Business News in Hindi Live: विदेशों से कम हो स्टील का आयात, जिंदल स्टेनलेस ने कहा- हस्तक्षेप करे सरकार
Business News in Hindi Live: एक अगस्त को बाजार में दो आईपीओ एक साथ लॉच होने वाली है. बताया जा रहा है कि Vinsys IT Services और ओरियाना पावर लिमिटेड कंपनियों का प्लान है कि वो आईपीओ के जरिए 110 करोड़ जुटाएगी. इसे लेकर बाजार में हल चल तेज रहने की संभावना है. इस बीच सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनटीपीसी ने वर्ष के पहले तिमाही का नतीजा जारी कर दिया है. संस्थान ने इस अवधि में 23 प्रतिशत मुनाफा कमाया है.
एनसीसीएफ ने रियायती दरों पर 15 दिन में 560 टन टमाटर बेचा
सहकारी संस्था एनसीसीएफ ने रविवार को बताया कि उसने दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेचा है. प्रमुख टमाटर उत्पादक राज्यों में भारी बारिश होने के कारण खुदरा बाजार में टमाटर की कीमत अभी भी कम नहीं हुई है. इस वजह से एनसीसीएफ ने टमाटर की रियायती दरों पर बिक्री जारी रखी है. भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) ने 14 जुलाई को 90 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर की बिक्री शुरू की थी, जिसे बाद में घटाकर 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक कर दिया गया. महासंघ पिछले एक सप्ताह से तीनों राज्यों में 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से टमाटर बेच रहा है. एनसीसीएफ उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से रियायती दरों पर टमाटर बेच रहा है. दूसरी ओर नेफेड बिहार और अन्य राज्यों में टमाटर को रियायती दरों पर बेच रहा है.
विदेशों से कम हो स्टील का आयात, जिंदल स्टेनलेस ने कहा- हस्तक्षेप करे सरकार
स्टेनलेस स्टील निर्माता जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड (जेएसएल) ने चीन समेत चुनिंदा देशों से इस्पात उत्पादों के बढ़ते आयात पर लगाम लगाने के लिए सरकार से हस्तक्षेप की अपील की है. जेएसएल के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा कि चीन और कुछ अन्य देश घरेलू बाजार में जमकर अपने उत्पाद भेज रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम सरकार से इनके आयात पर लगाम लगाने के लिए कुछ कदम उठाने का आग्रह करते हैं. सरकार वस्तुओं के आयात पर डंपिंगरोधी शुल्क (एडीडी) और प्रतिपूर्ति शुल्क (सीवीडी) लगा सकती है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जून 2023 में भारत में कुल इस्पात आयात में चीन, जापान, वियतनाम, सऊदी अरब, रूस, नेपाल और अमेरिका का हिस्सा पिछले साल के इसी माह की तुलना में बढ़ा है. भारत में इस्पात का आयात जून में सालाना आधार पर 7.6 प्रतिशत बढ़कर 4.84 लाख टन हो गया. जून, 2022 में चीन से आयात 26.1 प्रतिशत और वियतनाम से एक प्रतिशत था. हालांकि जून, 2023 में इस्पात आयात में चीन का हिस्सा बढ़कर 37.1 प्रतिशत हो गया, जबकि वियतनाम का हिस्सा भी बढ़ोतरी के साथ 4.8 प्रतिशत हो गया है.
फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज आईपीओ से जुटाएगी 1,400 करोड़ रुपये
फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज ने 2023 के अंत तक आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से 1,400 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाने की योजना बनाई है. कंपनी की प्रवर्तक इकाई फेडरल बैंक के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. दक्षिण भारत के बैंक की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) ने पिछले सप्ताह भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास नए सिरे से आईपीओ दस्तावेज जमा कराए हैं. पूर्व में भी कंपनी ने आईपीओ दस्तावेज जमा कराए थे, लेकिन वह आईपीओ नहीं ला पाई थी. फेडरल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक श्याम श्रीनिवासन ने कहा कि फेडफिना आईपीओ से 1,200 से 1,400 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है. हमारा इरादा चालू कैलेंडर साल में आईपीओ लाने का है. उन्होंने कहा कि एनबीएफसी इकाई के पास पर्याप्त पूंजी है. कंपनी 2024 की शुरुआत तक अपनी वृद्धि जरूरतों को पूरा कर सकती है.
पाकिस्तान खाड़ी देशों को अरबों डॉलर निवेश की 28 परियोजनाओं की करेगा पेशकश
पाकिस्तान ने सैद्धांतिक रूप से अरबों डॉलर की 28 परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है. कर्ज और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए पाकिस्तान खाड़ी देशों को निवेश के लिए इन परियोजनाओं की पेशकश करेगा. देश को वित्तीय संकट से निकालने के लिए नवगठित विशेष निवेश सुविधा परिषद (एसआईएफसी) आर्थिक विकास को तेज करने के अभियान की अगुवाई कर रही है। यह परिषद एक मिलाजुला नागरिक-सैन्य मंच है. ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, स्वीकृत परियोजनाओं की सूची से पता चलता है कि यदि सभी योजनाओं को कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और बहरीन आदि देशों द्वारा ले लिया जाता है, तो एसआईएफसी में निवेश चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के तहत 28 अरब डॉलर के निवेश से अधिक रह सकता है. स्वीकृत योजनाएं खाद्य, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, खान और खनिज, पेट्रोलियम और बिजली क्षेत्रों से संबंधित हैं. इनमें पशु फार्म; 10 अरब डॉलर की सऊदी अरामको रिफाइनरी; चगाई में तांबे और सोने की खोज; और थार कोयला रेल संपर्क योजना भी शामिल है.
सिएट चालू वित्त वर्ष में 750 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, उत्पादन की बढ़ाएगी क्षमता
टायर निर्माता सिएट लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष में लगभग 750 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है. इसमें से ज्यादातर राशि कंपनी के महाराष्ट्र के अंबरनाथ संयंत्र में एग्री-रेडियल टायरों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने में लगाई जाएगी. कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अर्नब बनर्जी ने यह जानकारी दी है. कंपनी को भरोसा है कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी और चौथी तिमाही में मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) को उसकी आपूर्ति बढ़ेगी, क्योंकि इस दौरान वह छोटे रिम से बड़े आकार में बदलाव को पूरा कर रही है. वाहन विनिर्माताओं से इसके लिए जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है. सिएट ने वाहनों के टायर बदलने के बाजार (रिप्लेसमेंट) में पहली तिमाही में विशेष रूप से मोटरसाइकिल खंड में अच्छी वृद्धि दर्ज की है. कंपनी को वृद्धि की यह रफ्तार कायम रहने की उम्मीद है.
खाद्य तेल-तिलहन कीमतों में रहा सुधार, आमलोगों को मिली राहत
विदेशों में सूरजमुखी तेल कीमतों में मामूली सुधार के बीच स्थानीय तेल-तिलहन बाजार में बीते सप्ताह अधिकांश खाद्य तेल-तिलहन कीमतों में सुधार का रुख देखने को मिला. कच्चे पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन में आई गिरावट को छोड़कर सरसों, मूंगफली, सोयाबीन तेल-तिलहन और बिनौला तेल कीमतों में मजबूती दर्ज हुई. बाजार के जानकार सूत्रों ने कहा कि बीते सप्ताह विदेशों में सूरजमुखी तेल के दाम 10 डॉलर प्रति टन बढ़कर 1,060-1,070 डॉलर प्रति टन हो गए, जबकि सोयाबीन के दाम पहले जैसे ही हैं. देश में सरसों, मूंगफली और बिनौला के अच्छे माल की कमी है. सरसों में काफी माल में बरसात के कारण नमी है और इसका केवल रिफाइंड ही बन सकता है. अच्छे सरसों का स्टॉक नेफेड और किसानों के पास है और सरकार को बगैर कोई जल्दबाजी दिखाये त्योहारों के दौरान ही इसको निकालना चाहिये. इससे सरसों की बिजाई भी आसानी से हो पायेगी. मूंगफली और बिनौले का स्टॉक बेहद कम है और अगली फसल आने में अभी कुछ समय लगेगा.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए