पुतिन का आदेश- अगले 72 घंटे कीव पर हमला नहीं करेगा रूस, मॉस्को पहुंचे ट्रंप के दूत
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, फोटो-एएनआई
Russia Ukraine War: रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने अगले 72 घंटों के लिए कीव पर हमलों पर रोक लगा दी है. यह फैसला ऐसे समय आया है जब अमेरिकी दूत शांति वार्ता के लिए मॉस्को पहुंचे हैं.
Russia Ukraine War: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले 72 घंटे तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमले रोकने का आदेश दिया है. शनिवार आधी रात से अगले तीन दिनों तक कीव पर रूसी हमले नहीं होंगे. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर युद्ध खत्म कराने और शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए मॉस्को पहुंचे हैं. इससे पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान हवाई हमले रोकने की बात कही थी और रूस से भी इसी तरह संयम बरतने की अपील की थी.
शांति मिशन पर मॉस्को पहुंचे अमेरिकी दूत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर शनिवार को मॉस्को पहुंचे. रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक एयरपोर्ट पर रूसी दूत किरिल दिमित्रिएव ने दोनों का स्वागत किया. इस यात्रा का मकसद रूस और यूक्रेन के बीच रुकी हुई शांति कोशिशों को फिर से आगे बढ़ाना है.
विटकॉफ और कुशनर इससे पहले भी मॉस्को का दौरा कर चुके हैं. उनकी पिछली ज्ञात यात्रा जनवरी में हुई थी, जब दोनों ने क्रेमलिन में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी. अब मॉस्को की बातचीत के बाद उनके कीव जाने की भी उम्मीद है.
ट्रंप ने विटकॉफ-कुशनर को क्यों भेजा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि उन्होंने विटकॉफ और कुशनर को यह पता लगाने के लिए भेजा है कि रूस और यूक्रेन के बीच किसी समझौते की संभावना बन सकती है या नहीं. ट्रंप ने दोनों को अनुभवी वार्ताकार बताते हुए कहा कि शांति समझौते की दिशा में आगे बढ़ने की अच्छी संभावना है.
ट्रंप ने यह भी कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाना मुश्किल इसलिए भी हो रहा है क्योंकि पुतिन और जेलेंस्की के बीच बेहद खराब संबंध शांति समझौते की राह कठिन बना रहे हैं. दोनों नेताओं के बीच गहरा अविश्वास शांति प्रक्रिया में बाधा बन रहा है.
हाल के दिनों में तेज हुए थे हमले
शांति प्रयासों के बीच दोनों देशों ने हाल के दिनों में हवाई हमले तेज कर दिए थे. रूस की ओर से कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों पर लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले किए जा रहे थे. यूक्रेन के मुताबिक रूसी सेना अब तेज रफ्तार वाले जेट-पावर्ड ड्रोन का भी इस्तेमाल कर रही है.
शुक्रवार को एक रूसी ड्रोन ने कीव में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय को निशाना बनाया था. इसके अलावा दक्षिणी निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में पांच लोगों की मौत और पांच अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई थी.
क्या शांति की तरफ बढ़ेंगे रूस और यूक्रेन?
अमेरिकी दूतों की मॉस्को और कीव यात्रा को युद्ध खत्म कराने की नई कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. जेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत को ज्यादा से ज्यादा रचनात्मक और सार्थक बनाना चाहता है. हालांकि अभी किसी स्थायी युद्धविराम या अंतिम शांति समझौते की घोषणा नहीं हुई है.
Also Read: नेपाल बाढ़ से भारी तबाही: अब तक 1344 लोगों की मौत, 5053 लापता; 32963 लोग प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए