ट्रंप की ईरान को धमकी: न्यूक्लियर डस्ट नहीं दिया तो ‘बुरे तरीके’ से छीन लेंगे, खुद को बताया ‘पीस प्रेसिडेंट’

Author Govind jee
Updated:
विज्ञापन

तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. क्रेडिट-एक्स/@WhiteHouse.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Trump Threatens Iran: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली चेतावनी दी है कि समझौते के बिना न्यूक्लियर यूरेनियम को बलपूर्वक अमेरिका लाया जाएगा. खुद को ‘पीस प्रेसिडेंट’ बताने वाले ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान सहित कई देशों के युद्ध रुकवाने का दावा किया. अब सबकी नजरें सोमवार को इस्लामाबाद में होने वाली अहम बातचीत पर टिकी हैं.

विज्ञापन

Trump Threatens Iran: शुक्रवार (17 अप्रैल) को एयरफोर्स वन विमान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ा संदेश दिया है. ट्रंप ने कहा कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव खत्म करने का समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका ईरान के न्यूक्लियर डस्ट को सुरक्षित करने के लिए ज्यादा आक्रामक रुख अपनाएगा. उन्होंने साफ शब्दों में दोहराया कि अगर बातचीत से रास्ता नहीं निकला, तो अमेरिका बहुत ही ‘अनफ्रेंडली’ यानी बुरे तरीके से न्यूक्लियर सामग्री को कब्जे में ले लेगा.

विज्ञापन

ईरान से न्यूक्लियर डस्ट अमेरिका लाने की तैयारी

एरिजोना में ‘टर्निंग पॉइंट यूएसए’ इवेंट के दौरान ट्रंप ने कहा कि समझौते के बाद अमेरिका ईरान के साथ मिलकर काम करेगा. ट्रंप ने दावा किया कि वे बड़े-बड़े उत्खनन यंत्रों के साथ ईरान जाएंगे और वहां मौजूद 100 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम को वापस अमेरिका ले आएंगे. ट्रंप का मानना है कि बातचीत में कोई बड़ी अड़चन नहीं बची है और ईरान लगभग हर बात पर सहमत हो गया है. हालांकि, ईरान ने न्यूक्लियर सामग्री को अमेरिका भेजने की बात को सिरे से खारिज कर दिया है.

ईरान ने यूरेनियम को बताया ‘पवित्र मिट्टी’ जैसा

तस्नीम न्यूज एजेंसी और अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि संवर्धित यूरेनियम उनके लिए ईरान की मिट्टी की तरह ही पवित्र है. उन्होंने साफ कर दिया कि किसी भी हालत में इस सामग्री को देश से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा. वहीं ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर गलीबाफ ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) से जहाजों का आना-जाना पूरी तरह ईरान के नियंत्रण में रहेगा और इसकी इजाजत सोशल मीडिया नहीं बल्कि हकीकत के हालात तय करेंगे.

ट्रंप ने खुद को ‘पीस प्रेसिडेंट’ बताया

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर खुद को दुनिया में शांति लाने वाला राष्ट्रपति करार दिया है. उन्होंने ‘ट्रंप वॉर रूम’ का एक पोस्टर शेयर किया जिसमें उन्हें ‘पीस प्रेसिडेंट’ कहा गया है. ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने अब तक 8 युद्ध खत्म करवाए हैं और भारत-पाकिस्तान के बीच दखल देकर 3 से 5 करोड़ लोगों की जान बचाई है. उन्होंने कहा कि अगर ईरान और लेबनान का मुद्दा सुलझ जाता है, तो उनके नाम 10 युद्ध रुकवाने का रिकॉर्ड होगा.

ये भी पढ़ें : ट्रंप बोले- ईरान से सारा यूरेनियम अमेरिका लाएंगे; भड़का तेहरान, कहा- ‘मिट्टी की तरह पवित्र है’

सोमवार को इस्लामाबाद में हो सकती अगली बातचीत

CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का अगला दौर सोमवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शुरू होने की उम्मीद है. इसके लिए दोनों देशों के प्रतिनिधि दल रविवार को वहां पहुंच सकते हैं. ट्रंप ने कहा कि लेबनान और इजरायल के बीच हुआ युद्धविराम एक बड़ी कामयाबी है. उन्होंने यह भी साफ किया कि जब तक ईरान के साथ डील पूरी तरह साइन नहीं हो जाती, तब तक अमेरिका की नौसेना वहां पूरी ताकत के साथ तैनात रहेगी.

ये भी पढ़ें: रूस से तेल खरीदने की मिली छूट: ट्रंप सरकार के फैसले पर भड़के अमेरिकी सांसद, कहा- यह शर्मनाक यू-टर्न

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola