ये हिसाब-किताब समझ लिया, तो किरायेदार और मकान मालिक के बीच कभी नहीं होंगे झगड़े

अब रेंट पर घर लेना-देना हुआ 'टेंशन फ्री' (फोटो-Canva)
Rental Rules: भारत में घर किराए पर लेना हमेशा से एक सिरदर्द रहा है, किरायेदार भारी डिपॉजिट और अचानक बढ़ते किराए से परेशान रहते हैं, तो मकान मालिक समय पर पैसा न मिलने या कब्जा होने के डर से. लेकिन अब Model Tenancy Act (आदर्श किराया कानून), 2021 के आने से खेल बदलने वाला है.
Rental Rules: भारत में घर किराए पर लेना हमेशा से थोड़ा झंझट वाला काम रहा है. किराएदारों को ज्यादा सिक्योरिटी डिपॉजिट और अचानक किराया बढ़ने की शिकायत रहती थी, वहीं मकान मालिकों को किराया समय पर न मिलने और घर खाली कराने में सालों लगने की परेशानी होती थी. ज्यादातर मामलों में ये रिश्ता भरोसे, मौखिक समझौते और अधूरे नियमों पर चलता था.
लेकिन अब ये पूरा सिस्टम धीरे-धीरे बदल रहा है. Model Tenancy Act, 2021 के आधार पर एक नया रेंटल फ्रेमवर्क लाया जा रहा है, जिसका मकसद किराए के सिस्टम को साफ, पारदर्शी और संतुलित बनाना है, ताकि किराएदार और मकान मालिक दोनों के अधिकार सुरक्षित रहें.
क्या बदला है अब ?
सबसे बड़ा बदलाव ये है कि अब किराए का सिस्टम अनौपचारिक से औपचारिक हो रहा है. पहले कई बार बिना लिखित एग्रीमेंट या सिर्फ 11 महीने के कॉन्ट्रैक्ट पर ही घर दे दिया जाता था, जिसे रजिस्टर भी नहीं कराया जाता था. अब नए नियमों के तहत लिखित एग्रीमेंट जरूरी है और उसे तय समय के अंदर Rent Authority के पास रजिस्टर कराना होगा. इससे दोनों पक्षों के बीच साफ-साफ शर्तें तय होंगी और विवाद की गुंजाइश कम होगी.
सिक्योरिटी डिपॉजिट और जिम्मेदारियां
नए नियमों में सिक्योरिटी डिपॉजिट की लिमिट भी तय कर दी गई है. रिहायशी मकानों के लिए ज्यादा से ज्यादा 2 महीने का किराया और कमर्शियल प्रॉपर्टी के लिए 6 महीने का किराया साथ ही, मकान की मरम्मत और रख-रखाव की जिम्मेदारियां भी साफ कर दी गई हैं. कौन सा काम मकान मालिक करेगा और कौन सा किराएदार. इसके अलावा, फोर्स मेज्योर (जैसे प्राकृतिक आपदा) जैसी स्थितियों में भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं.
किराएदार और मकान मालिक: दोनों को फायदा
इस कानून का मकसद सिर्फ किराएदार को ही नहीं, बल्कि मकान मालिक को भी सुरक्षा देना है.
किराएदारों के लिए
- बिना वजह किराया नहीं बढ़ाया जा सकता.
- एग्रीमेंट में किराया, अवधि और शर्तें साफ लिखी होंगी.
- अचानक घर खाली करने का दबाव नहीं बनाया जा सकता.
मकान मालिकों के लिए
- किराया न देने वाले किराएदार के खिलाफ कार्रवाई आसान.
- एग्रीमेंट खत्म होने के बाद अगर किराएदार नहीं जाता, तो ज्यादा किराया (4 गुना तक) लिया जा सकता है.
- अपनी प्रॉपर्टी वापस पाने का अधिकार मजबूत हुआ है.

अब बेदखली (Eviction) के नियम साफ
पहले कई राज्यों में पुराने कानून किराएदार के पक्ष में ज्यादा झुके हुए थे, जिससे मकान मालिकों को दिक्कत होती थी. अब नए फ्रेमवर्क में साफ कर दिया गया है कि किन हालात में किराएदार को निकाला जा सकता है, जैसे:
- किराया न देना
- प्रॉपर्टी का गलत इस्तेमाल
- बिना इजाजत सबलेट करना
- घर को नुकसान पहुंचाना
- अवैध बदलाव करना
इसके अलावा, अगर मकान की बड़ी मरम्मत या पुनर्निर्माण करना हो, तब भी बेदखली की इजाजत दी जा सकती है, लेकिन सब कुछ कानूनी प्रक्रिया के तहत होगा.
किराया बढ़ाने के नियम
अब मकान मालिक मनमर्जी से किराया नहीं बढ़ा सकता. किराया बढ़ाने की शर्त एग्रीमेंट में पहले से लिखी होनी चाहिए. किराएदार को पहले से नोटिस देना जरूरी है और अगर किराएदार को बढ़ोतरी पर आपत्ति है, तो वो मामला Rent Authority के पास ले जा सकता है.
हर राज्य में नियम अलग हो सकते हैं
ध्यान देने वाली बात ये है कि जमीन से जुड़े कानून राज्यों के अधिकार में आते हैं. इसलिए हर राज्य इसे अपने तरीके से लागू करेगा. जैसे Maharashtra Rent Control Act अभी महाराष्ट्र में लागू है, जहां ‘पगड़ी सिस्टम’ और leave & licence जैसे मॉडल पहले से चलते हैं. खासकर मुंबई जैसे शहरों में ज्यादातर एग्रीमेंट पहले से रजिस्टर होते हैं. इसलिए नए कानून का असर हर राज्य में अलग-अलग दिख सकता है.
आखिर इसका मतलब क्या है?
कुल मिलाकर, ये नया सिस्टम किराए के बाजार को ज्यादा व्यवस्थित बनाने की कोशिश है.
- किराएदारों को ज्यादा सुरक्षा और स्पष्ट नियम मिलेंगे
- मकान मालिकों को अपने हक के लिए मजबूत कानूनी सहारा मिलेगा
- और दोनों के बीच होने वाले झगड़े कम होने की उम्मीद है
Also Read: यमुना की सफाई पर ‘VIP’ नजर, दिल्ली सरकार खरीदने जा रही है 6 करोड़ की आलीशान AC नावें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhishek Pandey
अभिषेक पाण्डेय पिछले 2 वर्षों से प्रभात खबर (Prabhat Khabar) में डिजिटल जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता के प्रतिष्ठित संस्थान 'दादा माखनलाल की बगिया' यानी माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल (MCU) से मीडिया की बारीकियां सीखीं और अपनी शैक्षणिक योग्यता पूरी की है। अभिषेक को वित्तीय जगत (Financial Sector) और बाजार की गहरी समझ है। वे नियमित रूप से स्टॉक मार्केट (Stock Market), पर्सनल फाइनेंस, बजट और बैंकिंग जैसे जटिल विषयों पर गहन शोध के साथ विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं। इसके अतिरिक्त, इंडस्ट्री न्यूज, MSME सेक्टर, एग्रीकल्चर (कृषि) और केंद्र व राज्य सरकार की सरकारी योजनाओं (Sarkari Yojana) का प्रभावी विश्लेषण उनके लेखन के मुख्य क्षेत्र हैं। आम जनमानस से जुड़ी यूटिलिटी (Utility) खबरों और प्रेरणादायक सक्सेस स्टोरीज को पाठकों तक पहुँचाने में उनकी विशेष रुचि है। तथ्यों की सटीकता और सरल भाषा अभिषेक के लेखन की पहचान है, जिसका उद्देश्य पाठकों को हर महत्वपूर्ण बदलाव के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




