इस्लामिक स्टेट ने की बगदादी के मारे जाने की पुष्टि, अबू इब्राहिम नया सरगना

Updated at : 31 Oct 2019 10:30 PM (IST)
विज्ञापन
इस्लामिक स्टेट ने की बगदादी के मारे जाने की पुष्टि, अबू इब्राहिम नया सरगना

बेरूत : इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन ने अपने सरगना अबू बकर अल-बगदादी के मारे जाने की पुष्टि की है. इसके साथ ही आतंकवादी संगठन ने बगदादी की जगह नया सरगना अबू इब्राहिम अल-हाशिमी अल-कुरैशी को बनाया है. इस आतंकवादी संगठन के बयान से यह जानकारी मिली है. इस आतंकवादी संगठन के प्रवक्ता अबू हमजा-अल कुरैशी […]

विज्ञापन

बेरूत : इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन ने अपने सरगना अबू बकर अल-बगदादी के मारे जाने की पुष्टि की है. इसके साथ ही आतंकवादी संगठन ने बगदादी की जगह नया सरगना अबू इब्राहिम अल-हाशिमी अल-कुरैशी को बनाया है. इस आतंकवादी संगठन के बयान से यह जानकारी मिली है. इस आतंकवादी संगठन के प्रवक्ता अबू हमजा-अल कुरैशी ने ऑडियो बयान में कहा है, हम अपने खलीफा की मौत का शोक मनाते हैं.

गौरतलब है कि 48 साल के बगदादी ने शनिवार को उत्तरी सीरिया के इदलिब प्रांत में अमेरिका के विशेष अभियान बलों के हमले के दौरान खुद को आत्मघाती बम से उड़ा लिया था. पेंटागन ने बगदादी पर उत्तर-पश्चिमी सीरिया में अमेरिकी बलों के हमलों से जुड़े छोटे वीडियो जारी किये हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को बगदादी के मारे जाने की घोषणा की थी. अमेरिका की केंद्रीय कमान के कमांडर जनरल केनैथ मैकेंजी ने पेंटागन में संवाददाता सम्मेलन में हमले के छोटे वीडियो जारी किये और संवाददाताओं को बताया कि हमले के बाद बगदादी का परिसर एक पार्किंग स्थल की तरह लग रहा था जिसमें बहुत सारे गड्ढे हों. उन्होंने कहा कि परिसर को इस तरह से तबाह किया गया है कि इस पर कोई मजार या स्मारक बनाने की कोई गुंजाइश नहीं बचे. यह मैदान का एक टुकड़ा भर रह गया है.

मैकेंजी ने कहा कि सुरंग में जान बचाते भागते बगदादी से पहले अमेरिकी जवानों ने आईएसआईएस के पांच सदस्यों को मार गिराया था. उनमें चार महिलाएं शामिल थीं जिन्होंने अमेरिकी बलों पर गोलीबारी की. उन्होंने कहा कि 12 वर्ष से कम उम्र के दो बच्चे भी इस हमले में मारे गये. पहले माना जा रहा था कि हमले तीन बच्चों की मौत हुई है. उन्होंने बगदादी के अंतिम क्षणों के बारे में बताया, वह दो छोटे बच्चों के साथ गड्ढे में रेंग रहा था, उसने खुद को उड़ा लिया. जबकि उसके लोग वहां ऊपर ही थे. इस हरकत से आप समझ सकते हैं कि वह किस तरह का व्यक्ति था. मैकेंजी ने कहा कि चार महिलाओं और दो पुरुषों समेत आईएसआईएस के सभी छह सदस्य मारे गये.

उन्होंने कहा कि इसके अलावा दो बच्चे तब मारे गए जब बगदादी ने खुद को उड़ा लिया. उन्होंने बताया कि हमलावर बलों ने 11 बच्चों को बचाया है और दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है. अभियान के बारे में अमेरिकी जनरल ने बताया कि बलों ने सुरंग से उल्लेखनीय मलबा हटा दिया है. डीएनए परीक्षण से पहचान की पुष्टि करने के लिए बगदादी के अवशेष संभाल कर रख लिये थे. औपचारिक डीएनए परीक्षण के लिए नमूने एकत्रित करने के बाद बगदादी के अवशेषों को समुद्र में डुबो दिया गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola