अब बारी शुभेंदु अधिकारी की! सीबीआई की चार्जशीट में हैं इन लोगों के नाम
Author : Prabhat Khabar Digital Desk Published by : Prabhat Khabar Updated At : 19 May 2021 3:26 PM
सीबीआई ने शुभेंदु अधिकारी, सौगत राय, प्रसुन बनर्जी और काकोली घोष दस्तीदार पर अभियोजन के लिए लोकसभा अध्यक्ष से मंजूरी मांगी थी.
कोलकाता : नारद स्टिंग मामले में अब शुभेंदु अधिकारी की भी गिरफ्तारी भी हो सकती है. सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के जिन दो मंत्रियों, एक विधायक और एक पूर्व तृणमूल नेता के खिलाफ जो चार्जशीट पेश की है, उसमें इनका भी नाम है. शुभेंदु अधिकारी अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में हैं. सीबीआई को इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लोकसभा के स्पीकर की अनुमति का इंतजार है.
सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के नारद स्टिंग मामले में सीबीआई को भाजपा नेता तथा पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद शुभेंदु अधिकारी समेत चार नेताओं पर मुकदमा चलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष की मंजूरी का इंतजार है. सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कुछ लोगों द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसी के खिलाफ लगाये गये पक्षपात करने के आरोपों को खारिज कर दिया.
सीबीआई ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के दो मंत्रियों फिरहाद हकीम तथा सुब्रत मुखर्जी, तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा तथा पूर्व पार्टी नेता शोभन चटर्जी को नारद स्टिंग ऑपरेशन मामले की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया था. नारद मामले में ये नेता कथित तौर पर एक कैमरे में रिश्वत लेते हुए कैद हुए थे.
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के चार नेताओं पर अभियोजन चलाने की मंजूरी दी थी, जिसके बाद एजेंसी ने अपने आरोप-पत्र को अंतिम रूप दिया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने शुभेंदु अधिकारी, सौगत राय, प्रसुन बनर्जी और काकोली घोष दस्तीदार पर अभियोजन के लिए लोकसभा अध्यक्ष से मंजूरी मांगी थी.
जिस समय यह स्टिंग ऑपरेशन किया गया था, उस समय चारों तृणमूल कांग्रेस के सांसद थे. उन्होंने कहा, ‘हमें मामले में मंजूरी का इंतजार है.’ सीबीआई के अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2017 में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके मुकुल राय का नाम इस सूची में नहीं है.
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने सोमवार की गिरफ्तारियों के बाद दावा किया था कि सीबीआई ने शुभेंदु अधिकारी और मुकुल राय को छोड़ दिया, क्योंकि वे भाजपा में शामिल हो गये. तृणमूल कांग्रेस के एक और विधायक तापस रॉय ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में हार के बाद बदला लेने की कोशिश कर रही है.
स्टिंग ऑपरेशन करने वाले नारद समाचार पोर्टल के संपादक मैथ्यू सैमुअल ने भी सवाल उठाया कि शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई. उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल में कोरोना के मामलों में वृद्धि के बीच इस स्तर पर सीबीआई की कार्रवाई को ‘अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया.
Posted By: Mithilesh Jha
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










