MyCall App: कॉल क्वाॅलिटी खराब है? TRAI के नये ऐप से दें फीडबैक
अब यूजर बताएंगे कॉल क्वाॅलिटी // सिम्बॉलिक एआई इमेज
TRAI ने MyCall ऐप को नए फीचर्स के साथ फिर लॉन्च किया है. अब यूजर कॉल ड्रॉप, ऑडियो क्वाॅलिटी और नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं को रेटिंग और फीडबैक के जरिए सीधे टेलीकॉम कंपनियों तक पहुंचा सकेंगे.
मोबाइल पर बार-बार कॉल ड्रॉप होना, सामने वाले की आवाज साफ न आना या बातचीत के दौरान ऑडियो में देरी जैसी समस्याएं आज भी कई यूजर्स को परेशान करती हैं. अब इन शिकायतों को सीधे संबंधित टेलीकॉम कंपनी तक पहुंचाने के लिए भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने MyCall मोबाइल ऐप को नए रूप में फिर से लॉन्च किया है. इस ऐप के जरिए उपभोक्ता अपने कॉलिंग अनुभव को रेट कर सकेंगे और कॉल क्वाॅलिटी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी साझा कर पाएंगे. इसका उद्देश्य मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और यूजर्स की शिकायतों को तेजी से संबंधित सर्विस प्रोवाइडर्स तक पहुंचाना है.
MyCall ऐप क्या है और कैसे करेगा काम?
TRAI का MyCall ऐप ऐसा प्लैटफॉर्म है, जहां मोबाइल यूजर किसी भी वॉयस कॉल के बाद अपने अनुभव का फीडबैक दे सकते हैं. ऐप में 1 से 5 स्टार तक की रेटिंग देने का विकल्प मिलता है. अगर कॉल के दौरान किसी तरह की तकनीकी परेशानी आती है, तो यूजर उसे भी दर्ज कर सकते हैं. इससे टेलीकॉम कंपनियों को यह समझने में मदद मिलेगी कि किन इलाकों या किन परिस्थितियों में नेटवर्क से जुड़ी समस्याएं ज्यादा सामने आ रही हैं.
किन समस्याओं की कर सकेंगे शिकायत?
इस ऐप के जरिए यूजर कॉल ड्रॉप, बातचीत के दौरान इको (गूंज), ऑडियो में देरी, क्रॉस-कनेक्शन, आवाज टूटने या कटने जैसी कई आम समस्याओं की रिपोर्ट कर सकते हैं. यानी अगर आपकी कॉल का अनुभव संतोषजनक नहीं रहा, तो अब उसकी जानकारी सीधे सिस्टम में दर्ज कराई जा सकेगी. इससे नेटवर्क सुधार की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
यूजर्स की प्रतिक्रिया सीधे पहुंचेगी टेलीकॉम कंपनियों तक
TRAI के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी के अनुसार, MyCall ऐप उपभोक्ताओं को एक महत्वपूर्ण माध्यम उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने वास्तविक कॉलिंग अनुभव को साझा कर सकेंगे. ऐप के जरिए मिलने वाला फीडबैक संबंधित टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के साथ साझा किया जाएगा ताकि वे नेटवर्क और कॉल क्वाॅलिटी में जरूरी सुधार कर सकें.
आम ग्राहकों को क्या होगा फायदा?
अगर बड़ी संख्या में यूजर नियमित रूप से इस ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो टेलीकॉम कंपनियों को नेटवर्क की वास्तविक स्थिति का बेहतर डेटा मिलेगा. इससे उन इलाकों की पहचान आसान होगी जहां कॉलिंग से जुड़ी समस्याएं लगातार बनी रहती हैं. लंबे समय में इसका फायदा बेहतर कॉल क्वाॅलिटी, कम कॉल ड्रॉप और अधिक भरोसेमंद मोबाइल नेटवर्क के रूप में देखने को मिल सकता है.
FAQ
A. MyCall ऐप भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) का मोबाइल ऐप है, जिसकी मदद से यूजर्स अपनी वॉयस कॉल क्वालिटी को रेट कर सकते हैं और कॉलिंग से जुड़ी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
A. इस ऐप के जरिए कॉल ड्रॉप, आवाज कटना, ऑडियो में देरी, इको (गूंज), क्रॉस-कनेक्शन और खराब कॉल क्वालिटी जैसी समस्याओं की जानकारी दी जा सकती है.
A. यूजर्स द्वारा दी गई फीडबैक और शिकायतें संबंधित टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं तक पहुंचाई जाएंगी, ताकि वे नेटवर्क और कॉल क्वालिटी में सुधार के लिए जरूरी कदम उठा सकें.
ये भी पढ़ें: Best Mobile Recharge Plans 2026: जियो, एयरटेल और बीएसएनएल के सबसे बेस्ट रिचार्ज प्लान, यहां देखें पूरी लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए