ePaper

शेयर बाजार ने गिरकर साल 2024 को कहा अलविदा! पूरे साल में 8% से अधिक उछले सेंसेक्स-निफ्टी

Updated at : 31 Dec 2024 7:10 PM (IST)
विज्ञापन
Stock Market

फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले बाजार में उछाल, आईटी और बैंकिंग शेयरों में बढ़त

Stock Market Look Back: घरेलू बाजार में वर्ष 2024 का समापन गिरावट के साथ हुआ. हालांकि, इस साल सेंसेक्स कुल 5,898.75 अंक यानी 8.16% उछला, जबकि निफ्टी में 1,913.4 अंक यानी 8.80% की तेजी रही है. सेंसेक्स ने इस साल 27 सितंबर को 85,978.25 के अपने रिकॉर्ड शिखर को छुआ था.

विज्ञापन

Stock Market Look Back: शेयर बाजार ने गिरावट के साथ साल 2024 को अलविदा कर दिया. साल के आखिरी महीने दिसंबर के अंतिम सप्ताह में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी का जोर रहा. सेंसेक्स में 109 अंकों की गिरावट रही, जबकि निफ्टी लगभग स्थिर रहा. बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 109.12 अंक यानी 0.14% गिरकर 78,139.01 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 687.34 अंक गिरकर 77,560.79 पर आ गया था. हालांकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी शुरुआती गिरावट से काफी हद तक उबरने में सफल रहा और अंत में 0.10 अंक की मामूली गिरावट के साथ 23,644.80 पर बंद हुआ.

5,898.75 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी में 1,913.4 अंकों की तेजी

घरेलू शेयर बाजार में वर्ष 2024 का समापन गिरावट के साथ हुआ. हालांकि, इस साल सेंसेक्स कुल 5,898.75 अंक यानी 8.16% उछला, जबकि निफ्टी में 1,913.4 अंक यानी 8.80% की तेजी रही है. सेंसेक्स ने इस साल 27 सितंबर को 85,978.25 के अपने रिकॉर्ड शिखर को छुआ था. निफ्टी भी उस दिन 26,277.35 के अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था. हालांकि उसके बाद दोनों ही सूचकांकों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा.

77.66 लाख करोड़ बढ़ी निवेशकों की पूंजी

तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद इस साल निवेशकों की पूंजी में 77.66 लाख करोड़ रुपये का जोरदार उछाल आया. बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का सम्मिलित रूप से बाजार पूंजीकरण 4,41,95,106.44 करोड़ रुपये (5.16 लाख करोड़ डॉलर) हो गया. मंगलवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टेक महिंद्रा, जोमैटो, टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में गिरावट रही. दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा मोटर्स के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए.

डॉलर की मजबूती से थमी शेयर बाजार की तेजी

जियोजीत फाइनेंशियल र्सिवसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “साल का अंतिम दिन हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ. नकारात्मक वैश्विक संकेतों और डॉलर में मजबूती के बीच घरेलू बाजार में तेजी का दौर थमा हुआ है.” नायर ने कहा, “विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय बाजार से निकासी करने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से रुपये पर दबाव बना हुआ है और कारोबारी धारणा कमजोर हुई है. आने वाले समय में बाजार की नजर तीसरी तिमाही के नतीजों और आगामी बजट पर केंद्रित रहने की उम्मीद है.”

स्मॉलकैप और मिडकैप सूचकांकों में बढ़त

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,893.16 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की. हालांकि] छोटी कंपनियों के बीएसई स्मालकैप सूचकांक में 0.71% और मझोली कंपनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.13% की तेजी रही.

इसे भी पढ़ें: Stock Market Close: साल के आखिरी दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 109 अंक गिरा

चुनौतियों के बीच शेयर बाजार ने दिया मुनाफा

मेहता इक्विटीज लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, “वर्ष 2024 बाजारों के लिए चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद मुनाफा देने वाला साल रहा है. जनवरी से सितंबर तक निफ्टी लगातार बढ़ते हुए ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया था लेकिन बाद में अपनी कुछ बढ़त गंवा बैठा.” एशिया के अन्य बाजारों में चीन के शंघाई कंपोजिट में गिरावट रही जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ. वहीं जापान और दक्षिण कोरिया के बाजार नए साल की छुट्टियों के कारण बंद रहे.

इसे भी पढ़ें: Rupees: रुपये में रिकॉर्डतोड़ गिरावट, सबसे निचले स्तर 85.65 प्रति डॉलर पर हुआ बंद

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola