ePaper

‘हाउडी मोदी’ में दिखा अपना मिनी इंडिया, 50 हजार से ज्यादा भारतीय बने गवाह, करोड़ों लोगों ने इसे टीवी पर देखा

Updated at : 23 Sep 2019 8:42 AM (IST)
विज्ञापन
‘हाउडी मोदी’ में दिखा अपना मिनी इंडिया, 50 हजार से ज्यादा भारतीय बने गवाह, करोड़ों लोगों ने इसे टीवी पर देखा

गुरबाणी, योग, भांगड़ा गरबा की रही धूम राष्ट्रगान से शुरू हुआ ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम ह्यूस्टन : ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम के दौरान रविवार को अमेरिका का ह्यूस्टन शहर पूरी तरह भारतीय रंगों में रंगा दिखा. ह्यूस्टन स्थित एनआरजी स्टेडियम के हाउडी मोदी मंच पर पंजाबी भांगड़ा, गुजराती गरबा, गुरबाणी से लेकर गुरुर्ब्रह्म, गुरुर्विष्णु जैसे संस्कृत के […]

विज्ञापन
गुरबाणी, योग, भांगड़ा गरबा की रही धूम
राष्ट्रगान से शुरू हुआ ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम
ह्यूस्टन : ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम के दौरान रविवार को अमेरिका का ह्यूस्टन शहर पूरी तरह भारतीय रंगों में रंगा दिखा. ह्यूस्टन स्थित एनआरजी स्टेडियम के हाउडी मोदी मंच पर पंजाबी भांगड़ा, गुजराती गरबा, गुरबाणी से लेकर गुरुर्ब्रह्म, गुरुर्विष्णु जैसे संस्कृत के मंत्र और एकला चलो रे … गीत की परफॉर्मेंस दी गयी.
इस मंच पर पूरी भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली. यही नहीं, भारत-अमेरिका की दोस्ती और सांस्कृतिक संबंधों को भी पर्दे पर उकेरा गया. समोसे से लेकर बर्गर तक, अमिताभ बच्चन से लेकर ब्रैड पिट तक की जुगलबंदी को भी दर्शाया गया. मंच पर योग के आसन भी किये गये. दुनिया को भारत की ओर से दिये गये बौद्ध मत और योग के बारे में भी बताया गया.
देश के मशहूर गजल गायक रहे जगजीत सिंह की गजल ‘झुकी-झुकी सी नजर’ की भी प्रस्तुति दी गयी. स्टेडियम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का ऐसा समां बंधा, मानो यहां मिनी इंडिया ही आ बसा हो. यही नहीं, ट्रंप और मोदी के संबोधन से पहले भारतीय-अमेरिकी स्पर्श शाह ने राष्ट्रगान गाकर यहां देशभक्ति ही जगा दी. इस कार्यक्रम का 50 हजार से ज्यादा भारतीय गवाह बने और करोड़ों लोगों ने इसे टीवी पर देखा. कार्यक्रम में 50 से अधिक अमेरिकी सांसदों ने भी हिस्सा लिया. पीएम मोदी के मंच पर अमेरिका राष्ट्रपति के आने को कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
राष्ट्रपति की मुहर की जगह भारत-अमेरिका दोस्ती ध्वज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत और अमेरिका के संबंधों को दर्शाने का असाधारण तरीका अपनाते हुए राष्ट्रपति के भाषण मंच से राष्ट्रपति की मुहर को हटा कर ‘भारत-अमेरिका दोस्ती ध्वज’ प्रतीक अंकित किया.
परंपरा के अनुसार, प्रत्येक मंच जहां से अमेरिकी राष्ट्रपति भाषण देते हैं – चाहे संयुक्त संवाददाता सम्मेलन हो या चुनावी भाषण या घरेलू अथवा विदेशी स्तर पर बोलना हो- उस पर राष्ट्रपति का प्रतीक मौजूद होता है. हालांकि, इसमें कुछ बदलाव करते हुए और कई के लिए इसे सुखद आश्चर्य साबित करते हुए राष्ट्रपति के भाषण मंच पर एक गोलाकार प्रतीक अंकित किया गया, जिसमें अमेरिका और भारत दोनों के ध्वज बने हुए थे.
जन्म से ही दुर्लभ बीमारी से ग्रसित 16 वर्षीय भारतीय-अमेरिका स्पर्श ने हाउडी मोदी कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रगान गाया. ऑस्टियोजेनेसिस इम्परफेक्टा बीमारी के चलते स्पर्श की हड्डियां अब तक 130 बार टूट चुकी हैं.
स्पर्श अब व्हीलचेयर पर ही रहते हैं. इतने विषम हालात के बावजूद स्पर्श का हौसला कमजोर नहीं पड़ा है. हाउडी मोदी कार्यक्रम में मोदी और ट्रंप की मौजूदगी में स्पर्श ने राष्ट्रगान गाया. इससे पहले स्पर्श ने बताया कि वह प्रधानमंत्री मोदी से मिलने को काफी उत्सुक हैं. सपर्श ने कहा-इतने सारे लोगों के सामने राष्ट्रगान गाना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. न्यूजर्सी में रहने वाले स्पर्श गायक और रैपर होने के साथ मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं.
मोदी के नेतृत्व में गरीबी से बाहर निकल पाया है भारत : डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम मोदी और मैं भारत और अमेरिका को जोड़ने वाले संबंधों का जश्न मनाने आये हैं. भारत के लोगों का अमेरिका में होना सौभाग्य की बात है. मुझे आपसे प्यार है. मैंने कहा था कि व्हाइट हाउस में भारत एक विश्वसनीय दोस्त है. मैं यह भी कह सकता हूं कि आपको भी डॉनल्ड ट्रंप से अच्छा दोस्त नहीं मिलेगा. पीएम मोदी यह बात जानते हैं. दोनों देशों के संविधान तीन शब्दों से शुरू होते हैं- वी द पीपल. पीएम मोदी के नेतृत्व में लोग उभरता हुआ भारत देख रहे हैं. मोदी के नेतृत्व में भारत 30 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाल पाया है.
दोनों देश कर रहे बड़ा निवेश
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका हर दिन अर्थव्यवस्था में नये रेकॉर्ड बना रहा है. टैक्सास में बेरोजगारी सबसे निचले स्तर पर है. मैं भारत और अमेरिका के संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर जाते हुए देख रहा हूं. भारत और अमेरिका बड़ी मात्रा में एक-दूसरे के देशों में निवेश कर रहे हैं. सुरक्षा के लिहाज से दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं. अगले हफ्ते मुंबई में सैकड़ों लोग एनबीए बास्केट बॉल मैच देखेंगे. पीएम मोदी बुलायेंगे, तो मैं भी आ सकता हूं.
दोस्त के साथ शानदार वक्त गुजरेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ह्यूस्टन पहुंचने से पहले कहा था कि इस मेगा इवेंट में दोस्त (प्रधानमंत्री मोदी)के साथ अच्छा वक्त गुजरेगा. हम ह्यूस्टन रवाना हो रहे हैं. यहां एक बड़े और बेहतरीन स्टेडियम में हम होंगे, जो लोगों से भरा होगा. मैंने सुना है कि स्टेडियम में जबरदस्त भीड़ होगी.
बच्चे ने मोदी-ट्रंप को रोक ली सेल्फी
‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम के दौरान मोदी और ट्रंप जब मंच की ओर आ रहे थे, तो हर कोई उनके स्वागत में खड़ा था. पूरे स्टेडियम में मोदी-मोदी के नारे लगे रहे थे, लेकिन उसी दौरान सभी का ध्यान एक बच्चे की ओर गया. दरअसल, मंच के रास्ते पर दोनों नेताओं के स्वागत में खड़े लोगों के बीच मौजूद भारतीय मूल के बच्चे ने ट्रंप और मोदी का रास्ता रोक सेल्फी ली. बच्चे की मंशा जानकर मोदी और ट्रंप बच्चे के साथ आ खड़े हुए और तस्वीर खिंचायी.
ह्यूस्टन में अलग-अलग समुदाय सेमिले प्रधानमंत्री, सुनी सबकी बात
भारतीय अमेरिकी
पीएम मोदी रविवार को ह्यूस्टन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय और प्रवासी भारतीयों से मिले. ‘हाउडी मोदी’ को लेकर यह समुदाय बेहद उत्साहित था. इस दौरान पीएम ने एक बच्चे को गोद उठाकर प्यार किया. रिपब्लिकन हिंदू कॉलिशन के शलभ कुमार ने कहा कि यह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के मुंह पर तमाचा है.
सिख समुदाय
सिखों के 50 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल पीएम से मिला. इस दौरान काली सूची से समुदाय के 312 लोगों के नाम हटाने के लिए पीएम का शुक्रिया अदा किया. प्रतिनिधिमंडल ने पीएम से गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती पर नयी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी एयरपोर्ट का नाम गुरु नानक देव के नाम पर करने का अनुरोध किया.
कश्मीरी पंडित
पीएम मोदी से मिल कर कश्मीरी पंडित भावुक हो गये. प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने मोदी का हाथ चूमते हुए कहा कि सात लाख कश्मीरी पंडितों की ओर से शुक्रिया अदा करते हैं. इस दौरान पीएम ने कहा कि आप लोगों ने काफी कुछ झेला है. अब कश्मीर में नयी हवा बह रही है. हम साथ मिल एक नया कश्मीर बनायेंगे, जो सबके लिए होगा.
दाउदी बोहरा
प्रधानमंत्री ने दाउदी बोहरा समुदाय के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की. पीएमओ ने ट्वीट किया, दाऊदी बोहरा समुदाय ने ह्यूस्टन में पीएम मोदी का अभिनंदन किया. उन्होंने अपने समुदाय के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मोदी के इंदौर दौरे को याद करने के साथ ही सैयदना साहब के साथ मोदी के जुड़ाव पर प्रकाश डाला.
केंद्रीय मंत्री रंगे ‘हाउडी मोदी’ के रंग में
केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर, पीयूष गोयल, स्मृति इरानी, रामविलास पासवान, नरेंद्र सिंह तोमर, जितेंद्र सिंह समेत कई मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने ट्विटर पर हाउडी मोदी को अपना प्रोफाइल बनाया. केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस संबंध में एक ट्वीट किया है और कहा है कि वह भी 125 करोड़ भारतीयों के साथ हाउडी मोदी इवेंट के लिए उत्साहित हैं, जब पीएम नरेंद्र मोदी पूरी दुनिया को संबोधित करेंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola