Gold Rate: भीषण गर्मी में पिघल गया सोना, चांदी का चेहरा पड़ गया फीका

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :14 Jun 2024 8:29 AM (IST)
विज्ञापन
Gold Rate: भीषण गर्मी में पिघल गया सोना, चांदी का चेहरा पड़ गया फीका

सोना चांदी के भाव में गिरावट. फाइल फोटो.

Gold Rate: अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की ओर से इस साल सिर्फ एक बार ब्याज दर में कटौती करने का संकेत देने के बाद सोने ने अपनी बढ़त गंवा दी. अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,313 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था.

विज्ञापन

Gold Rate: अंतराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी और भीषण गर्मी की वजह से भारत में सोना पिघल गया. वहीं, इस तपिश में चांदी का चेहरा भी फीका पड़ गया. एचडीएफसी सिक्योरिटीज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 50 रुपये की गिरावट के साथ 72,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. हालांकि, बुधवार के कारोबारी सत्र में सोना 72,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी की कीमत भी 550 रुपये लुढ़ककर 90,950 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई. बुधवार के सत्र में यह 91,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.

फेडरल रिजर्व के संकेत से सोना हुआ कमजोर

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा कि दिल्ली के बाजारों में 24 कैरेट वाले हाजिर सोने की कीमतें 72,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही हैं, जो पिछले बंद भाव से 50 रुपये की गिरावट है. अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,313 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से दो डॉलर कम है. चांदी की कीमत मामूली गिरावट के साथ 29.30 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 29.35 डॉलर प्रति औंस पर थी. उन्होंने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की ओर से इस साल सिर्फ एक बार ब्याज दर में कटौती करने का संकेत देने के बाद सोने ने अपनी बढ़त गंवा दी और यह गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है.

वायदा कारोबार में भी सोना गिरा

कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को घटा दिया, जिससे वायदा कारोबार में गुरुवार को सोने की कीमत 468 रुपये की गिरावट के साथ 71,502 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अगस्त माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 468 रुपये यानी 0.65 फीसदी की गिरावट के साथ 71,502 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. इसमें 14,896 लॉट का कारोबार हुआ. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1.01 फीसदी की गिरावट के साथ 2,330.90 डॉलर प्रति औंस रह गया. बाजार विश्लेषकों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के कारण सोना वायदा कीमतों में गिरावट आई.

और पढ़ें: हेलमेट से हटाई जाए जीएसटी, आईआरएफ ने की सरकार से मांग

वायदा बाजार में चांदी की चमक फीकी

कमजोर हाजिर मांग के बीच कारोबारियों की ओर से अपने सौदों का आकार घटाने से गुरुवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 1,652 रुपये की गिरावट के साथ 88,793 रुपये प्रति किग्रा रह गई. एमसीएक्स में चांदी के जुलाई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 1,652 रुपये यानी 1.83 फीसदी की गिरावट के साथ 88,793 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. इसमें 20,767 लॉट का कारोबार हुआ. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 2.95 फीसदी के नुकसान के साथ 29.37 डॉलर प्रति औंस रह गई.

और पढ़ें: फेडरल रिजर्व ने ब्याज दर में नहीं किया कोई बदलाव, कटौती करने में क्यों सता रहा है डर?

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola