ePaper

अफगानिस्तान ने गिराया पाकिस्तान का F-16, सोशल मीडिया पर आया वीडियो, सच्चाई क्या?

Updated at : 27 Feb 2026 10:51 AM (IST)
विज्ञापन
अफगानिस्तान ने गिराया पाकिस्तान का F-16, सोशल मीडिया पर आया वीडियो, सच्चाई क्या?

तालिबान ने मार गिराया F-16 फाइटर जेट. फोटो- एक्स (@RajatJain).

Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच फुल स्केल वॉर होने की संभावना नजर आ रही है. 26 फरवरी की रात अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के अंदर भीषण हमला किया, जिसमें 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, उसके साथ ही कई चौकियों पर भी कब्जा कर लिया. इसी दौरान पाकिस्तान ने भी जवाबी हमला किया, जिसमें पाक एयरफोर्स का लड़ाकू विमान F-16 गिरा.

विज्ञापन

Pakistan Afghanistan War: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पार झड़पें शुक्रवार को तेज हो गईं. अफगानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कहा कि गुरुवार को डूरंड लाइन के जवाबी कार्रवाइयों में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह कार्रवाई 26 फरवरी को रात 8 बजे शुरू की गई. इस दौरान अफगान सेना ने दावा किया कि उसने पाकिस्तान का एक फाइटर जेट गिरा दिया है. इसका एक फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, लेकिन इसकी वास्तविकता पर संदेह है. 

पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ने के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो फर्जी ही नजर आ रहा है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, इसे एआई टूल्स की मदद से तैयार या बदला हुआ माना जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा फुटेज संभवतः असली है, लेकिन उसमें एआई के जरिए छेड़छाड़ की गई है. वीडियो में रात के समय जलते हुए विमान का मलबा दिखाया गया है, जिस पर पाकिस्तानी निशान और टेल नंबर ‘85510’ लिखा है. लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि विमान का आकार और संरचना F-16 लड़ाकू विमान से मेल नहीं खाती. इसके अलावा, वीडियो में दिखाया गया सीरियल नंबर भी पाकिस्तानी F-16 विमानों की ज्ञात सूची से मेल नहीं खाता.

हालांकि, टोलो न्यूज के अनुसार, अफगान बलों ने जरूर यह दावा किया है कि पाकिस्तानी वायुसेना के एक F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है. इसका वीडियो या कोई फुटेज अभी अफगान-तालिबान की ओर से अब तक जारी नहीं किया गया है. 

इस्लामाबाद और काबुल में तालिबान-शासित प्रशासन के बीच डूरंड लाइन के पास सीमा सुरक्षा को लेकर विवाद तेज है. 19वीं सदी में ब्रिटिशों द्वारा खींची गई यह सीमा दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद का विषय रही है. कुछ दिन पहले पाकिस्तानी सेना ने अफगान क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए हमला किया गया था, जिसमें कई लोग के मारे गए थे. इसके जवाब में अब अफगानिस्तान ने हमला किया है.

अफगान रक्षा मंत्रायल ने कहा, ‘कुछ दिन पहले पाकिस्तानी सैन्य हलकों ने दुस्साहस दिखाते हुए अफगान क्षेत्र का उल्लंघन किया, हमारी सीमाएं तोड़ीं और यहां महिलाओं व बच्चों को शहीद किया. इसके जवाब में डूरंड लाइन के इन जवाबी अभियानों में कुल 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, दो सैन्य ठिकानों और 19 चौकियों पर कब्जा किया गया.’

पाकिस्तान ने शुरू किया गजब लिल हक

इसके जवाब में इस्लामाबाद ने काबुल के खिलाफ ‘खुले युद्ध’ का ऐलान किया. एक्स पर पोस्ट करते हुए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान के खिलाफ ‘खुले युद्ध’ की घोषणा करते हुए कड़ा बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद का सब्र जवाब दे चुका है और तालिबान-शासित प्रशासन पर आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाया.

ये भी पढ़ें:- अफगानिस्तान के हमले से तिलमिलाया पाकिस्तान, रक्षा मंत्री बोले- भारत और काबुल मिलकर कर रहे ‘प्रॉक्सी वॉर’

उन्होंने लिखा, ‘नाटो बलों की वापसी के बाद उम्मीद थी कि अफगानिस्तान में शांति आएगी और तालिबान अफगान जनता के हितों और क्षेत्रीय शांति पर ध्यान देगा… लेकिन उन्होंने दुनिया भर के आतंकियों को अफगानिस्तान में इकट्ठा किया और आतंकवाद का निर्यात शुरू कर दिया. उन्होंने अपने ही लोगों को बुनियादी मानवाधिकारों से वंचित किया और महिलाओं से वे अधिकार छीन लिए जो इस्लाम उन्हें देता है.’

ख्वाजा आसिफ ने आगे कहा, ‘हमारे सब्र का प्याला भर चुका है. अब हमारे और आपके बीच खुला युद्ध है. अब ‘दमा दम मस्त कलंदर’ होगा. पाकिस्तानी सेना समुद्र पार से नहीं आई है. हम आपके पड़ोसी हैं, आपकी हर बात जानते हैं. अल्लाहु अकबर.’

ताजा विवाद के बाद पाकिस्तान ने अफगान तालिबान शासन को निशाना बनाते हुए ‘गजब-लिल-हक’ ऑपरेशन शुरू किया. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने दावा किया कि इस कार्रवाई में 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए, 200 से अधिक घायल हुए, 27 तालिबान चौकियां नष्ट की गईं और नौ पर कब्जा किया गया.

ये भी पढ़ें:- ट्रंप की हत्या की साजिश: पाकिस्तानी नागरिक पर मुकदमा, नैपकिन पर बनाया प्लान, 5000 डॉलर एडवांस दिए

डूरंड लाइन बना विवाद की जड़

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 2,611 किलोमीटर लंबा बाॉर्डर- डूरंड लाइन, लंबे समय से विवाद का कारण बना हुआ है. अफगानिस्तान इस सीमा को औपचारिक मान्यता नहीं देता. वहीं हाल के महीनों में TTP के हमलों को लेकर दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद भी संघर्षविराम पूरी तरह टूटा हुआ है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola