Nothing Phone 4a Review: यूनिक डिजाइन, क्लीन सॉफ्टवेयर, जानें खूबियां और कमियां

नथिंग फोन 4ए
Nothing Phone 4a Review: नथिंग के नए मॉडल नथिंग फोन 4a में यूनिक ट्रांसपेरेंट डिजाइन, Glyph Bar, 120Hz AMOLED डिस्प्ले और Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर मिलता है. हालांकि टेलीफोटो कैमरा अच्छा है, लेकिन बाकी कैमरे, गेमिंग परफॉर्मेंस और कुछ फीचर्स की कमी इसे लिमिटेड बनाते हैं.
Nothing Phone 4a Review: आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन एक जैसे डिजाइन के साथ आते हैं. लेकिन Nothing की पहचान हमेशा से अलग और यूनिक डिजाइन रही है. नया Nothing Phone 4a भी इसी सोच के साथ आया है. यह फोन न सिर्फ देखने में अलग है, बल्कि इसमें कुछ ऐसे फीचर्स भी दिए गए हैं जो इसे मिड-रेंज सेगमेंट में खास बनाते हैं. भारत में इस मॉडल की शुरुआती कीमत 31,999 रुपये रखी गई है. हालांकि खूबियों के साथ इस नए मॉडल में कुछ कमियां भी हैं. ऐसे में अगर आप भी इसे खरीदने का मन बना रहे हैं, तो फिर यह रिव्यू आपको बताएगा कि फोन में क्या खास है और क्या यह वाकई आपका अगला स्मार्टफोन बनने लायक है.
फोन की खूबियां
यूनिक ट्रांसपेरेंट डिजाइन और नया Glyph Bar
Nothing Phone (4a) की सबसे बड़ी खासियत इसकी सेमी-ट्रांसपेरेंट डिजाइन है. फोन के पीछे का हिस्सा हल्का ट्रांसपेरेंट दिखाई देता है, जिससे यह बाकी स्मार्टफोन्स से अलग लगता है. इस बार कंपनी ने नया Glyph Bar भी दिया है, जो नोटिफिकेशन, कॉल या दूसरे अलर्ट के समय लाइट के जरिए सिग्नल देता है. पहले के Glyph सिस्टम जितना डायनामिक तो नहीं है, लेकिन फिर भी यह फोन को एक अलग पहचान देता है.
बड़ा AMOLED डिस्प्ले और अच्छा मल्टीमीडिया एक्सपीरियंस
फोन में 6.78-इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. इसकी पीक ब्राइटनेस 4500 निट्स तक जाती है, जिससे धूप में भी स्क्रीन साफ दिखाई देगी. डिस्प्ले के कलर्स काफी अच्छे और ब्राइट दिखते हैं. साथ ही इसमें दिए गए स्टीरियो स्पीकर्स वीडियो देखने, गेम खेलने और म्यूजिक सुनने का अच्छा एक्सपीरियंस देंगे.
50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा
इस फोन का एक खास फीचर इसका 50MP टेट्रा-प्रिज्म पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा है. इसमें 3.5x ऑप्टिकल जूम मिलता है, जिससे पोर्ट्रेट फोटो काफी अच्छी आती है. स्किन टोन नेचुरल दिखती है और बैकग्राउंड ब्लर भी अच्छा मिलता है. इस प्राइस रेंज में पेरिस्कोप कैमरा अभी भी कम देखने को मिलता है, इसलिए यह फीचर इसे खास बनाता है.
क्लीन और स्मूद सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस
फोन में Nothing OS 4.1 दिया गया है, जो Android 16 पर बेस्ड है. इसका इंटरफेस काफी क्लीन और सिंपल है. फोन में Smart App Drawer और Essential Space जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
डेली यूज के लिए अच्छी परफॉर्मेंस
फोन में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ 12GB तक RAM और 256GB स्टोरेज मिलता है. सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग, मल्टीटास्किंग और हल्की-फुल्की गेमिंग के लिए यह फोन काफी स्मूद परफॉर्मेंस देगा.
फोन की कमियां
बाकी कैमरे एवरेज
जहां टेलीफोटो कैमरा अच्छा है, वहीं बाकी कैमरे उतने इंप्रेसिव नहीं हैं. फोन में 50MP प्राइमरी कैमरा है, लेकिन लो लाइट में इसमें डिटेल और डायनामिक रेंज थोड़ी कम दिखाई देती है. इसके अलावा 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा में फोटो थोड़ी सॉफ्ट आती है. 32MP सेल्फी कैमरा भी स्किन टोन और डिटेल के मामले में हमेशा अच्छा परफॉर्म नहीं करता.
हैवी गेमिंग के लिए सबसे बेहतर नहीं
हालांकि, फोन डेली के नॉर्मल यूज के लिए अच्छा है, लेकिन लंबे समय तक गेमिंग करने पर फोन थोड़ा गर्म हो सकता है. वहीं, इसमें 5,400mAh की बैटरी है और यह 50W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. ऐसे में इस प्राइस रेंज में कुछ फोन ज्यादा पावरफुल प्रोसेसर और लंबी बैटरी के साथ आते हैं, इसलिए गेमिंग के शौकीनों के लिए दूसरे ऑप्शंस बेहतर हो सकते हैं.
ग्लॉसी बैक पर जल्दी पड़ते हैं फिंगरप्रिंट
फोन का ट्रांसपेरेंट बैक देखने में अच्छा लगता है, लेकिन उस पर फिंगरप्रिंट जल्दी दिखाई देने लगते हैं. बॉक्स में कवर जरूर मिलता है, लेकिन उसकी क्वालिटी थोड़ी नॉर्मल है. साथ ही फोन में IP64 रेटिंग दी गई है, जबकि इस सेगमेंट में अब कई फोन IP68 या IP69 रेटिंग के साथ भी आ रहे हैं.
कुछ जरूरी फीचर्स की कमी
फोन में NFC सपोर्ट नहीं दिया गया है, जिससे कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. इसके अलावा इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर स्क्रीन के थोड़ा नीचे की तरफ है, जिससे इसे इस्तेमाल करना कभी-कभी थोड़ा इनकन्वेनिएंट लग सकता है.
खरीदने लायक है या नहीं?
अगर आप यूनिक डिजाइन, शानदार डिस्प्ले और क्लीन सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस वाला फोन चाहते हैं, तो Nothing का यह फोन आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इसका ट्रांसपेरेंट डिजाइन और Glyph Bar इसे यूनिक बनाते हैं. साथ ही 120Hz AMOLED डिस्प्ले, अच्छा टेलीफोटो कैमरा और स्मूद सॉफ्टवेयर रोजमर्रा के इस्तेमाल में अच्छा एक्सपीरियंस देते हैं.
हालांकि, अगर आप हेवी गेमिंग करते हैं या कैमरा परफॉर्मेंस आपकी पहली प्रायोरिटी है, तो इस प्राइस रेंज में कुछ और स्मार्टफोन बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Vivo V70 Elite खरीदें या नहीं? जानिए इसकी बड़ी खूबियां और कमियां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shivani Shah
डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




