ePaper

सोना फिर हो गया महंगा, चांदी भी 1000 रुपये चढ़ी, जानें आज का ताजा भाव

Updated at : 17 Oct 2024 9:05 AM (IST)
विज्ञापन
सोना फिर हो गया महंगा, चांदी भी 1000 रुपये चढ़ी, जानें आज का ताजा भाव

Today gold rate in india

Gold Rate: सर्राफा बाजार के कारोबारियों का कहना है कि जौहरियों की मजबूत मांग की वजह से स्थानीय बाजार में सोने की कीमत में बढ़ोतरी आ गई. इसके अलावा, शेयर बाजारों में गिरावट से भी सोने में तेजी को बल मिला.

विज्ञापन

Gold Rate: दिवाली के मौके पर सोने की खरीद करने का प्लान बनाने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है. बहुमूल्य पीली धातु सोना एक बार फिर अपने रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है. इस वजह से सोने के गहने खरीदना महंगा हो गया है. ऑल इंडिया बुलियन एसोसिएशन (एआईबीए) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जौहरियों की ओर से लिवाली बढ़ा दिए जाने की वजह से बुधवार 16 अक्टूबर 2024 को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 250 रुपये की तेजी के साथ 78,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने रिकॉर्ड स्तर ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया है. इससे पहले मंगलवार को सोना 78,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ताजा लिवाली के कारण चांदी भी 1,000 रुपये उछलकर 93,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. मंगलवार को यह 92,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. इस बीच, 99.5% प्योर सोना 250 रुपये उछलकर 78,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि पिछला बंद भाव 78,250 रुपये प्रति 10 ग्राम था.

शेयर बाजार की गिरावट से सोना हुआ मजबूत

सर्राफा बाजार के कारोबारियों का कहना है कि जौहरियों की मजबूत मांग की वजह से स्थानीय बाजार में सोने की कीमत में बढ़ोतरी आ गई. इसके अलावा, शेयर बाजारों में गिरावट से भी सोने में तेजी को बल मिला, क्योंकि निवेशकों ने सोने जैसी सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों में पैसा लगाना शुरू कर दिया. एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष जतीन त्रिवेदी ने कहा कि एमसीएक्स में तेजी के साथ सोने की कीमतें ऊंची रहीं, जबकि कॉमेक्स सोना 2,675 डॉलर से ऊपर कारोबार कर रहा था.

सटोरियों की लिवाली से वायदा बाजार में सोना चढ़ा

मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों की ओर से ताजा सौदों की लिवाली किए जाने से वायदा कारोबार में सोने की कीमत 380 रुपये की तेजी के साथ 76,740 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर महीने की डिलीवरी वाले अनुबंध का भाव 380 रुपये यानी 0.5% की तेजी के साथ 76,740 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. इसमें 14,873 लॉट का कारोबार हुआ. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.53% की गिरावट के साथ 2,676.57 डॉलर प्रति औंस हो गया.

इसे भी पढ़ें: किसानों को मोदी सरकार का तोहफा, रबी फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी

हाजिर मांग बढ़ने से वायदा बाजार में चांदी चमकी

मजबूत हाजिर मांग के बीच कारोबारियों की ओर से सौदों का आकार बढ़ाने से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 550 रुपये की तेजी के साथ 92,173 रुपये प्रति किग्रा हो गई. एमसीएक्स चांदी के दिसंबर महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 550 रुपये यानी 0.6% की तेजी के साथ 92,173 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. इसमें 26,829 लॉट का कारोबार हुआ. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.93% की तेजी के साथ 31.79 डॉलर प्रति औंस हो गई.

इसे भी पढ़ें: अमीरी में उलट-फेर का शिकार हुए मुकेश अंबानी, रईसी में लगी बड़ी चपत

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola