ePaper

शेयर बाजार का बवंडर देख सहम गया सोना, हिम्मत बांधी रही चांदी

Updated at : 04 May 2024 9:05 AM (IST)
विज्ञापन
Gold-Silver Price

Gold-Silver Price

Gold Price Today: दिल्ली के सर्राफा बाजार में कमजोर होने के बाद वायदा बाजार में भी फिसलकर सोना गिर गया. हालांकि, बाजार के इस बवंडर में चांदी ने खुद को संभालते हुए अपनी चमक को स्थिर रखने में कामयाबी हासिल की.

विज्ञापन

Gold Price Today: सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार 3 मई 2024 को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली की वजह से मचे हाहाकार को देखकर प्रमुख पीला धातु सोना बेचारा सहम गया और घबराहट में 350 रुपये प्रति 10 ग्राम गिर गया. हालांकि, बाजार के इस बवंडर में चांदी ने खुद को संभालते हुए अपनी चमक को स्थिर रखने में कामयाबी हासिल की. शुक्रवार को इसकी कीमत 83,500 रुपये प्रति किलो के स्तर पर स्थिर रही.

दिल्ली में सोना हुआ सस्ता

एचडीएफसी सिक्योरिटीज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ग्लोबल मार्केट में कमजोर रुख के चलते भारत की राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना की कीमत में 350 रुपये की गिरावट के साथ 72,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. हालांकि, गुरुवार को यह 72,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. हालांकि, चांदी की कीमत अपने पुराने स्तर 83,500 रुपये प्रति किलो पर स्थिर रही. हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (जिंस बाजार) में हाजिर सोना 2,297 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जो पिछले बंद भाव से सात डॉलर कम है.

वायदा बाजार में भी फिसला सोना

दिल्ली के सर्राफा बाजार में कमजोर होने के बाद वायदा बाजार में भी फिसलकर सोना गिर गया. कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को घटा दिया, जिसके चलते वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोने की कीमत 100 रुपये की गिरावट के साथ 70,636 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 100 रुपये की गिरावट के साथ 70,636 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. इसमें 17,808 लॉट का कारोबार हुआ. बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कमजोर वैश्विक संकेतों तथा ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली के कारण सोना वायदा कीमतों में गिरावट आई. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,308.40 डॉलर प्रति औंस रह गया.

वायदा बाजार में चांदी पड़ गई फीकी

हालांकि, दिल्ली के सर्राफा बाजार में खुद को स्थिर रखने के बाद वायदा बाजार में चांदी की चमक फीकी पड़ गई. कमजोर हाजिर मांग के बीच कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से शुक्रवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 113 रुपये की गिरावट के साथ 81,250 रुपये प्रति किग्रा रह गई. मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के जुलाई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 113 रुपये यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,250 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. इसमें 23,961 लॉट का कारोबार हुआ. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.15 प्रतिशत की हानि के साथ 26.79 डॉलर प्रति औंस रह गई.

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

इन दोनों बहुमूल्य धातुओं की कीमतों को लेकर एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशों में नरमी के रुख के बीच दिल्ली में हाजिर सोना (24 कैरेट) 72,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 350 रुपये कम है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में कटौती में अभी समय लगने की चिंता के कारण शुक्रवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई. ब्याज दर में कमी में देरी का कारण मुद्रास्फीति जोखिम का बरकरार रहना है. उन्होंने कहा कि इसके अलावा, इजराइल और हमास के बीच संभावित युद्ध विराम के बाद निवेश के लिए सुरक्षित पनाहगाह माने जाने वाली परिसंपत्ति में गिरावट जारी है. वहीं, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा कि आंकड़ों के मोर्चे पर अमेरिकी उपभोक्ता विश्वास उम्मीद से कम रहा, जबकि अमेरिकी साप्ताहिक बेरोजगारी दावे और कारखाना ऑर्डर अधिक रहे. इससे सर्राफा कीमतों पर दबाव पड़ा.

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola