Live Updates

Business News Live: औंधे मुंह गिरा सेंसेक्स, निवेशकों के शेयर बाजार में ₹3.5 लाख करोड़ डूबे

Updated:
विज्ञापन

Business News Live: सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार के लिए आज ग्‍लोबल संकेत कमजोर नजर आ रहा है. GIFT Nifty लाल निशान में खुलाकर 19800 के नीचे फिसल गया. वहीं, जापान का निक्केई 1.3%, कोरिया का कोस्पी करीब आधे फीसदी नीचे ट्रेड कर रहे हैं. अमेरिकी वायदा बाजार में भी नरमी है. वहीं, आज सोने और चांदी के भाव में तेजी है. कच्चे तेल के दाम में भी लगातार तेजी जारी है. आज इसमें 1.03 फीसदी की बढ़त दर्ज की गयी. यह 82.21 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. आज Titan, Aditya Birla Capital, Godrej Properties, Ambuja Cements समेत कई कंपनियों के पहले तीमाही के नतीजे आने वाले हैं.

विज्ञापन

आईओबी का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 28 प्रतिशत बढ़कर 500 करोड़ रुपये

सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 28 प्रतिशत बढ़कर 500 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. डूबे कर्ज में कमी से बैंक का मुनाफा बढ़ा है. चेन्नई स्थित बैंक का शुद्ध लाभ पिछले साल की समान अवधि में 392 करोड़ रुपये था. आईओबी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि पहली तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 6,227 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5,028 करोड़ रुपये थी. समीक्षाधीन अवधि में बैंक की ब्याज आय भी बढ़कर 5,424 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 4,435 करोड़ रुपये थी.

औंधे मुंह गिरा सेंसेक्स, निवेशकों के शेयर बाजार में ₹3.5 लाख करोड़ डूबे

सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बीएसई सेंसेक्स 676.53 अंकों की भारी गिरावट के साथ 65,782.78 बंद हुआ. जबकि, एनएसई निफ्टी 207 अंक टूटकर 19,526.55 अंक पर बंद हुआ. बताया जा रहा है कि आज निवेशकों के 3.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए.

गोदरेज प्रॉपर्टीज गुरुग्राम की आवासीय परियोजना की मरम्मत पर 155 करोड़ रुपये खर्च करेगी

गोदरेज समूह की रियल स्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज हरियाणा के गुरुग्राम में अपनी पूरी हो चुकी आवासीय परियोजना ‘गोदरेज समिट’ के मरम्मत कार्य पर 155 करोड़ रुपये खर्च करेगी. कंपनी की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार, उसके निदेशक मंडल ने इमारतों में इस्तेमाल होने वाले कंक्रीट में क्लोराइड पाए जाने के बाद यह मंजूरी दी. गोदरेज प्रॉपर्टीज ने परियोजना के सभी खरीदारों से फ्लैट वापस खरीदने या किराया देने की पेशकश की है. गुरुग्राम में चिंटल पैराडिसो परियोजना में पिछले साल फरवरी में एक आवासीय टावर के आंशिक रूप से गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी. इस सोसायटी के कई टावर की संरचना में जंग लगा स्टील पाया गया था.

गोदरेज प्रॉपर्टीज का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ तीन गुना होकर 125 करोड़ रुपये पर

गोदरेज समूह की रियल स्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज का चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ करीब तीन गुना होकर 124.94 करोड़ रुपये रहा है. आमदनी बढ़ने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है. कंपनी का पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में शुद्ध लाभ 45.55 करोड़ रुपये था. गोदरेज प्रॉपर्टीज ने बुधवार को बताया कि अप्रैल-जून 2023-24 में उसकी कुल आय बढ़कर 1,265.98 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 426.40 रुपये थी. गोदरेज समूह की इकाई गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से है.

अंबुजा सीमेंट्स ने जून तिमाही में की बंपर कमाई, मुनाफा 31.2 प्रतिशत बढ़ा

अंबुजा सीमेंट्स का एकीकृत शुद्ध लाभ 30 जून 2023 को समाप्त तिमाही में 31.2 प्रतिशत बढ़कर 1,135.46 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह जानकारी देते हुए कहा कि बिक्री बढ़ने और परिचालन लागत घटने की वजह से उसका मुनाफा बढ़ा है. अंबुजा सीमेंट्स अब अडाणी समूह का हिस्सा है. कंपनी ने पिछले साल की अप्रैल-जून तिमाही में 865.44 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था.

एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज को सेबी से आईपीओ के लिए मिली हरी झंडी

एय��ोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की मंजूरी मिल गई है. स्टेनलेस स्टील के होज बनाने वाली कंपनी आईपीओ के तहत 160 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करेगी. इसके अलावा कंपनी की प्रवर्तक इकाइयां. सैट इंडस्ट्रीज और इटालिका ग्लोबल एफजेडसी 1.75 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाएंगी. आईपीओ दस्तावेजों के अनुसार, सैट इंडस्ट्रीज लिमिटेड 1.23 करोड़ शेयर और इटालिका ग्लोबल एफजेडसी 52 लाख शेयर ओएफएस के तहत रखेगी. अभी कंपनी में सैट इंडस्ट्रीज की 92.18 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि इटालिका ग्लोबल एफजेडसी के पास 6.52 प्रतिशत हिस्सेदारी है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Madhuresh Narayan

लेखक के बारे में

By Madhuresh Narayan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola