मकान मालिक का बेटा ही हत्यारा, हुआ गिरफ्तार

Published at :29 Jan 2018 3:39 AM (IST)
विज्ञापन
मकान मालिक का बेटा ही हत्यारा, हुआ गिरफ्तार

काफी जुल्म ढाने के बाद की गयी हत्या मामला छिपाने में परिवार के सहभागी होने का आरोप सिलीगुड़ी : जिस नौ वर्षीय छात्रा की हत्या को लेकर दो दिन तक सिलीगुड़ी शहर गरमाया रहा, उसके हत्यारे को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया है. इस मामले में […]

विज्ञापन
काफी जुल्म ढाने के बाद की गयी हत्या
मामला छिपाने में परिवार के सहभागी होने का आरोप
सिलीगुड़ी : जिस नौ वर्षीय छात्रा की हत्या को लेकर दो दिन तक सिलीगुड़ी शहर गरमाया रहा, उसके हत्यारे को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया है. इस मामले में पुलिस ने उसके मकान मालिक के छोटे बेटे सुरजीत सरकार उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया है. साथ ही, मकान मालिक सुनील सरकार, उसकी पत्नी व बड़े बेटे को हिरासत में रखा है.
वहीं पीड़ित परिवार के साथ इलाकावासियों ने छात्रा को इंसाफ दिलाने का बीड़ा उठा लिया है. नन्ही सी जान के साथ दरिंदगी करनेवालों को मौत की सजा देने की मांग को लेकर इलाके के लोगों ने रविवार को रैली भी निकाली. घटना से उत्तेजित लोगों ने पूरे जनता नगर सहित आसपास के इलाके में आरोपी के पोस्टर चस्पां कर उसे मौत की सजा देने की मांग की है.
यहां उल्लेखनीय है कि बीते 25 जनवरी की शाम को सिलीगुड़ी नगर निगम के 44 नंबर वार्ड स्थित भक्ति नगर थाना अंतर्गत जनता नगर इलाके में एक नौ वर्षीय बच्ची लापता हो गयी थी. काफी ढूंढ़ने पर भी उसका कोई पता नहीं चला. फिर परिवार वालों ने भक्ति नगर थाने को अवगत कराया.
इसके बाद देररात बच्ची का शव छत के उपर लगे मोबाइल टावर से लटका बरामद हुआ. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की निगरानी में उसका अंतिम संस्कार किया गया. परिवार वालों ने बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जताते हुए थाने में मामला दर्ज कराया.
पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए उस मकान में रह रहे कुल 11 परिवारों के 24 पुरुषों से पूछताछ की. इसके बाद मकान मालिक सुनील सरकार व उसके दो बेटों विश्वजीत व सुरजीत को हिरासत में लिया. रविवार की सुबह भक्ति नगर थाने की पुलिस ने सुरजीत सरकार को गिरफ्तार कर लिया. बाकी उसके पिता, माता व बड़े भाई से पूछताछ जारी है. यह बात फैलने के बाद से इलाके के लोग काफी उत्तेजित हो गये हैं.
घटना के बाद मिटाया सबूत
मृत छात्रा के पिता श्याम सुंदर ने बताया कि इस वारदात में मकान मालिक का पूरा परिवार शामिल है. घटना की शाम मां रेखा देवी बच्ची को सुरजीत के घर में छोड़कर डॉक्टर के पास गयी थी. वापस लौटने पर बच्ची घर पर नहीं थी. रात के नौ बजे तक बच्ची के न लौटने पर उनकी धड़कनें तेज होने लगीं. उन्होंने थाने में लापता होने की शिकायत दर्ज करायी.
जबकि देर रात करीब दो बजे मकान मालकिन ने स्वयं मोबाइल टॉवर वाली छत पर चलकर बच्ची को तलाशने को कहा. जहां एक चादर पर उसका शव पड़ा मिला. उसके गले में एक सुतली बांधी हुई थी. शव उतारने के बाद मकान मालकिन ने उस चादर को आग में जला दिया. श्याम सुंदर ने आरोप लगाते हुए कहा कि बच्ची की हत्या करने व उसके शव को ठिकाने लगाने में सुनील सरकार के पूरे परिवार का हाथ है. यदि बच्ची छत पर थी, और उसके साथ इतना कुछ हुआ तो इन लोगों ने उसकी चीख तक नहीं सुनी.
पीड़ित परिवार से मिले मेयर
बीते शनिवार की शाम को भी इलाके का माहौल गर्म हो गया था. पुलिस व स्थानीय लोगों के बीच हुए संघर्ष में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी अचिंत दास गुप्ता घायल भी हुए. रविवार की सुबह से स्थानीय लोगों की भीड़ उस मकान के सामने खड़ी है. गेट पर मृत बच्ची की फोटो के साथ प्रशासन से इंसाफ मांगा गया है. पूरे इलाके में गिरफ्तार सुरजीत की तस्वीर चस्पां की गयी है. मृत बच्ची को इंसाफ दिलाने के लिए हजारों की संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतरे हैं. शहर के विधायक सहित मेयर अशोक भट्टाचार्य भी रविवार की सुबह पीड़ित परिवार मुलाकात करने पहुंचे.
हत्या के साथ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी सुरजीत सरकार के खिलाफ हत्या के लिए भारतीय दंड विधान की धारा 302 के अतिरिक्त पोक्सो एक्ट भी लगाया है. रविवार को भक्ति नगर थाने में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट की डिप्टी पुलिस कमिश्नर गौरव लाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बलात्कार के संबंध में कुछ कहा जा सकता है.
जबकि हत्या का मामला साफ है. इस मामले में मकान मालिक के छोटे बेटे सुरजीत सरकार को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं उसके पिता सुनील सरकार व अन्य लोगों से पूछताछ जारी है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गले में सुतली डालकर छात्रा का गला घोंटा गया है. उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ है. घटनास्थल पर भी काफी खून पड़ा पाया गया है. छात्रा के शरीर पर अत्याचार के काफी निशान पाये गये हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola