बंगाल चुनाव 2021 के पांचवें चरण में भी जारी रही हिंसा, मतदान केंद्र में बीजेपी के पोलिंग एजेंट की मौत
Assembly Elections, Phase 5 voting in West Bengal, पांचवें चरण 2021 लाइव अपडेट: बंगाल चुनाव 2021 के पांचवें चरण में भी हिंसा जारी रही. कहीं गोली चली, तो कहीं पत्थरबाजी हुई. उत्तर 24 परगना के कमरहट्टी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के एक पोलिंग एजेंट की बूथ में ही मौत हो गयी. पूर्वी बर्दवान, उत्तर 24 परगना और नदिया में भी हिंसा हुई. नदिया में महिलाओं को सुरक्षा बलों के जवानों को खरी-खोटी सुनाते देखा गया. पांचवें चरण में 78 फीसदी से अधिक मतदान हुआ. इससे पहले के चार चरणों में इससे अधिक वोटिंग हुई थी. बंगाल में प्रथम चरण के चुनाव में 84.13 प्रतिशत, दूसरे चरण में 86.11 प्रतिशत, तीसरे चरण में 84.61 प्रतिशत और चौथे चरण में 79.90 प्रतिशत मतदान हुआ था. आज का मतदान संपन्न होने के साथ ही 6 जिलों की 45 विधानसभा सीट के 319 उम्मीदवारों की किस्मत इवीएम में बंद हो गयी. राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच 8 चरणों में चुनाव कराये जा रहे हैं. 27 मार्च, 1 अप्रैल, 6 अप्रैल, 10 अप्रैल और 17 अप्रैल को पांच चरणों की वोटिंग हुई. 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को क्रमश: छठे, सातवें और आठवें चरण की वोटिंग होगी. सभी सीटों पर मतगणना 2 मई को एक साथ करायी जायेगी. चुनाव से जुड़ी हर अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ.
कमरहट्टी में भाजपा उम्मीदवार राजू बनर्जी पर हमला
पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण के मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कमरहट्टी विधानसभा सीट के उम्मीदवार राजू बनर्जी पर हमला हुआ है. बीजेपी का कहना है कि राजू बनर्जी इलाके के एक मतदान केंद्र का जायजा लेने जा रहे थे, उसी समय रास्ते में नकाबपोश तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया. भाजपा ने चुनाव आयोग में इसकी शिकायत की, जिसके बाद आयोग ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है.
शाम 5 बजे तक बंगाल में 78.36 फीसदी हुआ मतदान
पश्चिम बंगाल की 45 विधानसभा सीटों पर शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक 78.36 फीसदी वोटिंग हुई. सबसे ज्यादा मतदान 81.73 फीसदी मतदान जलपाईगुड़ी में हुआ. सबसे कम 69.56 प्रतिशत वोटिंग कलिम्पोंग में हुई. दार्जीलिंग में 74.31 फीसदी, नदिया में 81.57 फीसदी, उत्तर 24 परगना में 74.83 फीसदी और पूर्वी बर्दवान में 81.72 फीसदी वोटिंग हुई है. मतदान शाम 6:30 बजे तक होनी है.
भाजपा उम्मीदवार पिया साहा पर हमला, कार के शीशे तोड़े, बम भी फेंके
बीरभूम जिला में भारतीय जनता पार्टी की एक महिला उम्मीदवार पर हमला हुआ है. उनकी कार के शीशे तोड़ दिये गये. मामला सैंथिया विधानसभा क्षेत्र का है. भाजपा की ओर से बताया गया है कि सैंथिया की भाजपा प्रत्याशी पिया साहा के काफिले में चल रही गाड़ियों पर तृणमूल के गुंडों ने हमला किया. गाड़ियों के शीशे तोड़ दिये. बम से हमला किया गया. घटना उस वक्त हुई, जब पुरोंदपुर के गांटे गांव में पिया साहा प्रचार करने जा रहीं थीं. गांटे गांव कोमा पंचायत के अंतर्गत आता है.
अब तक 70 फीसदी वोटिंग
पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण की वोटिंग के दौरान अब तक 70 फीसदी से अधिक लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं. एएनआइ की मानें, तो 3:15 बजे तक 62.40 फीसदी वोटिंग हुई थी. सबसे अधिक वोटिंग जलपाईगुड़ी में हुई है. अपराह्न 3:00 बजे तक ही 74.71 फ़ीसदी लोगों ने वोट डाल लिये थे. नदिया में 72.68 फीसदी, पूर्वी बर्दवान में 72.21 फीसदी, उत्तर 24 परगना में 65.69 फीसदी, , कलिम्पोंग में 62.71 फीसदी और दार्जीलिंग में 64.48 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया है.
इवीएम बिगड़ा, मतदान रुका
नदिया जिला के शांतिपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 21 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (इवीएम) बिगड़ जाने की वजह से वोटिंग रुकी हुई है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए