Business News: हरे निशान के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 152.12 अंक की बढ़त

Updated:
विज्ञापन

Share Market

Business News: कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन ग्लोबल मार्केट से कमजोर संकेत मिल रहे हैं. GIFT Nifty गिरावट के साथ खुला और 19600 के नीचे फिसल गया है. वहीं, एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी लाल निशान के साथ कारोबार करता हुआ दिख रहा है. सोमवार को अमेरिकी बाजार लेबर डे के चलते बंद था. हालांकि, भारतीय बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुआ था. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 240.98 अंक यानी 0.37 प्रतिशत चढ़कर 65,628.14 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 296.75 अंक तक उछलकर 65,683.91 अंक पर पहुंच गया था.

विज्ञापन

हरे निशान के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 152.12 अंक की बढ़त

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय बाजार हरे निशान के साथ बंद हुआ. BSE सेंसेक्स 152.12 अंक की बढ़त के साथ 65,780.26 अंक पर बंद हुआ. जबकि, निफ्टी 46.10 अंक के लाभ से 19,574.90 अंक पर बंद हुआ.

मेटा इंडिया के प्रमुख ने कहा, भारत अपार संभावनाओं के साथ प्राथमिकता वाला बाजार

मेटा इंडिया की प्रमुख संध्या देवनाथन ने कहा कि मेटा भारत को व्यापक आर्थिक वृद्धि, डिजिटल बुनियादी ढांचे और फेसबुक, व्हॉट्सएप तथा इंस्टाग्राम जैसी उसकी ऐप की लोकप्रियता के लिए ‘प्राथमिकता वाले बाजार’ के साथ ही अपार संभावनाओं के रूप में देखता है. जनवरी में कार्यभार संभालने वाली देवनाथन ने कहा कि भारत के नए डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण कानून ने प्रौद्योगिकी कंपनियों को एक रूपरेखा तथा स्पष्टता प्रदान की है और यह नवोन्मेषण के साथ उपयोगकर्ता की सुरक्षा को संतुलित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

सैम्ही होटल्स, मोटिसंस ज्वैलर्स को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी मिली

साम्ही होटल्स और जयपुर स्थित खुदरा आभूषण कंपनी मोटिसंस ज्वैलर्स को आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) के जरिए धन जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से मंगलवार को दी गई अद्यतन जानकारी के अनुसार, दोनों कंपनियों ने इस साल मार्च में सेबी के समक्ष प्रारंभिक कागजात दोबारा दाखिल किए थे और 28-31 अगस्त के बीच इसके अवलोकन पत्र प्राप्त मिले. सेबी की भाषा में उसके अवलोकन का तात्पर्य आरंभिक शेयर बिक्री शुरू करने के लिए उसकी मंजूरी से है. मसैादा कागजात के अनुसार, साम्ही होटल्स ने एक आईपीओ का प्रस्ताव रखा है जिसमें 1,000 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 90 लाख इक्विटी शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है. जयपुर स्थित आभूषण खुदरा कंपनी मोटिसंस ज्वैलर्स के आईपीओ में 3.34 करोड़ नए इक्विटी शेयर शामिल हैं. इसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं है. दोनों कंपनियों के शयर बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध किए जाएंगे.

टाटा स्टील कर्मचारियों को वार्षिक बोनस के तौर पर 314.70 करोड़ रुपये का करेगी भुगतान

निजी इस्पात कंपनी टाटा स्टील ने टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यू) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के बाद वर्ष 2022-2023 के लिए कर्मचारियों को वार्षिक बोनस के रूप में 314.70 करोड़ रुपये का कुल भुगतान करने की घोषणा की. कंपनी की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार, समझौता ज्ञापन के तहत कंपनी के सभी उपयुक्त प्रभागों के पात्र कर्मचारियों के लिए वार्षिक बोनस के रूप में कुल भुगतान की राशि 314.70 करोड़ रुपये होगी. वर्ष 2022-23 के लिए देय न्यूनतम तथा अधिकतम वार्षिक बोनस क्रमशः 42,561 रुपये और 4,61,019 रुपये होगा. विज्ञप्ति के अनुसार, जमशेदपुर के उपश्रमायुक्त राकेश प्रसाद की मौजूदगी में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन, उपाध्यक्ष (एचआरएम) अत्रेयी सान्याल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रबंधन की ओर से और अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महासचिव सतीश कुमार सिंह, टीडब्ल्यूयू तथा अन्य पदाधिकारियों ने यूनियन की ओर से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए.

पेटीएम ने अगस्त में 5,517 करोड़ रुपये का ऋण दिया

फिनटेक कंपनी पेटीएम ने मंगलवार को कहा कि उसने अपने मंच के जरिए अगस्त में 66.7 करोड़ डॉलर (5,517 करोड़ रुपये) का ऋण वितरित किया और ऑफलाइन भुगतान के लिए 87 लाख यंत्र तैनात किए. विजय शेखर शर्मा नीत फिनटेक मंच ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि इस साल जुलाई और अगस्त में औसतन 9.4 करोड़ उपयोगकर्ताओं ने पेटीएम के माध्यम से मासिक लेनदेन किया, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में करीब 20 प्रतिशत अधिक है. कंपनी ने अगस्त की अपनी परिचालन प्रदर्शन रिपोर्ट में कहा कि हमारा ऋण वितरण व्यवसाय (हमारे ऋणदाता भागीदारों के साथ साझेदारी में) 10,710 करोड़ रुपये (1.3 अरब अमेरिकी डॉलर, 137 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि) और 88 लाख ऋण (47 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि) के वितरण के साथ लगातार बढ़ रहा है. यह भुगतान जुलाई और अगस्त 2023 में पेटीएम मंच के माध्यम से किया गया.

भारत के सेवा क्षेत्र में अगस्त में नरमी, निर्यात श्रृंखला रिकॉर्ड गति से आगे बढ़ा

भारत के सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में अगस्त में नरमी आई, जबकि नए आर्डर मिलने से वृद्धि दर ऊंच बनी हुई है. एक मासिक सर्वेक्षण में मंगलवार को यह जानकारी दी गई है. सेवा कंपनियों ने नए निर्यात कारोबार में सबसे अधिक वृद्धि का संकेत दिया है, जिसने कंपनियों अपने कार्यबल के साथ-साथ उत्पादन का विस्तार करने के लिए प्रेरित हुई हैं. मौसमी रूप से समायोजित एसएंडपी ग्लोबल भारत सेवा पीएमआई कारोबारी गतिविधि सूचकांक जुलाई के 62.3 से गिरकर अगस्त में 60.1 पर पहुंच गया.

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola