मुर्गी पालन शुरू करना है? सरकार देगी 25 लाख तक की सब्सिडी, जानें आवेदन का पूरा तरीका
मुर्गी पालन (सांकेतिक तस्वीर)
अगर आप गांव में मुर्गी पालन शुरू करना चाहते हैं, तो बैंक लोन और सरकारी योजनाओं की मदद ले सकते हैं. नेशनल लाइवस्टॉक मिशन के तहत सब्सिडी का प्रावधान है. जानें कैसे करें आवेदन और पाएं वित्तीय सहायता.
अगर आप गांव में मुर्गी पालन शुरू करके कमाई करना चाहते हैं तो इसके लिए बैंक लोन के साथ सरकारी योजनाओं की मदद भी ली जा सकती है. केंद्र सरकार की National Livestock Mission (NLM) में ग्रामीण पोल्ट्री व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सहायता का प्रावधान है. वहीं, NABARD के मॉडल प्रोजेक्ट के मुताबिक बैंक मुर्गी पालन के लिए शेड बनाने, उपकरण खरीदने, चूजों, चारे, दवाइयों और शुरुआती कार्यशील पूंजी जैसी जरूरतों के लिए वित्तीय सहायता दे सकते हैं.
मुर्गी पालन के लिए कितनी सरकारी सब्सिडी मिल सकती है?
पशुपालन और डेयरी विभाग के मुताबिक नेशनल लाइवस्टॉक मिशन के तहत रूरल पोल्ट्री एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा दिया जाता है. इसके तहत व्यक्ति, सेल्फ हेल्प ग्रुप (एसएचजी), फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एफपीओ), फार्मर कोऑपरेटिव ऑर्गनाइजेशन (एफसीओ), जॉइंट लायबिलिटी ग्रुप (जेएलजी) और सेक्शन 8 कंपनी जैसी पात्र इकाइयां ग्रामीण पोल्ट्री से जुड़ी परियोजनाओं के लिए आवेदन कर सकती हैं.
एनएलएम के ग्रामीण पोल्ट्री घटक में पैरेंट फार्म, रूरल हैचरी और ब्रूडर-कम-मदर यूनिट जैसी परियोजनाओं के लिए कुल परियोजना लागत की 50 फीसदी तक कैपिटल सब्सिडी का प्रावधान है. इस घटक में अधिकतम सब्सिडी 25 लाख रुपये प्रति यूनिट तक है. बाकी राशि बैंक लोन या स्वयं के संसाधनों से जुटानी होती है.
बैंक से मुर्गी पालन के लिए किस तरह का लोन मिल सकता है?
NABARD के मॉडल बैंक योग्य प्रोजेक्ट के अनुसार, बैंक मुर्गी पालन के लिए अलग-अलग जरूरतों पर वित्तीय सहायता दे सकते हैं. इसमें पोल्ट्री शेड, फीड स्टोर, उपकरण, बिजली-पानी की व्यवस्था, चूजों या तैयार पक्षियों की खरीद और शुरुआती महीनों के चारे, दवाइयों तथा पशु चिकित्सा खर्च जैसी जरूरतें शामिल हो सकती हैं. बड़े प्रोजेक्ट के लिए बैंक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) मांग सकते हैं.
ये भी पढ़ें: Credit Card से खर्च करने पर बचेंगे पैसे, IDFC FIRST Bank ने हटाया Forex Markup Fee
आवेदन कैसे करें?
NLM की आधिकारिक वेबसाइट पर NLM-EDP के जरिए योजना से संबंधित आवेदन और परियोजना प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध है. जिसके अनुसार मुर्गी पालन के लिए सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने के लिए सबसे पहले अपनी परियोजना की योजना और प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करनी होगी. इसके बाद एनएलएम-ईडीपी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. आवेदन में परियोजना की लागत, प्रस्तावित यूनिट और जरूरी दस्तावेज की जानकारी देनी होती है. अगर बैंक लोन लेना है, तो प्रोजेक्ट रिपोर्ट बैंक में भी जमा करनी होगी. विभाग और बैंक की जांच के बाद पात्र परियोजना को मंजूरी मिलने पर योजना के नियमों के अनुसार सब्सिडी दी जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए