अमेरिका में बच्चों का स्कूल खुलते ही फिर कहर ढाने लगा कोरोना, महज सात दिनों में 1.41 लाख नौनिहाल संक्रमित
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Nov 2021 10:08 AM
अमेरिका में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है. आलम यह कि यहां पर बच्चों का स्कूल खुलते ही महज सात दिनों में करीब 1.41 लाख बच्चे संक्रमण की चपेट में आ गए, जिससे महामारी की तीसरी लहर का खतरा एक बार फिर दुनिया भर में मंडराने लगा है.
वॉशिंगटन : अमेरिका में बच्चों का स्कूल खुलते ही कोरोना महामारी ने एक बार फिर से कहर ढाना शुरू कर दिया है. आलम यह कि महज सात दिनों में ही अमेरिका के तकरीबन 1,41,905 स्कूली बच्चे कोरोना संक्रमण के शिकार हो गए हैं. अमेरिकन अकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (एएपी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में पिछले 11 से 18 नवंबर के बीच तकरीबन 1,41,905 स्कूली बच्चों के कोरोना वायरस के संक्रमण से ग्रस्त हो गए हैं. दुनिया के सबसे बड़े शक्तिशाली देश में अचानक बड़े पैमाने पर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अब कयास लगाए जाने लगे हैं कि महामारी की तीसरी लहर की कहीं शुरुआत तो नहीं हो गई है?
अमेरिकन अकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की रिपोर्ट की मानें, तो अमेरिका में पिछले दो सप्ताह की तुलना में स्कूली बच्चों में कोरोना वायरस के संक्रमण रफ्तार में करीब 32 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. एएपी के आंकड़े बताते हैं कि अमेरिका में पिछले सप्ताह पाए गए कोरोना संक्रमण के कुल मामलों में एक तिहाई केस स्कूली बच्चों के हैं.
मीडिया की रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि अमेरिका में बच्चों की कुल संख्या तकरीबन 22 फीसदी है. कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आने की वजह से स्कूलों में तीन फीसदी बच्चों की उपस्थिति कम रही. इससे अंदाजा यह लगाया जा रहा है कि अमेरिका के करीब 68 लाख से अधिक स्कूली बच्चे कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं.
Also Read: संसद का शीतकालीन सत्र 29 नवंबर से, कोरोना महामारी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में राहुल गांधी
हालांकि, अमेरिकन अकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की रिपोर्ट में राहत देने वाली बात यह है कि अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमित बच्चों की मौत होने की संख्या बेहद कम है. रिपोर्ट बताती है कि कोरोना महामारी की चपेट में आए करीब 6 अमेरिकी प्रांतों में संक्रमण की वजह से एक भी बच्चे की मौत नहीं हुई है. यहां के बच्चों में संक्रमण के सामान्य लक्षण दिखाई दे रहे हैं और वे हल्के बीमार हो रहे हैं.
-
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल के अक्तूबर में अमेरिका में 5 से 11 साल के कोरोना से संक्रमित करीब 8,300 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें करीब 172 बच्चों की मौत हो गई.
-
रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना महामारी में तेजी आने की वजह से अमेरिका के करीब 2,300 स्कूलों को बंद किया गया. इससे करीब 12 लाख बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










