Jharkhand Breaking News: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! 18 एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को रहेंगी रद्द
Jharkhand Breaking News Live Updates in Hindi: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
यात्रीगण कृपया ध्यान दें! 18 एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को रहेंगी रद्द
चक्रधरपुर (पश्चिमी सिंहभूम) : खड़गपुर-भद्रक रेलखंड के बहनागा बाजार स्टेशन पर ट्रैक रख-रखाव का कार्य हो रहा है. इस कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने 27 जून को 18 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है. जिसमें बालासोर-भद्रक मेमू स्पेशल, हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, हावड़ा-पुरी शताब्दी एक्सप्रेस, हावड़ा-भद्रक एक्सप्रेस, खड़गपुर-खुर्दा रोड एक्सप्रेस, खड़गपुर-जजपुर क्योंझर रोड एक्सप्रेस,शालीमार-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस, शालीमार-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस, संतरागाछी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस, भद्रक-हावड़ा एक्सप्रेस, जाजपुर क्योंझर रोड-खड़गपुर एक्सप्रेस, पुरी-हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस, भद्रक-बालासोर मेमू स्पेशल, खुर्दा रोड-खड़गपुर एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-शालीमार एक्सप्रेस, पुरी-शालीमार एक्सप्रेस,संबलपुर-शालीमार एक्सप्रेस व विल्लुपुरम-खड़गपुर एक्सप्रेस ट्रेन शामिल है. वहीं, उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन परिवर्तित मार्ग झारसुगुड़ा रोड से होकर चलेगी.
पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव थाना क्षेत्र स्थित सिलफोडी गांव के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी. बताया गया कि ओडिशा के घाघरबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नकसरा निवासी 60 वर्षीय शैलेश गिरी और मझगांव थाना क्षेत्र के डाबुसाई निवासी 20 वर्षीय सुरेंद्र चातर समेत एक अन्य युवक मझगांव के कुशनुपुर साप्ताहिक बाजार से नकसरा गांव जा रहे थे. उसी दौरान तेज गति से जा रही बाइक असंतुलित होकर कल्वर्ट के नीचे जा गिरा. जिससे शैलेश गिरी और सुरेंद्र चातर लहूलुहान हो गये. शैलेश गिरी को सर समेत अन्य जगहों पर गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं, मृतक के परिजनों को सूचना मिलने के बाद गांव में मातम छा गया.
झारखंड में दो आईएएस अधिकारियों की हुई ट्रांसफर-पोस्टिंग

रांची : झारखंड सरकार ने सोमवार 26 जून, 2023 को दो आईएएस अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की है. राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष सचिव सुमन कैथरीन किस्पोट्टा को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है. वहीं, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के विशेष सचिव लालचंद डाडेल को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक संताल परगना का प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी की है.
वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन मौके पर राज्यपाल को शामिल होने का मिला आमंत्रण
रांची : झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से सोमवार को राजभवन में रांची रेल मंडल के डीआरएम प्रदीप गुप्ता ने भेंट की. इस दौरान 27 जून को रांची -पटना एवं पटना- रांची के मध्य चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन मौके पर शामिल होने का आमंत्रण दिया गया.
झारखंड कैबिनेट की बैठक में 43 प्रस्तावों पर लगी मुहर
रांची : झारखंड कैबिनेट की बैठक सोमवार 26 जून, 2023 को रांची के धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट बिल्डिग में हुई. इस बैठक में 43 प्रस्तावों पर मुहर लगी है.
27 जून का पीएम मोदी रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 27 जून, 2023 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरीये रांची-पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसको लेकर सोमवार 26 जून को रांची रेल मंडल के डीआरएम प्रदीप गुप्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भेंट कर वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन मौके पर शामिल होने का आंमत्रण दिया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए