अमेरिका नहीं चाहता भारत-ईरान की दोस्ती! SCO शिखर सम्मेलन से चाबहार से तक समझिए पूरा मामला
SCO शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की मुलाकात
तेहरान के ताजा बयान ने भारत-ईरान रिश्तों को फिर चर्चा में ला दिया है. मोदी-पेजेशकियान की मुलाकात, चाबहार पोर्ट और अमेरिका के ईरान पर प्रतिबंधों बीच दोनों देशों के रिश्तों की पूरी कहानी समझिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की मुलाकात के बाद तेहरान ने भारत के साथ अपने रिश्तों को पुराना, ऐतिहासिक और सभ्यताओं से जुड़ा बताया है. वहीं अमेरिका ने ईरान पर लगे प्रतिबंधों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है.
ऐसे में सवाल है कि यह मामला इतना अहम क्यों है और चाबहार बंदरगाह भारत के लिए इतना जरूरी क्यों है?
मोदी-पेजेशकियान की मुलाकात के बाद क्या हुआ?
- शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के बिश्केक शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच भारत-ईरान रिश्तों के साथ-साथ पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और वहां शांति कायम करने को लेकर भी चर्चा हुई.
- इस मुलाकात के कुछ दिन बाद ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भारत के साथ रिश्तों को बहुत अहम बताया और उन्होंने खास तौर पर व्यापार, आर्थिक सहयोग और चाबहार बंदरगाह का जिक्र किया.
यह बयान इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि भारत और ईरान के रिश्तों की बात ऐसे समय हो रही है, जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और ईरान पर अमेरिका का दबाव भी जारी है.
ये भी पढ़ें: Explained : भारत के लिए खतरे की घंटी है अमेरिका की बॉन्ड यील्ड? आसान भाषा में समझिए IMF की चेतावनी का मतलब
चाबहार बंदरगाह भारत के लिए क्यों जरूरी है?
भारत के लिए ईरान का चाबहार बंदरगाह सिर्फ एक बंदरगाह नहीं है. यह भारत के लिए दूसरे देशों तक पहुंच बनाने का एक अहम रास्ता है. इसके जरिए भारत पाकिस्तान को पार किए बिना अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक अपना व्यापार पहुंचाने की कोशिश कर सकता है.
भारत और ईरान ने मई 2024 में चाबहार के शाहिद बेहिश्ती टर्मिनल को विकसित करने और चलाने के लिए लंबे समय का समझौता भी किया था. भारत ने इसे दोनों देशों के रिश्तों में एक अहम कदम बताया था.
शाहिद बेहिश्ती टर्मिनल ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चाबहार बंदरगाह (Chabahar Port) का एक मुख्य और गहरा पानी वाला (Deep-water) समुद्री टर्मिनल है.ओमान की खाड़ी के तट पर स्थित यह टर्मिनल भारत की वैश्विक व्यापार और रणनीतिक नीति का एक बेहद अहम हिस्सा है.
अमेरिका को भारत-ईरान की दोस्ती से परेशानी क्यों है?
- दरअसल, अमेरिका ने ईरान पर कई कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं. अमेरिका चाहता है कि दूसरे देश ईरान को इन प्रतिबंधों से बचने में किसी तरह की मदद न करें.
- भारत और ईरान के नेताओं की मुलाकात के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि उन्हें भारत और ईरान के बीच किसी नए व्यापार समझौते की जानकारी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी देश ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने में मदद न करे.
- द ब्रायन किलमीड शो पर एक साक्षात्कार में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्पष्ट रूप से कहा है कि किसी भी देश को ईरान को प्रतिबंधों से बचने में मदद नहीं करनी चाहिए.
भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
- भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने रणनीतिक हितों और दूसरे देशों के साथ रिश्तों के बीच सही संतुलन बनाए रखने की है.
- ईरान भारत के लिए ऊर्जा, व्यापार और मध्य एशिया तक पहुंच के लिहाज से अहम है, वहीं अमेरिका भी भारत का एक बड़ा रणनीतिक साझेदार है. इसलिए भारत अपनी जरूरत और हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों के साथ रिश्ते बनाए रखने की कोशिश करता है.
- भारत और ईरान के रिश्तों में आई यह नई चर्चा सिर्फ दोनों नेताओं की मुलाकात तक सीमित नहीं है. इसके पीछे चाबहार बंदरगाह, मध्य एशिया तक पहुंच, पश्चिम एशिया का तनाव, अमेरिकी प्रतिबंध और भारत की अपनी स्वतंत्र विदेश नीति जैसे कई बड़े मुद्दे जुड़े हैं.
यही वजह है कि मोदी-पेजेशकियान की मुलाकात के बाद ईरान का बयान और अमेरिका की प्रतिक्रिया दोनों ही चर्चा में हैं.
ये भी पढ़ें: New World Map : बदल गया दुनिया का नक्शा! जानें अब कहां दिखेंगे भारत और पाकिस्तान?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए