Hockey World Cup 2023: जीत के बाद भी भारत खेलेगा ‘क्रॉस ओवर’ मैच, न्यूजीलैंड के खिलाफ मुश्किल होगा मुकाबला

Hockey World Cup 2023 IND vs NZ: हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम ने गुरुवार को अपने पूल के आखिरी मुकाबले में वेल्स को 4-2 से हराया, लेकिन क्वार्टर फाइनल में क्वालीफाई नहीं कर सकी. अब भारत रविवार को अपने ‘क्रॉस-ओवर’ मैच न्यूजीलैंड से भिड़ेगा.
FIH Hockey World Cup 2023 IND vs NZ: एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप में पूल डी के अंतिम मैच में वेल्स के खिलाफ 4-2 से संघर्षपूर्ण जीत के बाद भी भारत सीधे क्वार्टर फाइनल में क्वालिफाइ नहीं कर सका. हालांकि भारत के पास अब भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का मौका है. उसे अंतिम आठ में खेलने के लिए ‘क्रॉस-ओवर’ मैच में न्यूजीलैंड को हराना होगा. वहीं गुरुवार को वेल्स पर जीत के बाद टीम के चीफ कोच ग्राहम रीड ने कहा, ‘इंग्लैंड बृहस्पतिवार को खासा अच्छा खेला और उसने हमारी चुनौती और बढ़ा दी. मैंने अपनी टीम के खिलाडियों से कहा कि इस बाबत चिंतित होने की जरूरत नहीं है. हम टुकड़ों-टुकड़ों में अच्छा खेले. हमने वेल्स को मौके दिए. अब हम क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड से खेलेंगे.’
कोच रीड ने आगे कहा कि, ‘न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रॉसओवर मैच मुश्किल होगा. हम न्यूजीलैंड की टीम से यहीं प्रो लीग में खेल चुके हैं. हमारा उसके खिलाफ पहला मैच खासा संघर्षपूर्ण था और जबकि दूसरे में हमने आसान जीत दर्ज की थी. न्यूजीलैंड की टीम हमारे खिलाफ उसी तरह पूरी जोश से खेलने उतरेगी जैसी बृहस्पतिवार को वेल्स की टीम खेली. जहां तक हार्दिक सिंह के आगे खेलने की बाबत शनिवार को अंतिम फैसला लेंगे. हमने वेल्स के खिलाफ मैच में अंतत: लय पा ली. हमने जीवट दिखाना था. मेरा इस विश्व कप का अनुभव है कि इसकी राह स्पष्ट नहीं है और स्वर्ण पदक की कोई भी राह मुश्किल होती है. आपको जूझना होता है जीवट दिखाना होता है. इससे आप संघर्षपूर्ण स्थिति के लिए तैयार रहते हैं.’
भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ‘वेल्स के खिलाफ हमारा सर्वश्रेष्ठ मैच नहीं था. मैं यह बात जातना हूं. हमें अब आगे अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा. हमें अपनी निशानेबाजी बेहतर करने की जरूरत है. सबसे अहम यह है कि अंतत: हम अपना मैच जीतने में सफल रहे. हमने वेल्स को गोल करने के मौके दिए. हम गेंद को कब्जे में लेकर प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाना चाहते हैं. हमारा ध्यान इस बात पर था कि यदि गोल नहीं हो रहे तो हम इसके लिए दबाव नहीं बनाएगे. जैसा कि हमारे कोच रीड साहब ने भी कहा. वेल्स के खिलाडिय़ों ने गेंद पीछे सरकाई और अपनी डी की मजबूत घेरेबंदी की.
Also Read: Hockey World Cup: चिली पर रिकॉर्ड जीत से क्वार्टरफाइनल में पहुंची नीदरलैंड, मलेशिया ने न्यूजीलैंड को हराया
‘मैन आफ द मैच’ रहे भारत के स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह ने कहा ,’हम गोल करने के मौके बना रहे है लेकिन हमें अब आगे क्रॉसओवर मैच सहित मौकों को बेहतर ढंग से भुनाना होगा. जहां तक मेरे प्रदर्शन से खुश हूं. मुझे संतोष इस बात का है कि मैं हमारी टीम वेल्स से जीतने में कामयाब रही. हम अपने प्रदर्शन से कभी संतुष्ट नहीं होते क्योंकि हम हमेशा यही सोचते हैं कि हमने जो किया हम उससे बेहतर कर सकते थे.
लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार है..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




