Jharkhand Panchayat Chunav Live: झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी सिंहभूम में 60 फीसदी वोटिंग
Jharkhand Panchayat Chunav Second Phase Live Updates: झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग दोपहर तीन बजे खत्म हो गयी. चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया. 16 जिलों के 51 प्रखंडों की 872 ग्राम पंचायतों में कड़ी सुरक्षा में मतदान हुआ.
पश्चिमी सिंहभूम में 60 फीसदी वोटिंग, वज्रगृह पहुंचाये गये मतपेटी
चाईबासा (सुनील सिन्हा) : त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में 60 फीसदी वोटिंग हुई. जिले के मनोहरपुर, आनंदपुर, गुदडी, नोवामुंडी व टोंटो प्रखंड में करीब 60% मतदान हुआ है. मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा. इस दौरान मनोहरपुर में 52%, आनंदपुर में 60%, गुदडी में 52%, नोवामुंडी में 60% और टोंटो प्रखंड में 55% वोट डाले गये. वोटिंग को लेकर मतदाताओं मे सुबह से ही उत्साह रहा. सुबह से ही लोग बूथों पर पहुंचने लगे थे.
पलामू में 69.67 फीसदी वोटिंग
पलामू (चंद्रशेखर सिंह) : झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में पलामू में 69.67 फीसदी वोटिंग हुई. जिले के पांच प्रखंड में गुरुवार की सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हुई. गर्मी के मौसम में सुबह में बूथों पर मतदाताओं की भीड़ दिखी. इसके बाद धीरे-धीरे मतदाताओं की संख्या में कमी आयी, लेकिन मतदाताओं में वोट देने क उत्साह कम नहीं दिखा.
प्रखंडवार वोटों की स्थिति प्रखंड : वोट (प्रतिशत में) नौडीहा बाजार : 66.70 छत्तरपुर : 70.11 नवा बाजार : 68.03 पड़वा : 71.50 पाटन : 70.87
गुमला में करीब 64 फीसदी हुआ मतदान
गुमला (दुर्जय पासवान) : झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में गुमला जिला के तीन प्रखंडों में करीब 64 फीसदी मतदान हुआ. दूसरे चरण में इस जिले के गुमला, घाघरा और बिशुनपुर प्रखंड में शांतिपूर्ण वोटिंग हुई. वोटिंग को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया. दूसरे चरण में भी बुलेट पर बैलेट भारी पड़ा.
प्रखंडवार वोटिंग की स्थिति प्रखंड : मतदान (प्रतिशत में) गुमला : 65.57 घाघरा : 60.63 बिशुनपुर : 65.57
तोरपा के दो बूथ के बदलने से वोट देने से वंचित हुए फटका के वोटर्स
तोरपा (सतीश शर्मा) : झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में खूंटी जिला के तोरपा प्रखंड स्थित फटका गांव के ग्रामीण इस बार वोट देने से वंचित हो गये हैं. कारण है फटका के बूथ संख्या 185 और 186 को बदल कर 10 किलोमीटर दूर राजकीय प्राथमिक विद्यालय, डेरांग में पुनर्स्थापित करना है. बूथ बदलने से नाराज फटका मौजा के मतदाताओं ने वोट नहीं डाल पाये. इस संबंध में ग्राम प्रधान लेचा मुंडा ने कहा कि हम वोट का बहिष्कार नहीं कर रहे हैं. हम बूथ बदलने का विरोध कर रहे हैं. लोकसभा हो या विधानसभा का चुनाव गांव के ही स्कूल में बूथ स्थापित रहता है, लेकिन इस बार यहां से दस किलोमीटर दूर बूथ स्थापित कर दिया गया. फटका के टोला संकतयोर, फडिंगा गांव से डेरांग की दूरी 15 किलोमीटर दूर है. ऐसे में बुजुर्ग, महिला मतदाताओं सहित युवाओं को भी मतदान करने जाने में दिक्कत होगी. इसी बीच एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट अनुराधा, थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह, बीसीओ जितेंद्र मिंज आदि लोगों को समझाने फटका स्कूल पहुंचे. उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से मतदान केंद्र बदला गया है. मतदान जरूरी है इसिलए सभी मतदाता मतदान करने चले. सभी मतदाताओं के लिए वाहन की व्यवस्था की जायेगी. इसके बावजूद ग्रामीण नहीं माने.
धनबाद में 68.5 फीसदी वोटिंग
धनबाद (संजीव कुमार) : झारखंड पंचायत के दूसरे चरण में धनबाद जिले में 68 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई. इस जिले के दो प्रखंड बाघमारा और धनबाद प्रखंड में चुनाव संपन्न हुआ. वोटिंग समाप्ति के बाद बाघमारा प्रखंड में 70.28 फीसदी और धनबाद प्रखंड में 66.73 फीसदी मतदान हुआ. इधर, वोटिंग खत्म होने के बाद 73 पंचायत के 786 मतदान केंद्र से चुनाव सामग्री लेकर पोलिंग पार्टियां क्लस्टर होते हुए सीधे राजकीय पॉलिटेक्निक, धनबाद पहुंच रही है. यहां बाघमारा प्रखंड की चुनाव सामग्री को रिसिव करने के लिए 17 और धनबाद प्रखंड के लिए तीन काउंटर तैयार किये गये हैं.
खूंटी के ताेरपा प्रखंड में 186 बूथों पर 60 फीसदी से अधिक वोटिंग
तोरपा (सतीश शर्मा) : झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग संपन्न हुई. खूंटी जिला के तोरपा प्रखंड में 186 बूथों पर 60.46 फीसदी वोटिंग हुई है. गांव की सरकार बनाने के लिए सुबह से मतदाता बूथ पर उमड़ पड़े थे. शहरी क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया. गांव के बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन देखी गयी. कुल 72,014 मतदाताओं में से 43,543 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस दौरान 21,241 पुरुष तथा 22,302 महिला मतदाताओं ने गांव की सरकार बनाने के लिए वोट डाले. सबसे कम तोरपा पश्चिमी के बूथ संख्या 88 ( आरसी बॉयज मिडिल स्कूल) पर 38 प्रतिशत मतदान हुआ. यहां पर 253 मतदाताओं में से 96 ने अपना मत डाला. सबसे अधिक मतदान सोंदारी पंचायत के सेमरतोली स्थित बूथ संख्या 132 पर हुआ. यहां पर मतदान का प्रतिशत 81.6 प्रतिशत रहा. कुल 413 मतदाताओं में से 337 ने मतदान किया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए