ePaper

शंख में लग गया पंख, लखनऊ समेत छह शहरों के लिए भरेगी उड़ान

Updated at : 08 Jul 2025 10:18 PM (IST)
विज्ञापन
Shankh Air

Shankh Air

Shankh Air: उत्तर प्रदेश की नई विमानन कंपनी शंख एयर लखनऊ से वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, चित्रकूट, इंदौर और देहरादून के लिए उड़ानें शुरू करने जा रही है. कंपनी एयरबस ए320 विमानों से सेवाएं देगी और फिलहाल डीजीसीए से उड़ान मंजूरी का इंतजार कर रही है. चेयरमैन श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मुलाकात कर योजनाओं पर चर्चा की है. शंख एयर का उद्देश्य वंचित क्षेत्रों को जोड़ना, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देना है.

विज्ञापन

Shankh Air: उत्तर प्रदेश की नई घरेलू विमानन कंपनी शंख एयर जल्द ही अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है. कंपनी की योजना लखनऊ से आरंभिक चरण में छह प्रमुख शहरों को जोड़ने की है. इन शहरों में लखनऊ के अलावा वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, चित्रकूट, इंदौर और देहरादून शामिल हैं. कंपनी ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से उड़ान संचालन की मंजूरी के लिए आवेदन कर दिया है और स्वीकृति की प्रतीक्षा कर रही है.

एयरबस ए320 से होगा परिचालन

शंख एयर ने अपनी सेवाओं के लिए पारंपरिक टर्बोप्रॉप विमानों के स्थान पर नैरो-बॉडी एयरबस ए320 विमान पट्टे पर लेने की योजना बनाई है. यह एक बड़ा और महत्त्वाकांक्षी कदम है, क्योंकि क्षेत्रीय उड़ानों में आमतौर पर छोटे विमानों का इस्तेमाल किया जाता है. ए320 जैसे विमानों का चयन यात्रियों को अधिक सुविधा और बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा.

केंद्रीय मंत्री से हुई मुलाकात

शंख एयर के चेयरमैन श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कंपनी की सेवाएं शुरू करने और भारत के क्षेत्रीय हवाई संपर्क लक्ष्यों को समर्थन देने के संभावित अवसरों पर चर्चा की. उन्होंने कहा, “हम नीति निर्माताओं के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं, ताकि हमारी योजनाएं देश के विमानन लक्ष्यों से मेल खाएं.”

वंचित क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ

कंपनी का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के पिछड़े और वंचित क्षेत्रों को हवाई सेवा से जोड़ना है. शंख एयर स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में काम करेगी. कंपनी का जोर इस बात पर है कि उसका विस्तार सरकारी प्राथमिकताओं और क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अनुरूप हो.

इसे भी पढ़ें: RBI Auction: सरकारी सिक्योरिटीज को लूट लेने का आ रहा बेहतरीन मौका, आरबीआई करेगा सबसे बड़ी नीलामी

उड़ान की प्रतीक्षा में शंख एयर

हालांकि, शंख एयर को डीजीसीए से अंतिम स्वीकृति मिलनी बाकी है, लेकिन कंपनी की तैयारियां और योजनाएं यह संकेत देती हैं कि यह उत्तर भारत में एक मजबूत क्षेत्रीय हवाई नेटवर्क की नींव रखने वाली है. अब देखना है कि यह ‘शंख’ कब ‘पंख’ लेकर उड़ान भरता है.

इसे भी पढ़ें: 32.39 करोड़ कर्मचारियों के पीएफ खातों में आ गया ब्याज का पैसा, आपका आया क्या?

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola