ePaper

बरेली में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- पहले झुमके से थी बरेली की पहचान, अब विकास और भोले नाथ से जानेंगे लोग

Updated at : 07 Jun 2023 5:30 PM (IST)
विज्ञापन
बरेली में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- पहले झुमके से थी बरेली की पहचान, अब विकास और भोले नाथ से जानेंगे लोग

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बरेली को झुमके पर आई फिल्म के नाम से जाना जाता था. लेकिन अब बरेली अपने विकास और भोले नाथ की नगरी के रूप में जाना जाता है.

विज्ञापन

बरेली. उत्तर प्रदेश के बरेली में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर उपलब्धियों को गिनाया. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बरेली को झुमके पर आई फिल्म के नाम से जाना जाता था. लेकिन अब बरेली अपने विकास और भोले नाथ की नगरी के रूप में जाना जाता है. पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 में बिजली आती नहीं थी. मगर, अब जाती नहीं है. यह सब मोदी का कमाल है. डिप्टी सीएम ने यूपी की अच्छी सड़कों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि यूपी की सड़कें पहले उत्तराखण्ड की तरह ऊंची नीची थी. लेकिन, अब पता नहीं चलता कि आप कहां चल रहे हैं. यूपी में आए निवेश पर कहा कि यहां के युवाओं का भविष्य उज्ज्वल है. 35 हजार लाख करोड़ का निवेश हो रहा है. सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी ने पिछड़े और किसी ने अनुसूचित जाति के नाम पर धोखा किया. मगर, भाजपा सरकार ने सबके लिए काम किया है.

मोदी सरकार में महिलाएं मजबूत

डिप्टी सीएम ने शहर के मिनी बाईपास स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि मोदी के कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सबसे अधिक काम हुआ है. कृषि के क्षेत्र में क्रांति लाने का काम पीएम मोदी के अगुवाई में हुआ है. किसानों को समय से आपदा आने पर मुआवजा मिलता है. भाजपा ने कभी भी अल्पसंख्यक समाज के लोगों के साथ भेदभाव नहीं किया है. डिप्टी सीएम केशव ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सामाजिक न्याय यात्रा पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि मोदी जैसा 56 इंच का सीना चाहिए. अखिलेश ने दंगाई और कब्जे करने वालों का साथ दिया है. पहले भी सारे दल इकठ्ठे हुए थे. लेकिन कुछ नहीं कर पाए.

अखिलेश के चच्चा की सीट पर भी कब्जा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर में अखिलेश की चच्चा की सीट पर भी कब्जा हो गया है. विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है. बीजेपी ने अयोध्या में राम मन्दिर का वादा किया था. उसे भव्य तरीके से बना रहे हैं. कुंभ में प्रियंका और अखिलेश भी डुबकी लगाने आए थे. भाजपा जो कहती है, वह करती है. भाजपा ने बिना भेदभाव के काम किया है. अखिलेश यादव ने मुसलमान और यादव के वोटों को बंधक बनाने का काम किया है. केशव ने यूपी की कानून व्यवस्था का हवाला देकर कहा कि 63 हजार अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार ने कार्रवाई की है. कई भूमाफियाओं के साथ हजारों करोड़ों रुपए की संपत्ति सीज भी कराई गई. यूपी में अब सुशासन है.

साइकिल पंचर, टायर ट्यूब लेकर हो जाएंगे गायब

केशव प्रसाद मौर्या ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह यूपी में लोकसभा चुनाव में 80 सीटे जीतेंगे. 2014 में भी जब अखिलेश की सरकार थी, तब भाजपा ने 73 सीटें जीती थी. वहीं अखिलेश की सामाजिक न्याय यात्रा पर तंज कसकर कहा कि साइकिल अभी पंचर हुई है. लोकसभा चुनाव बाद टायर ट्यूब लेकर भी अखिलेश गायब हो जाएंगे. जनता ने अखिलेश की सरकार को देखा है. जनता अखिलेश और सपा का असली चरित्र जानती है. वह केवल अपने परिवार के सगे हैं. चारों तरफ भाजपा की आंधी है, जो सपा की कभी सीटे हुआ करती थी. उन पर अब भाजपा का कब्जा है.

बरेली भाजपा का गढ़

डिप्टी सीएम ने बरेली को भाजपा का गढ़ बताया. यहां की बरेली और आंवला दो लोकसभा सीट हैं. दोनों ही भाजपा के खाते में हैं. बरेली से पूर्व केंद्रीय मंत्री ओर भाजपा के कद्दावर नेता संतोष गंगवार सांसद हैं, जबकि आंवला से धर्मेंद्र कश्यप सांसद हैं. बरेली में विधानसभा की 9 सीटे हैं, इनमें से 7 पर भाजपा के विधायक हैं. बाकी दो सपा के खाते में हैं. यूपी के स्वतंत्र प्रभार मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार सक्सेना, सांसद संतोष गंगवार, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, दुग्विजय सिंह शाक्य, विधायक डॉक्टर डीसी वर्मा, संजीव अग्रवाल, मेयर उमेश गौतम, डीसीबी चेयरमैन वीरेंद्र सिंह वीरु समेत विधायक और संगठन के लोग मौजूद थे.

रिपोर्ट- मुहम्मद साजिद बरेली

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola