Business News Live: प्रॉक्टर एंड गैंबल का अप्रैल-जून तिमाही का मुनाफा 27 प्रतिशत घटकर 30 करोड़ रुपये पहुंचा

Updated:
विज्ञापन

Business News Live: ग्लोबल मार्केट में मजबूत संकेतों के बीच आज बाजार में अच्छा कारोबार हो सकता है. बुधवार को लगातार तीसरे दिन तेजी जारी रही थी. बैंक शेयरों में लिवाली और यूरोपीय शेयर बाजारों में शुरुआती बढ़त से बीएसई सेंसेक्स 213 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 19,400 अंक के पार पहुंच गया. बीएसई सेंसेक्स 213.27 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 65,433.30 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 284.68 अंक तक चढ़ गया था. जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 47.55 अंक यानी 0.25 प्रतिशत के लाभ के साथ 19,444 अंक पर बंद हुआ. तीन दिनों में सेंसेक्स 484.64 और निफ्टी 133.85 अंक मजबूत हुए.

विज्ञापन

प्रॉक्टर एंड गैंबल का अप्रैल-जून तिमाही का मुनाफा 27 प्रतिशत घटकर 30 करोड़ रुपये पहुंचा

प्रॉक्टर एंड गैंबल हेल्थ का अप्रैल-जून तिमाही का शुद्ध लाभ 27 प्रतिशत घटकर 30 करोड़ रुपये रह गया है. सामग्री की ऊंची लागत और कर्मचारियों पर एकमुश्त लागत के कारण कंपनी का मुनाफा घटा है. कंपनी का पिछले साल की समान तिमाही में शुद्ध लाभ 41 करोड़ रुपये था. कंपनी जुलाई-जून वित्त वर्ष का अनुसरण करती है. प्रॉक्टर एंड गैंबल हेल्थ की ओर से जारी बयान के अनुसार, 30 जून, 2023 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 307 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 299 करोड़ रुपये था. समीक्षाधीन अवधि में कंपनी की कुल आय बढ़कर 1,248 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 1,128 करोड़ रुपये थी. कंपनी के प्रबंध निदेशक मिलिंद थाट्टे ने कहा कि हमने ब्रांड तथा श्रेणीगत विकास की दिशा में अपने प्रयास जारी रखे और इस प्रकार वित्त वर्ष में हमारे सभी ब्रांड में लगातार वृद्धि के साथ मजबूत प्रदर्शन किया.

RBI ने यूपीआई-लाइट से अब 500 रुपये तक का ऑफलाइन लेनदेन को दी मंजूरी

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इंटरनेट से वंचित या कमजोर सिग्नल वाले इलाकों में यूपीआई-लाइट वॉलेट के जरिये ऑफलाइन भुगतान की अधिकतम राशि बृहस्पतिवार को 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी. हालांकि, किसी भुगतान मंच पर यूपीआई-लाइट के जरिये अब भी कुल 2,000 रुपये की ही राशि का लेनदेन किया जा सकता है. आरबीआई ने ऑफलाइन माध्यम से छोटी राशि वाले डिजिटल भुगतान की सीमा बढ़ाने का परिपत्र जारी करते हुए कहा कि ऑफलाइन भुगतान लेनदेन की ऊपरी सीमा को बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है. इंटरनेट सुविधा से वंचित मोबाइल फोनधारकों के लिए भी ऑफलाइन भुगतान की सुविधा सितंबर, 2022 में शुरू की गई थी. इसके लिए एक नया एकीकृत भुगतान मंच यूपीआई-लाइट पेश किया गया था. हालांकि, इसमें सिर्फ 200 रुपये तक का ही लेनदेन किया जा सकता था. कुछ समय में ही यह भुगतान मंच बेसिक मोबाइल फोनधारकों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया. इस समय इसके जरिये महीने भर में एक करोड़ से भी अधिक लेनदेन होने लगे हैं. यूपीआई-लाइट का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए आरबीआई ने अगस्त की शुरुआत में एनएफसी प्रौद्योगिकी की मदद से ऑफलाइन लेनदेन की सुविधा देने का प्रस्ताव रखा था. एनएफसी के जरिये लेनदेन किए जाने पर पिन सत्यापन की जरूरत नहीं रहती है.

भारतीय बाजार ने गंवायी तेजी, BSE सेंसेक्स 180 अंक फिसला, NIFTY में भी गिरावट

भारतीय बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी तेजी आज थम गयी. बाजार की सुबह अच्छी शुरूआत हुई. मगर, दोपहर होते-होते बाजार गिरने लगा. बाजार बंद होने तक सेंसेक्स 180.96 अंक यानी 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 65,252.34 के स्तर पर और निफ्टी 57.30 अंक यानी 0.29 फीसदी की गिरावट के साथ 19386.70 के स्तर पर बंद हुआ. आज Reliance Industries, Divis Labs, ONGC, Power Grid Corp और JSW Steel निफ्टी का टॉप लूजर रहे. जबकि, BPCL, Asian Paints, IndusInd Bank, Infosys और Britannia Industries निफ्टी का टॉप गेनर रहे.

अब सेवानिवृत्ति के बाद जीवनयापन के लिए ‘बचत’ करने लगे हैं भारतीय : सर्वे

देश के लोग अब सेवानिवृत्ति के बाद जीवनयापन के लिए ‘बचत’ पर धीरे-धीरे ध्यान देने लगे हैं. हालांकि, भारत आज भी सेवानिवृत्ति कोष के मामले में पूरी तरह संरक्षित नहीं है. मैक्स लाइफ इंश्योरेंस ने एक सर्वेक्षण में यह जानकारी दी है. आंकड़ा विश्लेषक कंपनी कांतार के साथ मिलकर किए गए भारत सेवानिवृत्ति सूचकांक अध्ययन (आईआरआईएस) में सूचकांक 44 से सुधरकर 47 हो गया. इस ऑनलाइन सर्वे में देश के 28 शहरों के 2,093 लोग शामिल हुए. सर्वेक्षण में स्वास्थ्य, वित्त और भावनाओं को लेकर उत्तरदाताओं के विचारों का आकलन किया गया था. मैक्स लाइफ के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रशांत त्रिपाठी ने कहा कि लोगों ने स्वास्थ्य को महत्व देना शुरू कर दिया है और वे स्वास्थ्य बीमा और समय-समय पर जांच का सहारा ले रहे हैं, लेकिन बहुत कम लोग स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान दे रहे हैं. सर्वेक्षण के अनुसार, 44 प्रतिशत लोगों के पास स्वास्थ्य बीमा है और 58 प्रतिशत ने पिछले तीन साल में स्वास्थ्य जांच कराई है.

सुजलॉन समूह को इंटीग्रम एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर से 31.5 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजना का मिला ठेका

अक्षय ऊर्जा समाधान प्रदाता सुजलॉन समूह को इंटीग्रम एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर से 31.5 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजना का ठेका मिला है. हालांकि, कंपनी ने सौदे के मूल्य का खुलासा नहीं किया है. कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुजलॉन समूह इंटीग्रम एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड से 31.5 मेगावाट पवन ऊर्जा परियोजना का ठेका मिलने की आज घोषणा करता है. इस परियोजना के मई 2024 में शुरू होने की उम्मीद है. सुजलॉन समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जे. पी. चालासानी ने कहा कि हमें इंटीग्रम एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर से दूसरा ठेका मिलने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है. इस परियोजना से उत्पन्न बिजली का उपयोग ‘कैप्टिव’ खपत के लिए किया जाएगा, जिससे भारत में नवीकरणीय ऊर्जा की गहरी पैठ बनेगी. इंटीग्रम एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनंद लोहती ने कहा कि सुजलॉन के ‘मेड-इन-इंडिया’ (भारत निर्मित) उत्पाद ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’’ का समर्थन करने की उनकी कंपनी की विचारधारा से मेल खाते हैं.

ब्रिटेन की मंत्री ने भारत के साथ व्यापार दोगुना करने के लिए जारी किया नया अभियान

ब्रिटेन की वाणिज्य एवं व्यापार मंत्री केमी बाडेनोक ने 2030 तक भारत के साथ व्यापार को दोगुना करने के मकसद से बृहस्पतिवार को एक नया ‘अलाइव विद अपॉर्चुनिटी’ अभियान शुरू किया. यह उच्च विकास वाले क्षेत्रों में ब्रिटेन की कंपनियों के लिए लक्षित व्यापार अभियानों की एक श्रृंखला है. बाडेनोक जयपुर में जी20 व्यापार एवं निवेश की मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने और नयी दिल्ली में वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने के लिए तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं. मंत्री ने कहा कि उन्हें मौजूदा मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) वार्ता के आगे बढ़ने की उम्मीद है. अब वार्ता अपने बारहवें दौर में है. ‘अलाइव विद अपॉर्चुनिटी’ अभियान पर उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और भारत के बीच समृद्ध संबंध हैं और हम दोनों अपने सांस्कृतिक तथा व्यापारिक संबंधों को गहरा करने की आकांक्षा रखते हैं. ब्रिटेन की निवेश परियोजनाओं का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत भारत है और मुझे विश्वास है कि यह नया अभियान ब्रिटेन की वस्तुओं तथा सेवाओं में रुचि व मांग को और भी अधिक बढ़ाने में मदद करेगा.

विज्ञापन
विज्ञापन
Madhuresh Narayan

लेखक के बारे में

By Madhuresh Narayan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola