मैक्रों और ट्रंप के साथ मीटिंग, G7 समिट में लेंगे हिस्सा, यूरोप दौरे पर फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी के सामने कई अहम एजेंडे

Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 14 Jun 2026 8:41 AM

विज्ञापन

फ्रांस में पीएम मोदी का स्वागत. फोटो- एक्स.

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दौरे पर नीस पहुंचे, जहां उनका भारतीय समुदाय और सांस्कृतिक कलाकारों ने भव्य स्वागत किया. इस दौरे के दौरान वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे और 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस दौरान उनकी मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप से भी हो सकती है. पीएम मोदी अपने यूरोप दौरे पर स्लोवाकिया भी जाएंगे.

विज्ञापन

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस के नीस शहर पहुंचे. वह जी-7 की बैठक में भाग लेने के लिए फ्रांस के दौरे पर हैं. पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान वह नीस, एवियन और पेरिस में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को नई मजबूती देना है.

फ्रांस पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘नीस पहुंच गया हूं. इस यात्रा के दौरान नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम होंगे. द्विपक्षीय और बहुपक्षीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण बैठकें होंगी, जिनका उद्देश्य भारत की प्रमुख विकास साझेदार देशों के साथ मित्रता और सहयोग को और मजबूत करना है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं कल राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात और ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर उत्साहित हूं.’

मैक्रों के साथ होगी अहम बैठक

प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 13 और 14 जून को नीस में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं. इसके बाद वह 16 से 18 जून तक एवियन और पेरिस में भी कई महत्वपूर्ण बैठकों और आयोजनों में शामिल होंगे.

14 जून को नीस में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है. दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे.

इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, नवाचार कंपनियां और वेंचर कैपिटल फंड हिस्सा लेंगे. माना जा रहा है कि यह आयोजन भारत-फ्रांस तकनीकी सहयोग और वैश्विक नवाचार साझेदारी को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगा.

विदेश मंत्रालय ने बताया- इनोवेशन रहेगा मुख्य फोकस

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत-फ्रांस सहयोग को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करेगी. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच नवाचार और तकनीकी साझेदारी इस दौरे का प्रमुख केंद्र रहेगी.

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और फ्रांस ने वर्ष 2026 को संयुक्त रूप से ‘इयर ऑफ इनोवेशन’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. इसी पहल के तहत आयोजित होने वाला ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम भारत के तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा.

मंत्रालय ने कहा कि इस कार्यक्रम में भारतीय नवप्रवर्तकों और स्टार्टअप्स को अपनी अत्याधुनिक तकनीकों, उत्पादों और समाधानों को दुनिया के सामने पेश करने का अवसर मिलेगा.

होटल पहुंचने पर दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

नीस में प्रधानमंत्री मोदी के होटल पहुंचने पर उनके सम्मान में एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की गई. ‘एकोज ऑफ ट्रेडिशन, स्पिरिट्स ऑफ इनोवेशन’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की तीन प्रमुख विधाओं कथक, ओडिसी और भरतनाट्यम का शानदार संगम देखने को मिला.

भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत

फ्रांस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया. बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि नीस में प्रधानमंत्री का स्वागत बेहद भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा.

इस स्वागत से अभिभूत प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘नीस में भारतीय समुदाय की ओर से मिला स्वागत हमेशा याद रहेगा. भले ही वे भारत से हजारों किलोमीटर दूर रहते हों, लेकिन मातृभूमि के साथ उनका जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है.’ 

यूरोप दौरे पर पीएम मोदी का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोपीय दौरे के अगले चरण में 14-15 जून को स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे. यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा होगा.

स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इसके अलावा वह वहां के प्रमुख उद्योगपतियों और कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे. इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य भारत-स्लोवाकिया संबंधों को नई गति देना और यूरोपीय संघ के साथ भारत की व्यापक साझेदारी को मजबूत करना होगा.

ये भी पढ़ें:- भारतीयों की मौत पर जयशंकर ने उठाए सवाल, तो अमेरिका ने भारत को ही दिया ज्ञान; कहा- नाकेबंदी का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं

ये भी पढ़ें:- ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की अंतिम विदाई की तारीखें तय, मौत के 4 महीने बाद मशहद में होंगे दफन

फिर लौटेंगे फ्रांस; जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 16 जून को फ्रांस लौटेंगे, जहां वह 16 और 17 जून को एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इस दौरान 17 जून को उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अहम बैठक होने की संभावना है. माना जा रहा है कि इस मुलाकात में व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे.

यूरोप दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 18 जून को पेरिस पहुंचेंगे. यहां वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ विवाटेक 2026 प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी में भाग लेंगे. साथ ही, पेरिस में रहने वाले भारतीय समुदाय और प्रवासी भारतीयों से भी बातचीत करेंगे.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola