Jharkhand News: दहेज की खातिर कोडरमा के सतगावां में विवाहिता की हत्या कर शव को जलाया, सभी आरोपी फरार
Published by : Samir Ranjan Updated At : 25 Oct 2022 7:49 PM
कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र स्थित सरवाहना में दहेज हत्या का मामला सामने आया है. ससुराल वालों पर आरोप है कि विवाहिता की हत्या कर शव को जला दिया. इस घटना के बाद से ससुराल परिवार के सभी सदस्य फरार है. वहीं, मृतक के पिता ने मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
Jharkhand Crime News: कोडरमा जिला अंतर्गत सतगावां थाना क्षेत्र के सरवाहना में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या के बाद शव को जला देने का मामला सामने आया है. घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं. पुलिस ने मृतका सरवाहना निवासी बबलू यादव की 25 वर्षीय पत्नी ममता देवी के पिता के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया है. इसमें मृतका के पति के साथ ससुराल परिवार के अन्य लोगों को नामजद किया गया है.
घटना के बाद से ससुराल परिवार के लोग फरार
आरोप है कि दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या कर ससुराल वालों ने साक्ष्य छिपाने के लिए आनन-फानन में उसका शव भी जला दिया. बताया जाता है कि विवाहिता की मौत की सूचना के बाद उसके मायके वाले मंगलवार को सरवाहना पहुंचे और इस बात की सूचना सतगावां थाना पुलिस को दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची सतगावां पुलिस को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा. पुलिस ने पाया कि विवाहिता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, जबकि ससुराल परिवार के लोग फरार मिले.
2018 में हुई थी शादी
इस घटना को लेकर मृतका के पिता जयनगर थाना क्षेत्र के योगियाटिल्हा निवासी कौलेश्वर यादव ने सतगावां थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में मृतका के पति बबलू यादव, ससुर सरयू यादव, सास सुनीता देवी, ननद सुलेखा देवी व नीतू कुमारी पर दहेज को लेकर हत्या कर देने का आरोप लगाया गया है. दर्ज प्राथमिकी में उनके द्वारा बताया गया है कि उन्होंने अपनी पुत्री ममता की शादी वर्ष 2018 में दान दहेज देकर की थी, लेकिन उसके ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के लिए लगातार ममता को प्रताड़ित कर रहे थे. अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण ससुराल वालों ने उसकी पिटाई कर हत्या कर दी. साथ ही साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जला दिया. दर्ज मामले के आधार पर सतगावां थाना पुलिस नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. थाना प्रभारी उत्तम कुमार वैध ने बताया कि सभी हत्या के आरोपी घर छोड़कर फरार हैं. गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Samir Ranjan
Senior Journalist with more than 20 years of reporting and desk work experience in print, tv and digital media
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










