शेयर मार्केट में लौटी हरियाली, इंडिगो और कोफोर्ज के शेयरों में लगी लॉटरी

Indian Stock Market 6 May 2026 (Photo: Freepik)
Indian Stock Market 6 May 2026: घरेलू शेयर बाजार आज हरे निशान पर कारोबार कर रहा है. एशियाई बाजारों की तेजी और सस्ते तेल से निवेशकों में उत्साह है. जानिए किन शेयरों ने आज बाजार में बाजी मारी है.
Indian Stock Market 6 May 2026: आज बुधवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए खुशहाली लेकर आई. घरेलू बाजार खुलते ही हरे निशान पर ट्रेड करते दिखे. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 518 अंकों की बढ़त के साथ 77,536 पर खुला, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 भी 186 अंक चढ़कर 24,218 के स्तर पर पहुंच गया. बाजार की इस तेजी के पीछे एशियाई बाजारों का सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को मुख्य वजह माना जा रहा है.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट क्यों आई?
ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम गिरकर 108 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गए हैं. इस गिरावट का बड़ा क्रेडिट अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान को जाता है, जिसमें उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद जताई है. ट्रंप ने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को भी फिलहाल रोक दिया है, जिससे खाड़ी देशों में तनाव कम होने की संभावना बढ़ गई है. तेल सस्ता होने से भारतीय अर्थव्यवस्था को राहत मिलती है, जिसका सीधा असर शेयर बाजार पर दिख रहा है.
कौन से शेयर्स ने मारी बाजी और कौन पिछड़े?
बाजार खुलते ही कुछ कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखी गई. इंडिगो के शेयर 3.19% तक उछल गए, जबकि एम एंड एम, ट्रेंट और बजाज फाइनेंस में भी अच्छी तेजी रही. मिडकैप सेगमेंट में कोफोर्ज करीब 8% की बढ़त के साथ टॉप पर रहा. दूसरी ओर, लार्सन एंड टुब्रो (एलटी) में 3.5% की गिरावट देखी गई. इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर और ओएनजीसी के शेयरों में भी मामूली सुस्ती दर्ज की गई.
क्या बाजार की यह तेजी बनी रहेगी?
विशेषज्ञों का मानना है कि अभी सावधानी बरतने की जरूरत है. जहां एक तरफ घरेलू निवेशक (DII) बाजार को सपोर्ट कर रहे हैं, वहीं विदेशी निवेशक (FII) लगातार बिकवाली कर रहे हैं. 5 मई को विदेशी निवेशकों ने 3,621 करोड़ रुपये की संपत्ति बेची. इसके अलावा, 8 मई को होने वाली अमेरिका-ईरान युद्ध विराम की समीक्षा बाजार की अगली दिशा तय करेगी. अगर तनाव दोबारा बढ़ा, तो मौजूदा बढ़त खतरे में पड़ सकती है. फिलहाल निवेशकों की नजरें अमेरिका के रोजगार आंकड़ों (NFP) पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Sona Chandi Bhav: लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना, जानें चांदी का हाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










