ePaper

नीरज चोपड़ा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 28 सदस्यीय भारतीय दल का करेंगे नेतृत्व

Updated at : 08 Aug 2023 9:23 PM (IST)
विज्ञापन
नीरज चोपड़ा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 28 सदस्यीय भारतीय दल का करेंगे नेतृत्व

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे. 28 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी गयी है. इस प्रतियोगिता में भारत की ओर से यह रिकॉर्ड संख्या है. इससे पहले कभी 28 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिए थे.

विज्ञापन

हंगरी के बुडापेस्ट में 19 से 27 तक होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 के लिए करीब 28 सदस्यों वाली भारतीय टीम की अगुवाई भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा करेंगे. विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में क्वालीफिकेशन की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी और इस बार भारत के पास यूजीन (23) में पिछले संस्करण की तुलना में विश्व में अच्छी संख्या में खिलाड़ी हैं. चार पुरुष भाला फेंक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए चुना गया, जिसमें नीरज चोपड़ा ने पिछले साल डायमंड लीग जीतकर अपना कोटा हासिल किया था.

रिकॉर्ड बना सकते हैं नीरज चोपड़ा

ओलंपिक चैंपियन को सीधे प्रवेश मिलने के साथ, भारत को इस आयोजन में तीन और एथलीटों को शामिल करने का अवसर मिला और अंततः, रोहित यादव, डीपी मनु और किशोर कुमार जेना ने विश्व रैंकिंग में जगह बनाई. कुल 36 भाला फेंकने वालों का चयन किया गया है और किशोर ने श्रीलंका राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पीबी थ्रो के बाद पिछले सप्ताह की रैंकिंग से तीन स्थान की छलांग लगाकर 36वें स्थान पर कब्जा कर लिया है. 28 सदस्यीय दल में से केवल नौ प्रवेश मानक मार्ग से आगे बढ़े और बाकी विश्व रैंकिंग के आधर पर अपनी जगह पक्की की. पिछले साल, नीरज चोपड़ा पदक (रजत) हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय थे और कुल मिलाकर भारत के पास प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में केवल दो पदक विजेता हैं. इस बार अच्छी टीम के साथ भारत के पास अपना पहला ऐतिहासिक गोल्ड पक्का करने का मौका है.

Also Read: ओलंपिक में गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने Range Rover Velar पर साधा निशाना, आखिर क्या है SUV की खासियत
खेल मंत्रालय ने की टीम की घोषणा

एक हैरान करने वाली बात यह है कि टीम की घोषणा भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) की जगह खेल मंत्रालय ने की. एएफआई ने हालांकि कहा कि अधिकांश प्रतिभागी खिलाड़ी मौसम से सामंजस्य बैठाने के लिए हंगरी पहुंच चुके हैं. गत डाइमंड लीग चैंपियन चोपड़ा की नजरें बुडापेस्ट में स्वर्ण पदक जीतने पर टिकी हैं. ट्रेनिंग के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दो डाइमंड लीग प्रतियोगिताओं के बीच तीन शीर्ष टूर्नामेंट से बाहर रहने वाले 25 साल के चोपड़ा अभी स्विट्जरलैंड के मैगलिनगेन में ट्रेनिंग कर रहे हैं.

90 मीटर का लक्ष्य भेदेंगे नीरज चोपड़ा

चोपड़ा का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहा में 88.67 मीटर है. यह चेक गणराज्य के याकुब वाडलेच (89.51 मीटर) और जर्मनी के जूलियन वेबर (88.72 मीटर) के बाद सत्र का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है. इस बीच एशियाई रिकॉर्ड धारक गोला फेंक खिलाड़ी तेजिंदर पाल सिंह तूर 19 से 27 अगस्त तक होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से हट गये हैं, क्योंकि वह ग्रोइन की चोट से उबर रहे हैं. उन्होंने जुलाई में एशियाई चैंपियनशिप के दौरान यह चोट लगी थी.

ऊंची कूद में तेजस्विन शंकर का नेशनल रिकॉर्ड

ऊंची कूद में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस्विन शंकर, 800 मीटर की धावक केएम चंदा और 20 किमी पैदल चाल की खिलाड़ी प्रियंका गोस्वामी (राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक) ने भी विश्व चैंपियनशिप में नहीं खेलने का फैसला किया है और इसकी जगह ये चीन के हांगझोउ में 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों पर ध्यान लगाएंगे. एएफआई के एक सूत्र ने बताया, ‘तेजिंदर एशियाई चैंपियनशिप के दौरान लगी चोट से उबर रहे हैं और अन्य ने सूचित किया है कि वे विश्व चैंपियनशिप की जगह एशियाई खेलों पर ध्यान लगाएंगे.’

चार गुणा 400 मीटर रिले टीम से भी हैं उम्मीदें

तूर ने बैंकॉक में 14 जुलाई को एशियाई चैंपियनशिप में अपने दूसरे प्रयास में 20.23 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था लेकिन ग्रोइन में दर्द के कारण अपने आगे के प्रयास नहीं किए. तूर विश्व चैंपियनशिप 2022 में भी ग्रोइन की चोट के कारण हिस्सा नहीं ले पाए थे. इस चोट के कारण उन्हें बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों से भी बाहर होना पड़ा था. एएफआई को मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले टीम के भी विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीद थी लेकिन 30 जुलाई को क्वालीफिकेशन समय सीमा खत्म होने पर वे 17वें स्थान पर थे जबकि शीर्ष 16 टीम को रिले स्पर्धा में जगह मिली.

भाला फेंक में 4 खिलाड़ी भेज सकता था भारत

भारत को पुरुष भाला फेंक में चार खिलाड़ियों को उतारने का मौका मिला था क्योंकि चोपड़ा को गत डाइमंड लीग चैंपियन होने के कारण वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिला. हालांकि कोहनी की सर्जरी के कारण रोहित यादव प्रतियोगिता से हट गए. एक स्पर्धा में एक देश वाइल्ड कार्ड से प्रवेश के अलावा तीन खिलाड़ी उतार सकता है. खिलाड़ी क्वलीफाइंग स्तर हासिल करने के अलावा विश्व रैंकिंग कोटा के जरिए टूर्नामेंट में जगह बना सकते हैं.

भारतीय टीम इस प्रकार है

महिला : ज्योति याराजी (100 मीटर बाधा दौड़), पारुल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेज), शैली सिंह (लंबी कूद), अन्नु रानी (भाला फेंक) और भावना जाट (20 किमी पैदल चाल).

पुरुष : कृष्ण कुमार (800 मीटर), अजय कुमार सरोज (1500 मीटर), संतोष कुमार तमिलरनसन (400 मीटर बाधा दौड़), अविनाश मुकुंद साबले (3000 मीटर स्टीचलचेज), सर्वेश अनिल कुशारे (ऊंची कूद), जेस्विन एल्ड्रिन (लंबी कूद), एम श्रीशंकर (लंबी कूद), प्रवीण चित्रावेल (त्रिकूद), अब्दुल्ला अबूबाकर (त्रिकूद), एल्धोज पॉल (त्रिकूद), नीरज चोपड़ा (भाला फेंक), डीपी मनु (भाला फेंक), किशोर कुमार जेना (भाला फेंक), आकाशदीप सिंह (20 किमी पैदल चाल), विकास सिंह (20 किमी पैदल चाल), परमजीत सिंह (20 किमी पैदल चाल), राम बाबू (35 किमी पैदल चाल), अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल, मोहम्मद अनस, राजेश रमेश, अनिल राजलिंगमऔर मिजो चाको कुरियन (पुरुष चार गुणा 400 मीटर रिले).

भाषा इनपुट के साथ

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola