मादुरो का राजदार अमेरिका में देगा गवाही! वेनेजुएला ने एलेक्स साब को किया डिपोर्ट
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 17 May 2026 12:01 PM
निकोलस मादुरो और एलेक्स साब.
Venezuela Alex Saab Nicolas Maduro: वेनेजुएला ने अपने पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के सहयोगी एलेक्स साब को निर्वासित कर दिया है. यह निर्वासन साब को माफी दिए जाने के तीन साल के भीतर हुआ है. माना जा रहा है उसे अमेरिका में मादुरो के खिलाफ चल रहे केस में गवाह बनाया जा सकता है.
Venezuela Alex Saab Nicolas Maduro: वेनेजुएला सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि उसने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के करीबी सहयोगी और कारोबारी एलेक्स साब को देश से निर्वासित कर दिया है. साब फिलहाल अमेरिका में कई आपराधिक जांचों का सामना कर रहे हैं. यह कदम उस समय उठाया गया है जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा कैदियों की अदला-बदली समझौते के तहत साब को माफी दिए जाने के तीन साल भी पूरे नहीं हुए हैं. इस घटनाक्रम को राजनीतिक और कानूनी तौर पर बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
साल 2020 में एलेक्स साब की गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रपति मादुरो ने उन्हें वापस लाने के लिए लगातार प्रयास किए थे. कोलंबिया में जन्मे साब को अमेरिकी एजेंसियां लंबे समय से मादुरो का ‘वित्तीय मामलों में सबसे भरोसेमंद सहयोगी’ बताती रही हैं. अब माना जा रहा है कि अमेरिका साब से मादुरो और उनके करीबी नेटवर्क के खिलाफ गवाही दिलाने की कोशिश कर सकता है.
मादुरो पर भी अमेरिका में चल रहा है मुकदमा
पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो इस समय मैनहैटन में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं. जनवरी में अमेरिकी सेना के एक अप्रत्याशित अभियान के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया था. उन्हें 3 जनवरी 2026 को उनके घर से पत्नी सहित गिरफ्तार कर लिया गया. विशेषज्ञों का मानना है कि साब का मामला मादुरो की कानूनी मुश्किलों को और बढ़ा सकता है.
वेनेजुएला ने नहीं बताया साब को कहां भेजा गया
वेनेजुएला की आव्रजन एजेंसी ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर कहा कि साब के खिलाफ अमेरिका में चल रही आपराधिक जांचों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है. हालांकि, एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें किस देश भेजा गया है. बयान में साब को केवल ‘कोलंबियाई नागरिक’ बताया गया. इसे वेनेजुएला के उस कानून से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत अपने नागरिकों के प्रत्यर्पण की अनुमति नहीं दी जाती.
पहले खुद को राजनयिक बताते रहे थे साब
साब की गिरफ्तारी के बाद मादुरो सरकार ने दावा किया था कि वह वेनेजुएला के विशेष राजनयिक हैं. तत्कालीन उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज और मादुरो ने उनका वेनेजुएलाई पासपोर्ट भी सार्वजनिक किया था. सरकार का कहना था कि ईरान की यात्रा के दौरान ईंधन भरवाने के समय साब को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया था. मादुरो के गिरफ्तार होने के बाद फिलहाल डेल्सी ही वेनेजुएला की राष्ट्रपति हैं.
ये भी पढ़ें:- क्या है ‘जिहादी ड्रग’? भारत में पहली बार पकड़ा गया, NCB ने 182 करोड़ की कैप्टागॉन जब्त की
ये भी पढ़ें:- नीदरलैंड ने लौटाए 1000 साल पुराने चोल काल के ताम्रपत्र, पीएम मोदी ने कहा भारतीयों के लिए गर्व का पल
डीईए को भ्रष्टाचार की जानकारी देने का दावा
अगर साब अमेरिका की हिरासत में जाते हैं, तो वे मादुरो सरकार के खिलाफ अहम गवाह साबित हो सकते हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, गिरफ्तारी से पहले साब ने गुप्त रूप से अमेरिकी ड्रग प्रवर्तन एजेंसी (डीईए) के अधिकारियों से मुलाकात की थी. वर्ष 2022 में बंद कमरे में हुई सुनवाई के दौरान उनके वकीलों ने बताया था कि साब ने कई वर्षों तक डीईए को मादुरो के करीबी लोगों से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी दी थी.
वकील और अमेरिकी न्याय विभाग ने साधी चुप्पी
मियामी स्थित एलेक्स साब के वकील नील शुस्टर ने पूरे मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. वहीं, अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










