Wrestlers Protest: पहलवानों के समर्थन में धरना स्थल पहुंचे अरविंद केजरीवाल, कहा- ‘न्याय मिलना चाहिए’
Wrestlers Protest Live Updates: दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश के शीर्ष पहलवानों का धरना-प्रदर्शन जारी है. बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक जैसे ओलंपिक पदक विजेता रेसलर प्रदर्शन की अगुआई कर रहे हैं. पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाया है. उनकी शिकायत पर दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज की है. हालांकि अभी भी पहलवानों ने धरना प्रदर्शन खत्म करने का फैसला नहीं किया है. इस मामले से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए जुड़े रहें prabhatkhabar.com के साथ.
Wrestlers Protest Live: धरना स्थल पर पहुंचे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहलवानों के धरने में शामिल हो गए हैं. केजरीवाल शनिवार को धरना स्थल जंतर मंतर पहुंचे. उन्होंने सभी पहलवानों से मुलाकात की. केजरीवाल ने कहा कि ‘देश की पहलवान बहनों के साथ गलत हुआ है. उन्हें न्याय मिलना चाहिए. पूरा तंत्र आरोपी को बचाने में लगा हुआ है. गलत काम करने वाले को सख्त सजा मिलनी चाहिए.’ बता दें कि इससे पहले प्रियंका गांधी भी इस धरने का हिस्सा बनी थीं.
Wrestlers Protest Live: बबिता फोगाट ने प्रियंका गांधी पर किया हमला
बबिता फोगाट ने ट्विटर पर लिखा, ‘प्रियंका वड्रा अपने निजी सचिव संदीप सिंह को ले कर जंतर मंतर महिला पहलवानों को न्याय दिलाने पहुंची हैं लेकिन इस व्यक्ति पर खुद महिलाओं से छेड़छाड़ और एक दलित महिला को दो कौड़ी की औरत कहने जैसे तमाम आरोप लगे हैं.’
प्रदर्शकारी पहलवानों को सुरक्षा देगी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारी पहलवानों को सुरक्षा मुहैया कराएगी. बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एक नाबालिग समेत कुल 7 खिलाड़ियों ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की है. पुलिस जल्द ही पीड़ितों के बयान दर्ज करेगी. आरोप है कि बृजभूषण शरण सिंह ने न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान महिला पहलवानों का यौन शोषण किया.
दिल्ली पुलिस ने पहलवानों को दी FIR की कॉपी
पहलवानों को एफआईआर की एक कॉपी दी गई है. POCSO के तहत दर्ज एफआईआर की कॉपी पहलवानों को नहीं दी गई, क्योंकि यह केवल पीड़ित परिवार को दी जाएगी. यह जानकारी दिल्ली पुलिस द्वारा दी गई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए