नेपाल में बाढ़ का कहर: 1,341 से शव बरामद, मलबे से पटी चिलिमे सुरंग में जिंदगी की तलाश
त्रिशूली 3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग के अंदर से एक व्यक्ति को बाहर निकालते हुए, फोटो- एएनआई
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 1344 लोगों की जान जा चुकी है. चिलिमे सुरंग में फंसे लोगों को बचाने के लिए भारत और नेपाल की टीमें मिलकर युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं.
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही की ऐसी तस्वीर छोड़ दी है, जिसे देखकर हर कोई सिहर उठा है. पानी, मलबे और कीचड़ में जिंदगी दफन होती जा रही है और मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है.नेपाल पुलिस के मुताबिक, अब तक 1,341 से शव बरामद हो चुके है, जबकि 4,044 लोग अब भी लापता हैं. ऐसे में साफ है कि जैसे-जैसे मलबा हटाया जा रहा है और शव बरामद हो रहे हैं, इस विनाशकारी त्रासदी का असली आंकड़ा और भयावह हो सकता है.
दो लोगों को मलबे और तबाही के बीच से बचाया गया
इस भीषण तबाही के बीच, राहत अभियान में कुछ उम्मीद की किरण भी दिखी है. ऊपरी त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना की एक सुरंग (ऑडिट सुरंग) से एक चीनी नागरिक को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनके चेहरे पर राहत साफ झलक रही थी. वहीं नुवाकोट के बेत्रावती इलाके में 64 वर्षीय एक महिला को भी बचा लिया गया, जो इस विनाशकारी घटना से बचकर निकलीं.
भारत-नेपाल का संयुक्त बचाव अभियान
चिलिमे सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए भारत और नेपाल की बचाव टीमें मिलकर युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं. भारतीय दूतावास ने बताया कि संयुक्त टीम तमाम मुश्किलों के बावजूद लगातार काम कर रही है.
चिलिमे सुरंग में फंसे लोगों का बचाव
बचाव अभियान का सबसे मुश्किल मोर्चा चिलिमे सुरंग बनी हुई है. सुरंग के अंदर भारी मात्रा में मलबा, पानी और कीचड़ भर गया है. भारत की बचाव टीम नेपाल सेना के साथ मिलकर सुरंग के अंदर रास्ता बनाने में जुटी है.
सुरंग की छत तक पहुंचा मलबा, भारी मशीनरी ले जाने की तैयारी
नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि सुरंग के अंदर कुछ हिस्सों में मलबा, पानी और कीचड़ लगभग छत तक पहुंच गया है. बचाव दल पहले इसे हटाने में जुटा है, ताकि भारी मशीनरी को सुरंग के अंदर ज्यादा गहराई तक ले जाया जा सके और बचाव अभियान को तेज किया जा सके.
दुर्गम इलाका बना सबसे बड़ी रुकावट
चिलिमे सुरंग तक भारी मशीनरी पहुंचाना भी आसान नहीं है. पास के स्याफ्रुबेसी से सुरंग के प्रवेश द्वार तक एक एक्सेस रोड बनाने का काम किया जा रहा है. राजदूत नवीन श्रीवास्तव के मुताबिक, इलाका बेहद दुर्गम है और घाटी संकरी होने के कारण हेलीकॉप्टरों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल संभव नहीं है. सड़क बन जाने के बाद खुदाई करने वाली मशीन को सुरंग तक पहुंचाया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें: Nepal Flood: भोटेकोशी का वो खौफनाक सैलाब... किसी ने मां खोई, किसी ने बेटा; पानी के साथ बह गईं हजारों जिंदगियां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए