पाकिस्तान में सज रही वार्ता की सेज, क्या होर्मुज पर छिड़ा 'संग्राम' फिर बिगाड़ेगा खेल?

Published by : Pritish Sahay Updated At : 20 Apr 2026 8:50 PM

विज्ञापन

होर्मुज को लेकर अमेरिका ईरान में तनाव, फोटो- पीटीआई

Iran US Ceasefire: ईरान-अमेरिका युद्धविराम अब खत्म होने वाला है. नये सिरे से बातचीत की तैयारी की जा रही है. लेकिन, होर्मुज में बढ़ते तनाव और ईरानी जहाज जब्ती के बाद वार्ता अनिश्चित लगने लगी है. अमेरिका डेलिगेशन भेज रहा है लेकिन ईरान ने बातचीत से इनकार कर दिया है. ऐसे में आगे क्या होगा इसके लेकर कुछ भी साफ नहीं है.

विज्ञापन

Iran US Ceasefire: ईरान और अमेरिका के बीच 14 दिनों के युद्धविराम की अवधि 22 अप्रैल तक है. इस बीच पाकिस्तान में एक नए दौर की वार्ता की तैयारी चल रही है. लेकिन, होर्मुज स्ट्रेट के आसपास फिर से बढ़े तनाव के कारण यह सवाल उठने लगा है कि यह बैठक हो पाएगी या नहीं. हाल ही में अमेरिका ने एक ईरानी ध्वज वाले मालवाहक जहाज को रोककर जब्त कर लिया. अमेरिका का कहना है कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर उसकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था. इस कार्रवाई से ईरान नाराज है. ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, तेहरान की संयुक्त सैन्य कमान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है. वहीं विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री से बातचीत में कहा कि ईरानी जहाजों और बंदरगाहों पर अमेरिकी दबाव वार्ता से पहले अमेरिका की दोहरी नीति को दिखाता है.

फिलहाल अमेरिका के साथ वार्ता की कोई योजना नहीं- ईरानी विदेश मंत्रालय

अमेरिका से बातचीत को लेकर ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी सोमवार को कहा कि तेहरान की फिलहाल अमेरिका के साथ किसी भी वार्ता में शामिल होने की कोई योजना नहीं है. उन्होंने वार्ता में ईरान की भागीदारी की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया. बघाई ने मीडिया से बात करते हुए कहा- अभी तक… जब मैं यहां हूं… हमारे पास बातचीत के अगले दौर के लिए कोई योजना नहीं है और इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है.

ट्रंप ने दी चेतावनी

बीते दिन रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी डेलिगेशन पाकिस्तान जाएंगे और ईरान के साथ शांति वार्ता को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे. रविवार को ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने ईरान के सामने एक बेहतरीन सौदा पेश किया है. उन्होंने सीधे शब्दों में धमकी भी दी कि ईरान या तो डील करे नहीं तो तबाही के लिए तैयार रहे. ट्रंप ने अपने चिर परिचित अंदाज में ईरान के बिजली घरों (पावर प्लांट) और पुलों को तबाह करने की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि ईरान की किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया है, और उन्हें यह करके काफी खुशी भी होगी.

बातचीत के रास्ते में कहां अटक रहा है रोड़ा?

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालीबाफ, जिन्होंने पहले दौर की वार्ता में ईरान का नेतृत्व किया था, ने कहा है कि तेहरान अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखे हुए है, लेकिन नए सिरे से तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अमेरिका कूटनीति को आगे बढ़ाने को लेकर गंभीर नहीं है और वह लगातार युद्धविराम की शर्तों का उल्लंघन कर रहा है. ईरान का कहना है कि ईरानी मालवाहक जहाज पर अमेरिकी हमला, ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी और लेबनान में युद्धविराम लागू करने में देरी जैसे कदमों के कारण तेहरान को यह लग रहा है कि अमेरिका शांति और बातचीत के लिए तैयार नहीं है. इसी बीच यूरेनियम हैंडओवर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि संवर्धित यूरेनियम के हस्तांतरण को लेकर न तो इस वार्ता अवधि में और न ही इससे पहले अमेरिका के साथ कोई चर्चा हुई है.

पाकिस्तान में शांति वार्ता के लिए कूटनीतिक कोशिशें तेज

ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थ बना पाकिस्तान सीजफायर कराने का सेहरा अपने सिर बांधने के लिए बेताब है. दूसरे दौर की बातचीत के लिए तैयारी जारी है. पाकिस्तान ने पिछले 24 घंटों में अमेरिका और ईरान दोनों से राजनयिक संपर्क तेज कर दिए हैं. पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ईरानी दूतावास का दौरा कर राजदूत रजा अमीरी मोघद्दाम से मुलाकात भी की. पाकिस्तान ईरान को बातचीत के लिए राजी करने में लगा है.

पहली मीटिंग रही थी बेनतीजा

अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के संघर्ष विराम के बाद 11 और 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में सीधी बातचीत हुई थी. लेकिन, 21 घंटे की बैठक के बाद बैठक बेनतीजा रही. पहले दौर की बातचीत बिना किसी नतीजे के खत्म हो गयी थी. अब सबकी निगाहे दूसरे दौर की संभावित बैठक पर टिकी है.

Also Read: होर्मुज पर अड़ा ईरान, दूसरे दौर की वार्ता पर संशय, मुनीर ने ट्रंप को किया फोन

ईरान-इजरायल में छिड़ी ‘सभ्यता बनाम बर्बरता’ की जंग, नेतन्याहू ने अमेरिका पर दिया बड़ा बयान

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola