Assembly Elections 2022: तृणमूल ने गोवा में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की, सांसद को भी दिया टिकट
Assembly Elections 2022 : ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ेंगी. ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार करेंगी. ऐसा सपा नेता किरणमय नंदा का कहना है. पंजाब में छापामारी पर राजनीति तेज हो गयी है.
पंजाब कांग्रेस के चार नेताओं ने की मंत्री को पार्टी से निकालने की मांग
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के चार नेताओं ने सोनिया गांधी पत्र लिखकर आग्रह किया कि राज्य सरकार के मंत्री राणा गुरजीत सिंह को कांग्रेस से बाहर किया जाये. वह विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को ‘कमजोर’ कर रहे हैं. कांग्रेस ने गुरजीत को कपूरथला विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है. गुरजीत के पुत्र राणा इंदर प्रताप सिंह ने कपूरथला जिले की सुल्तानपुर लोधी विधानसभा सीट से बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है.
तृणमूल ने गोवा में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की
तृणमूल कांग्रेस ने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. राज्यसभा सदस्य लुईजिन्हो फलेरियो को फतोर्दा विधानसभा सीट से टिकट की गयी है. यहां से फिलहाल गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई विधायक हैं. जीएफपी के पूर्व नेताओं किरन कंदोल्कर और जगदीश भोबे राज्य के अल्दोना और संत आंद्रे सीटों से चुनाव लड़ेंगे. गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ बेनौलिम और उनकी बेटी वलांका को नवेलिम सीटों से टिकट दी गयी है.
मोदी को घेरने के लिए चुनावी राज्यों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने किसानों की ‘बदहाली’, बेरोजगारी, आर्थिक तंगी, महंगाई और आंतरिक सुरक्षा की स्थिति प्रमुख मुद्दों पर नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के लिए बुधवार से चुनावी राज्यों में संवाददाता सम्मेलनों का आयोजन करेगी. पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा के अनुसार, इस कड़ी में सबसे पहले बुधवार को कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के अलग-अलग शहरों में किसानों से जुड़े विषयों पर मीडिया से बात करेंगे.
उत्तर प्रदेश में 22 करोड़ की शराब व मादक पदार्थ जब्त
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लागू आचार संहिता के अनुपालन के तहत करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य की शराब तथा अन्य मादक पदार्थ जब्त किये गये हैं. प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए की जा रही कार्रवाई के तहत प्रदेश में अब तक 8.27 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 3,63,788 लीटर शराब जब्त की गयी है. 13.68 करोड़ से अधिक मूल्य का 4820 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया गया है.
पंजाब के 2 डीसी, 8 एसएसपी का तबादला
पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग ने राज्य के दो डिप्टी कमिश्नकर सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं 8 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) का तबादला कर दिया है. पंजाब के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यालय से यह जानकारी दी गयी है.
ममता बनर्जी 8 फरवरी को यूपी का दौरा करेंगी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 8 फरवरी को उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगी. टीएमसी सुप्रीमो समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात भी करेंगी. सपा के उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा है कि टीएमसी यूपी में चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं है. उन्होंने बताया कि लखनऊ और वाराणसी में ममता बनर्जी की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए