Live Updates

Business News: पूरे दिन सुस्त रहा बाजार, सेंसेक्स गिरावट के साथ 66,459.31 पर बंद, NIFTY भी लुढ़का

Updated:
विज्ञापन

Business News in Hindi: ग्लोबल मार्केट में अच्छे संकेतों के बीच सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन बाजार की शुरूआत मिलीजुली हुई है. GIFTY NIFTY जहां चौथाई प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा है. वहीं, भारतीय बाजार में BSE सेंसेक्स 93.65 अंक की गिरावट के साथ खुला, जबकि, निफ्टी 45.85 अंक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था. इधर, कच्चे तेल के घरेलू उत्पाद पर विंडफॉल टैक्स 1600 से बढ़ाकर 4250 रुपये कर दिया गया है. डीजल पर भी एक्सपोर्ट ड्यूटी लग गयी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 85 डॉलर प्रति बैरल के रेट पर पहुंच गया है.

विज्ञापन

पूरे दिन सुस्त रहा बाजार, सेंसेक्स गिरावट के साथ 66,459.31 पर बंद

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन बाजार की स्थिति सुस्त रही. बीएसई सेंसेक्स 68.36 अंक की गिरावट के साथ 66,459.31 पर बंद हुआ. जबकि, एनएसई निफ्टी 20.25 अंक टूटकर 19,733.55 अंक पर बंद हुआ. कोल इंडिया के परिणाण आने के बाद इसके शेयर में काफी तेजी आयी. Coal India +5%, NTPC +3%, Tech Mah +2.50% और HCL Tech +2% की बढ़ देखी गयी. जबकि, पावर ग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा टूटे.

जुलाई में बारिश ने घटाई डीजल की मांग, पेट्रोल की मांग बढ़ी

देश में पेट्रोल की खपत जुलाई में बढ़ी, जबकि मानसून की बारिश के कारण डीजल की मांग में गिरावट आई है. उद्योग के शुरुआती आंकड़ों से यह जानकारी मिली. आंकड़ों के अनुसार, देश में सबसे ज्यादा खपत वाले ईंधन डीजल की मांग जुलाई में सालाना आधार पर 4.3 प्रतिशत गिरकर 61.5 लाख टन रह गई. जुलाई के पहले पखवाड़े में खपत में 15 प्रतिशत की भारी गिरावट आई, लेकिन दूसरे पखवाड़े में इसमें तेजी दिखी. मानसून के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की वजह से लोगों ने अपनी यात्रा की योजना को टाल दिया. इसके अलावा कृषि क्षेत्र में भी ईंधन की मांग घट गई, जिससे डीजल की कुल मांग प्रभावित हुई है. पेट्रोल की बिक्री जुलाई में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 3.8 प्रतिशत बढ़कर 27.6 लाख टन हो गई. जुलाई के पहले पखवाड़े में खपत में 10.5 प्रतिशत की गिरावट आई थी लेकिन बाद में इसमें तेजी आई. हालांकि, बिक्री मासिक आधार पर 4.6 प्रतिशत कम रही.

मदर डेयरी का कारोबार 17 प्रतिशत बढ़कर 14,500 करोड़ रुपये हुआ

दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने बताया कि उसका कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में 17 प्रतिशत बढ़कर लगभग 14,500 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि ताजा दूध, मूल्यवर्धित डेयरी उत्पाद और खाद्य तेल सहित सभी श्रेणियों में अच्छी मांग के चलते यह वृद्धि हुई. कंपनी का कारोबार पिछले वित्त वर्ष (2021-22) में लगभग 12,500 करोड़ रुपये था. मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजीटेबल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने बताया कि कुल मिलाकर, पिछले वित्त वर्ष में वृद्धि बहुत अच्छी रही. मूल्य और मात्रा, दोनों लिहाज से हमने लगभग सभी श्रेणियों में वृद्धि की. मूल्यवर्धित डेयरी उत्पादों में वृद्धि महत्वपूर्ण थी.

कोल इंडिया का उत्पादन जुलाई में 13.4 प्रतिशत बढ़कर 5.36 करोड़ टन हुआ

कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने बताया कि जुलाई 2023 में उसका कोयला उत्पादन सालाना आधार पर 13.4 प्रतिशत बढ़कर 5.36 करोड़ टन हो गया. सीआईएल ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि पिछले साल जुलाई में उसका कोयला उत्पादन 4.73 करोड़ टन था. कंपनी ने बताया कि अप्रैल-जुलाई 2023 के दौरान उसका उत्पादन बढ़कर 22.91 करोड़ टन हो गया, जो 2022 की इसी अवधि के 20.7 करोड़ टन की तुलना में 10.7 प्रतिशत अधिक है. सीआईएल ने वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान 78 करोड़ टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य रखा है. कंपनी ने बीते वित्त वर्ष में 70.3 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया था.

हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन मुंजाल पर ईडी का छाप, शेयर 3.27 प्रतिशत गिरा

हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन मुंजाल के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी के बाद बाजार में कंपनी के शेयर में 3.27 प्रतिशत गिरावट दोपहर 1 बजे दर्ज की गयी.

जुलाई में बजाज ऑटो की बिक्री 10 फीसदी घटी, 18 प्रतिशत घटा निर्यात

बजाज ऑटो ने मंगलवार को कहा कि जुलाई में उसकी कुल बिक्री सालाना आधार पर 10 प्रतिशत घटकर 3,19,747 इकाई रह गयी. कंपनी ने जुलाई 2022 में 3,54,670 इकाइयों की बिक्री की थी. बजाज ऑटो ने एक बयान में कहा कि घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर दो प्रतिशत घटकर 1,79,263 इकाई रह गई. इस दौरान निर्यात में 18 प्रतिशत की गिरावट हुई.

विज्ञापन
विज्ञापन
Madhuresh Narayan

लेखक के बारे में

By Madhuresh Narayan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola