Business News in Hindi: मारुति सुजुकी ने जून तिमाही में कमाया बंपर मुनाफा, शुद्ध लाभ 2,525 करोड़ रुपये पहुंचा
Business News in Hindi: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ग्लोबल मार्केट से अच्छे संकेत मिल रहे हैं. एशियन बाजार में मजबूती देखने को मिल रही है. GIFTY NIFTY चौथाई प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा है. इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली. जबकि भारतीय बाजार सुस्त रहा. वहीं, NTPC के द्वारा इस वित्त वर्ष के पहले तिमाही के नतीजे जारी किये गए. कंपनी पर मिला जुला असर दिख रहा है. एनटीपीसी का मुनाफा 9 प्रतिशत
मारुति सुजुकी ने जून तिमाही में कमाया दोगुना मुनाफा
वाहन बनाने वाली मारुति सुजुकी इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जून तिमाही में दोगुना से अधिक होकर 2,525 करोड़ रुपये रहा. वाहन कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इससे पूर्व वित्त वर्ष 2022-23 की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,036 करोड़ रुपये था. मारुति सुजुकी इंडिया की परिचालन आय चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 32,338 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 26,512 करोड़ रुपये थी. कंपनी के निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक में सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड (एसएमजी) के साथ विनिर्माण समझौते के अनुबंध को समाप्त करने और सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन (एसएमसी) से एसएमजी के शेयर प्राप्त करने के विकल्प को मंजूरी दे दी गई.
सेंसेक्स 367.47 अंक उछला, NIFTY भी चढ़कर 19,753 पर बंद, बेहतर हुआ कारोबार
स्पताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय बाजार में बेहतर कारोबार हुआ है. बीएसई सेंसेक्स 367.47 अंक उछलकर 66,527.67 और एनएसई निफ्टी 107.75 अंक चढ़कर 19,753.80 अंक पर बंद. NTPC, Power Grid Corporation, Adani Ports, ONGC और Hindalco Industries निफ्टी का टॉप गेनर रहा. वहीं, Apollo Hospitals, Britannia Industries, HDFC Life, Divis Labs और Kotak Mahindra Bank टॉप लूजर रहे.
एयरटेल ने 8,000 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम बकाया चुकाया
दूरसंचार कंपनी एयरटेल ने 2015 की नीलामी में मिले स्पेक्ट्रम के लिए अपनी देनदारियों के तहत दूरसंचार विभाग (डॉट) को 8,024 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी. सुनील मित्तल की अगुवाई वाली दूरसंचार कंपनी ने बताया कि उक्त किश्तों का भुगतान 10 प्रतिशत ब्याज के साथ किया गया. कंपनी ने एक बयान में कहा कि भारती एयरटेल ने दूरसंचार विभाग (भारत सरकार) को वर्ष 2015 की नीलामी में मिले स्पेक्ट्रम से संबंधित स्थगित देनदारियों तहत 8,024 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. एयरटेल ने कहा कि वह अपनी पूंजी संरचना के जरिए वित्तीय लचीलेपन पर जोर दे रही है, जिसमें वित्तपोषण की लागत को अनुकूल बनाना शामिल है.
आज दोपहर तक 6.13 करोड़ से अधिक लोगों ने दाखिल किया आईटीआर
देश में 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2022-23 में अर्जित आय के लिए अभी तक 6.13 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल किए गए हैं. आयकर विभाग ने अपने आधिकारिक ट्विटर खाते पर यह जानकारी दी. उसने लिखा है कि कल 30 जुलाई 2023 तक 6.13 करोड़ आईटीआर दाखिल किए गए. आज 31 जुलाई दोपहर 12 बजे तक 11.03 लाख और आईटीआर और दाखिल किए गए. पिछले साल 31 जुलाई तक करीब 5.83 करोड़ आईटीआर दाखिल किए गए थे. आईटीआर दाखिल करने में मदद के लिए आयकर विभाग की हेल्पडेसक और वेबसाइट पर चौबिसों घंटे सेवाएं उपलब्ध हैं. वित्त वर्ष 2022-23 के लिए आईटीआर जमा करने की अंतिम तारीख आज यानी 31 जुलाई 2023 है.
सीबीएफसी, कॉनकॉर्ड बायोटेक इस सप्ताह लाएंगे आईपीओ, 54-57 रुपये होगी शेयर की कीमत
गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी सीबीएफसी फाइनेंस लिमिटेड और रेयर एंटरप्राइजेज समर्थित कॉनकॉर्ड बायोटेक इस सप्ताह आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाएंगे. एनबीएफसी ने बताया कि उसने अपनी 1,025 करोड़ रुपये की शुरुआती शेयर बिक्री के लिए कीमत 54-57 रुपये प्रति शेयर तय की है. आईपीओ तीन अगस्त को खुलेगा और सात अगस्त को बंद होगा. कॉनकॉर्ड बायोटेक ने कहा कि 1,550 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए कीमत का दायरा 705-741 रुपये प्रति शेयर है. अहमदाबाद स्थित कंपनी ने बताया कि आईपीओ चार अगस्त को खुलेगा और आठ अगस्त तक चलेगा.
भारत के सुपर प्रीमियम खंड में 50 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी पर है सैमसंग की नजर
दक्षिण कोरिया की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक कंपनी सैमसंग की भारत के सुपर प्रीमियम खंड में 50 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने पर नजर है. कंपनी को उम्मीद है कि वह अपनी फोल्डेबल डिवाइस ‘गैलेक्सी फोल्ड 5’ और ‘गैलेक्सी फ्लिप 5’ के जरिए इस लक्ष्य को हासिल करने में सफल होगी. फिलहाल भारत के सुपर प्रीमियम स्मार्टफोन खंड में आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल का दबदबा है. इस श्रेणी में 1,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 82,000 रुपये) से अधिक कीमत वाले हैंडसेट शामिल हैं. सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के अध्यक्ष और मोबाइल अनुभव कारोबार के प्रमुख टी एम रोह ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य सुपर प्रीमियम खंड में ‘गैलेक्सी फोल्ड 5’ और ‘गैलेक्सी फ्लिप 5’ की पेशकश के साथ अपनी बाजार हिस्सेदारी को मौजूदा 35 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करना है. उन्होंने कहा कि भारत के सुपर प्रीमियम खंड में सैमसंग फोल्डेबल की बाजार हिस्सेदारी लगभग 35 प्रतिशत है. अब फोल्ड 5 और फ्लिप 5 की पेशकश के साथ हम इस खंड में 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदार का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए