Suzuki Access 125 या Burgman Street 125? खरीदने से पहले जान लें दोनों स्कूटरों में कौन है आपके लिए बेहतर

Suzuki Access 125 या Burgman Street 125? खरीदने से पहले जानें कौन-सा स्कूटर है बेहतर
Suzuki Access 125 और Burgman Street 125 के बीच दुविधा में हैं? यह आर्टिकल आपको दोनों स्कूटरों की खूबियों और कमियों के बारे में बताएगा. अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सही स्कूटर चुनें.
अगर आप नया 125cc स्कूटर खरीदने की तैयारी कर रहे हैं और आपकी पसंद Suzuki Access 125 और Suzuki Burgman Street 125 के बीच अटक गई है, तो फैसला करना आसान नहीं होगा. दोनों स्कूटर एक ही 124cc इंजन पर आधारित हैं, दोनों शानदार माइलेज देते हैं और रोजमर्रा की जरूरतों को अच्छी तरह पूरा करते हैं. हालांकि डिजाइन, कम्फर्ट, राइडिंग एक्सपीरिएंस और कीमत के मामले में दोनों की अपनी अलग पहचान है. ऐसे में सही विकल्प आपकी जरूरत और बजट पर निर्भर करेगा. आइए जानते हैं कि किस तरह का स्कूटर किस तरह के राइडर के लिए ज्यादा उपयुक्त साबित हो सकता है.
रोजाना शहर में चलाने के लिए Access 125 ज्यादा आसान
अगर आपकी ज्यादातर राइड ऑफिस, बाजार, स्कूल या शहर के ट्रैफिक तक सीमित रहती है, तो Suzuki Access 125 ज्यादा प्रैक्टिकल विकल्प बन सकता है. इसका वजन करीब 106 किलोग्राम है, जिससे इसे पार्क करना, ट्रैफिक में निकालना और यू-टर्न लेना आसान हो जाता है. इसमें 124cc एयर-कूल्ड सिंगल-सिलिंडर इंजन मिलता है, जो करीब 8.3 bhp की पावर और 10.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. सीवीटी गियरबॉक्स के साथ इसका इंजन स्मूद और रिफाइंड एक्सपीरिएंस ऑफर करता है.
इसके अलावा एलईडी लाइटिंग, 24.4 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और Ride Connect TFT वेरिएंट जैसे फीचर्स इसे अपने सेगमेंट का मजबूत विकल्प बनाते हैं. इसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग 84,137 रुपये से शुरू होकर 1.03 लाख रुपये तक जाती है.
Burgman Street 125 देता है ज्यादा प्रीमियम फील
अगर आप ऐसा स्कूटर चाहते हैं जिसकी रोड प्रेजेंस बेहतर हो और लंबी दूरी पर ज्यादा आराम मिले, तो Suzuki Burgman Street 125 आपकी पसंद बन सकता है. इसका मैक्सी-स्कूटर डिजाइन इसे बाकी स्कूटरों से अलग पहचान देता है. चौड़ी सीट, बड़ा फ्लोरबोर्ड और आरामदायक राइडिंग पोजिशन लंबी दूरी पर थकान कम महसूस होने देती है.
हालांकि इसमें भी वही 124cc इंजन मिलता है, लेकिन इसकी ट्यूनिंग अलग है. यह करीब 95 किमी/घंटा की टॉप स्पीड तक पहुंच सकता है, जबकि Access 125 की टॉप स्पीड लगभग 90 किमी/घंटा है. इसका वजन 114 से 115 किलोग्राम के बीच है, जिससे सड़क पर ज्यादा स्टेबल फील मिलता है.
फीचर्स में दोनों स्कूटर किसी से कम नहीं
फीचर्स की बात करें तो दोनों स्कूटर अच्छी तरह लैस हैं. Access 125 में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, कलर TFT डिस्प्ले, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और मैसेज अलर्ट, व्हाट्सऐप नोटिफिकेशन, ओवरस्पीड वार्निंग और मौसम से जुड़ी जानकारी जैसे फीचर्स मिलते हैं.
वहीं Burgman Street 125 में की-लेस इग्निशन, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, TFT डिस्प्ले, फुल एलईडी लाइटिंग, फ्रंट स्टोरेज बॉक्स, चार्जिंग पोर्ट और 24.6 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज जैसी सुविधाएं मिलती हैं. दोनों स्कूटरों में स्टोरेज क्षमता लगभग बराबर है, इसलिए रोजमर्रा का सामान रखने में किसी तरह की परेशानी नहीं होती.
किसकी राइड ज्यादा आरामदायक?
अगर सड़कें खराब हैं और आप ज्यादातर अकेले सफर करते हैं, तो Access 125 का हल्का वजन और आसान हैंडलिंग ज्यादा सुविधाजनक साबित हो सकती है. वहीं अगर आप अक्सर पीछे किसी को बैठाकर चलते हैं या लंबी दूरी तय करते हैं, तो Burgman Street 125 ज्यादा कम्फर्टेबल एक्सपीरिएंस ऑफर करती है.
इसके मजबूत चेसिस और बेहतर एर्गोनॉमिक्स की वजह से यह हाईवे और लंबी सिटी राइड में ज्यादा स्टेबल महसूस होती है. हालांकि खराब सड़कों पर अकेले चलाने के दौरान इसका सस्पेंशन थोड़ा सख्त महसूस हो सकता है.
आखिर किसे खरीदना रहेगा समझदारी?
अगर आपका फोकस कम कीमत, आसान हैंडलिंग, शानदार माइलेज और पूरे परिवार के लिए एक भरोसेमंद स्कूटर खरीदने पर है, तो Suzuki Access 125 बेहतर विकल्प साबित होगा.
लेकिन अगर आप थोड़ा ज्यादा खर्च करके प्रीमियम डिजाइन, बेहतर रोड प्रेजेंस, आरामदायक राइडिंग पोजिशन और मैक्सी-स्कूटर स्टाइल चाहते हैं, तो Suzuki Burgman Street 125 आपके लिए ज्यादा आकर्षक विकल्प बन सकता है. इंजन और माइलेज में दोनों के बीच बहुत बड़ा अंतर नहीं है, इसलिए अंतिम फैसला आपकी राइडिंग जरूरत और पसंद पर निर्भर करेगा.
ये भी पढ़ें: Activa से इलेक्ट्रिक स्कूटर पर करना चाहते हैं स्विच? ये 5 मॉडल कम रनिंग कॉस्ट पर देंगे दमदार परफॉर्मेंस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










