, अपने परिवार को और अपनी आज़ादी को. मुझे अपनी डेली रूटीन अपने ढंग से जीने की आदत है, तो वो भी निश्चित रूप से मिस होगी. ईमानदारी से कहूं तो, मेरा फोन भी बहुत याद आएगा, क्योंकि आज कल फोन से दूरी बनाना इतना आसान नहीं है, लेकिन सबसे ज्यादा मुझे अपनी पर्सनल स्पेस मिस होगी. मैं जब चाहती हूं अपने कमरे में चली जाती हूं, अपना पसंदीदा संगीत सुनती हूं या बस खुद के साथ समय बिताती हूं. बिग बॉस के घर में वो लग्जरी तो नहीं होगी, तो मुझे लगता है कि वो मेरे लिए सबसे बड़ा एडजस्टमेंट होगा.


Image

बिग बॉस के घर में कितनी ड्रेसेज या साड़ियाँ लेकर जा रही हैं? स्टाइल स्टेटमेंट क्या होगा?

मैंने गिनती नहीं की है लेकिन हां, मैं साड़ियां ढेर सारी जरूर ले जा रही हूं क्योंकि मैं उन्हें पहनना पसंद करती हूं. साथ में वेस्टर्न आउटफिट भी होंगे, क्योंकि मूड के हिसाब से स्टाइल भी चेंज होता है. मैं घर के अंदर फैशन प्रतियोगिता करने नहीं जा रही, लेकिन जाहिर तौर पर जब कैमरा 24/7 चालू है तो थोड़ा तैयार रहना पड़ेगा। मेरा स्टाइल सिंपल रहेगा, कभी ट्रेडिशनल, कभी ग्लैमरस, कभी कंफर्टेबल. असल में, जो मुझे सूट करेगा और जिसमें मैं खुद को आरामदायक और कॉन्फिडेंट फील करूंगी, वही मेरा स्टाइल स्टेटमेंट होगा.

कोई ख़ास चीज या लकी चार्म अपने साथ बिग बॉस के घर में ले जाएंगी ?

मैं अपने परिवार से कभी दूर नहीं रही हूँ. कितनी भी बिजी रहूं या आउटडोर शूटिंग या देश से बाहर हूँ.अपनी माँ ,अपने परिवार को फ़ोन करती ही हूँ. बिग बॉस के घर में यह मौक़ा नहीं मिलेगा तो अपने परिवार की तस्वीर अपने साथ ले जा रही हूँ.कम से कम उन्हें रोज देख तो लूंगी.लकी चार्म की जहां तक बात है तो मेरे महादेव मेरे लकी चार्म है. मुझे कोई भी परेशानी होती है तो मैं सीधे उनसे बात करती हूँ.


Image


रियलिटी शो बिग बॉस के लिए यह कहा जाता है कि यह आपकी इमेज मेक करती हैं लेकिन कई बार बनी बनायी इमेज ब्रेक भी करती है ?

मुझे लगता है कि अगर आप अपनी छवि को लेकर इतने सचेत हैं कि लोग आपके बारे में क्या सोचेंगे, तो फिर रियलिटी शो करने का कोई मतलब ही नहीं है. मैं बिग बॉस में अपनी इमेज प्रोटेक्ट नहीं कर सकती हूं.अपनी पर्सनैलिटी दिखाने जा रही हूं. मैं परफेक्ट नहीं हूं, मेरी मजबूत राय हैं, मैं अपनी बात के लिए स्टैंड लेती हूं. कभी-कभी शायद मेरी राय लोगों को पसंद भी न आएं, लेकिन यह ठीक है. इतने सालों में मैंने दर्शकों का प्यार कमाया है. मुझे अपने प्रशंसकों का भरोसा है. जो आम्रपाली स्क्रीन पर देखी है, उसके पीछे जो रियल पर्सन है, अब वो भी देख लेंगे. अगर धारणा बदल गई तो मैं इससे निपट लूंगी. कम से कम वो धारणा असली तो होगी.

बिग बॉस के घर में इस बार आप भोजपुरी का प्रतिनिधत्व कर रही हैं. देश विदेश में देखे जाने वाले इस रियलिटी शो में भोजपुरी की इमेज बेहतर करने की क्या रणनीति रहेगी?

मैं साफ कर देना चाहूंगी कि भोजपुरी को रिप्रेजेंट करने जा रही हूं, लेकिन उसकी इमेज बदलने का कोई बोझ लेकर नहीं जा रही हूं । भोजपुरी मेरी भाषा है, मेरी जड़ें हैं और मुझे उस पर बहुत गर्व है। हां, कुछ लोगों की धारणा संकुचित है, लेकिन मैं मानती हूं कि धारणा तर्कों से नहीं, कार्यों से बदलती है। मैं बिग बॉस के घर में अपने व्यवहार, अपने व्यक्तित्व और अपने आत्मविश्वास से सबको दिखाना चाहती हूं कि भोजपुरी इंडस्ट्री से आने वाली लड़की किसी से कम नहीं है। मुझे किसी को साबित नहीं करना है, बस अपने आप को ऑथेंटिक रूप से प्रस्तुत करना चाहती हूं । अगर उसके माध्यम से लोग भोजपुरी को थोड़ा और सम्मान और जिज्ञासा के साथ देखने लगें, तो मेरे लिए उससे बड़ी बात नहीं होगी

मोनालिसा, अक्षरा, मनोज, रवि किशन, निरहुआ, खेसारी लगभग सभी भोजपुरी के बड़े स्टार ने बिग बॉस में अपना जलवा दिखाया है.आपने किसे फॉलो किया है और कौन आपको पसंद कर रहा है?

मैंने सबको देखा है और सबकी यात्रा अपने आप में दिलचस्प रही है, लेकिन मुझे रवि किशन जी का बिग बॉस का सफर बहुत पसंद आया था. उनका व्यक्तित्व बहुत रॉ और अनअपॉलिजेटिक था. वो जो फील करते थे, वो बोलते थे, और मुझे लगता है रियलिटी शो में वही चीज सबसे ज्यादा कनेक्ट करती है. मोनालिसा भी मुझे बहुत पसंद थी, क्योंकि उन्होंने खुद को बहुत गरिमा के साथ पेश किया, लेकिन मैं किसी को फॉलो करके नहीं जा रही हूं. हर प्रतियोगी का अपना स्वभाव और व्यक्तित्व होता है. मैं भी अपनी यात्रा अपने तरीके से जीना चाहती हूं. अगर दर्शकों को आम्रपाली पसंद आती है, तो मुझे नहीं लगता मुझे किसी और के नक्शेकदम पर चलने की जरूरत पड़ेगी.वैसे बिग बॉस के इतिहास में मेरे सबसे पसंदीदा प्रतियोगी की बात करूँ तो मैं सिद्धार्थ शुक्ला का नाम लूंगी. उन्होंने बहुत अच्छे से गेम खेला था. वुमन कार्ड खेलने पर उन्होंने एक बात रखी थी, जो मैं आज तक नहीं भूली हूं. उन्होंने कहा था कि मैं औरतों के बीच ही पला बढ़ा हूँ. मेरी बहनों और मेरे में जब लड़ाई होती थी तो मैं 4 बोलता था तो वो भी 4 बोलती थी.वो लड़की है इसलिए उसे नहीं चुप कराया जाता था और ना ही आदमी होने पर मुझे.


आम्रपाली दुबे की ओटीटी पर लोकप्रिय फिल्में, फोटो- यूट्यूब
आम्रपाली दुबे की ओटीटी पर लोकप्रिय फिल्में, फोटो- यूट्यूब

अगर मौक़ा मिला तो किस एक्स बिग बॉस प्रतियोगी को आप वापस शो में ले जाना चाहेंगी ?

वह खेसारी जी होंगे. सिद्धार्थ शुक्ला वाले सीजन में वह भी थे.वह बहुत जल्दी शो से एलिमिनटेड हो गए थे.शो में उन्हें ज्यादा बोलने का मौक़ा नहीं मिला था. मुझे बहुत ख़राब लगा था.वे बेहद एंटरटेनिंग हैं. वह बहुत बातें करते हैं. इस बार वो आये तो हम बहुत बातें करेंगे.


आम्रपाली दुबे और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ'
आम्रपाली दुबे और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ'

रियलिटी शो बवाल में आपकी शादी और निरहुआ के साथ आपके रिश्ते को लेकर बहुत चर्चा हुई थी, बिग बॉस में फिर से ये टॉपिक सुर्ख़ियों में आने वाला है इसके लिए कितनी तैयारी है?

मैं विषय से भागती नहीं हूं. भोजपुरी बवाल में भी मैंने अपनी बात साफ रखी है. निरहुआ जी मेरे बहुत अच्छे दोस्त और बहुत अच्छे सह-अभिनेता हैं, हमने साथ में बहुत काम किया है. बाकी लोग हमारे समीकरण को कैसे देखते हैं, वो उनकी सोच है.

क्या आपकी जिंदगी में शादी के लिए जगह नहीं है ?

जीवनसाथी की जगह बिल्कुल है, लेकिन मेरी प्राथमिकता सिर्फ शादी करना नहीं है। मैंने बवाल में भी कहा है कि मातृत्व मेरे लिए महत्वपूर्ण है। जब जिंदगी में सही इंसान होगा, तो शादी के बारे में भी जरूर सोचूंगी.

बिग बॉस के घर में भी लोगों को जीवनसाथी मिला है ?

मेरे केस में यह तभी संभव है , जब उसका स्वभाव मेरी तरह होगा. मुझे ग्रीन फ्लैग नहीं ग्रीन फॉरेस्ट चाहिए.

सलमान खान होस्ट, सुपरस्टार या बीइंग ह्यूमन आइकन, आप उनको कैसे परिभाषित करेंगी ?

मेरे लिए सलमान खान को सिर्फ एक लेबल में परिभाषित करना मुश्किल है. एक सुपरस्टार के रूप में, उनकी अपनी एक विरासत है, एक होस्ट के रूप में उनका एक अलग ही स्वैग है, और बीइंग ह्यूमन के माध्यम से उनका एक मानवतावादी पक्ष भी लोगों ने देखा है, लेकिन अगर मुझे एक लाइन में डिफाइन करना हो, तो मैं कहूंगी मैं उनसे प्यार करती हूं. उनसे मिलना और उनके साथ इंटरैक्ट करना मेरे लिए निश्चित रूप से रोमांचक होगा.उनसे मिलने का सोचकर ही मेरे पेट में बटरफ्लाई ही नहीं बल्कि सारे चिड़ियाघर के जानवर कूद रहे हैं.

बवाल के बाद बिग बॉस क्या एक बार फिर से आप हिंदी इंडस्ट्री में सक्रिय होना चाहती हैं ?

बिल्कुल, मैं हिंदी इंडस्ट्री के लिए भी ओपन हूं. मैंने अपने करियर की शुरुआत हिंदी टेलीविजन से की थी और उस अनुभव को मैं कभी भूल नहीं पायी हूं, लेकिन मैं अपने आप को किसी एक इंडस्ट्री या भाषा तक सीमित नहीं करुँगी. भोजपुरी ने मुझे बहुत प्यार दिया है, और अब अगर हिंदी में कोई दिलचस्प किरदार या प्रोजेक्ट मिलता है, तो मैं निश्चित रूप से करूंगी. मेरे लिए भाषा से ज्यादा महत्वपूर्ण है कि भूमिका मजबूत हो और मुझे एक अभिनेता के रूप में कुछ नया करने का मौका मिले

आखिर में बिग बॉस को जीतने की आपकी क्या स्ट्रेट्जी है ?

स्ट्रेट्जी मैंने सोची नहीं है लेकिन अगर मैं पहली भोजपुरी की कलाकार बिग बॉस की ट्रॉफी अपने नाम करती है तो मैं बिहार, झारखण्ड और यूपी जरूर ट्रॉफी लेकर घूमूंगी क्योंकि वहीँ के लोगों की वजह से यह संभव होगा.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola