सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी के घर क्यों गये अमित शाह? जानिए दिल्ली से कोलकाता तक की इनसाइड स्टोरी

बांग्ला फिल्मों के अभिनेता प्रसेनजीत और कोलकाता में अमित शाह का स्वागत करते बंगाल के चीफ मिनिस्टर शुभेंदु अधिकारी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अचानक टॉलीवुड के महानायक प्रसेनजीत चटर्जी के घर पहुंचकर सबको चौंका दिया. यह मुलाकात केवल शिष्टाचार थी या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश है? जानिए पूरी इनसाइड स्टोरी.
Amit Shah Meets Prosenjit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया कोलकाता दौरे के दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक और सांस्कृतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी. डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के व्यस्त कार्यक्रमों के बीच अमित शाह अचानक टॉलीवुड के महानायक प्रसेनजीत चटर्जी के बालीगंज आवास पहुंच गये. इस औचक दौरे (Surprise Visit) को पहले केवल ‘शिष्टाचार मुलाकात’ बताया जा रहा था, लेकिन अब इसके पीछे की बेहद इनसाइड स्टोरी और राजनीतिक मायने सामने आ रहे हैं.
दिल्ली में मिला था आमंत्रण, ‘उत्सव’ फिल्म से जुड़ी है कहानी
अचानक हुई इस मुलाकात की पटकथा कुछ दिनों पहले देश की राजधानी दिल्ली में ही लिखी जा चुकी थी. हाल ही में भारतीय सिनेमा और विशेषकर बांग्ला फिल्मों में 4 दशकों के अभूतपूर्व योगदान के लिए प्रसेनजीत चटर्जी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘पद्म श्री’ पुरस्कार से सम्मानित किया. इसी दौरान प्रसनेजीत ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और अपनी प्रसिद्ध फिल्म ‘उत्सव’ (Utsav) के बारे में चर्चा की थी.
प्रसेनजीत के घर पर 15 मिनट तक रहे शाह
उस समय ‘बूंबा दा’ ने गृह मंत्री को यह फिल्म देखने के लिए आमंत्रित किया था. गुजारिश की थी कि जब भी वे कोलकाता आयें, तो उनके बालीगंज स्थित घर पर जरूर पधारें. अमित शाह ने प्रसेनजीत के उसी पुराने निमंत्रण का मान रखते हुए सोमवार को अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच से 15 मिनट का समय निकाला और सीधे उनके घर जा पहुंचे.
ये भी पढ़ें: बंगाल की 3 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत तय, संसद में और कमजोर होगी तृणमूल कांग्रेस
12 वर्षों की उपलब्धियों की किताब और राज्यसभा जाने की अटकलें तेज
बालीगंज स्थित आवास पर जब अमित शाह पहुंचे, तो उनके साथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी भी थीं. इस 15 मिनट की मुलाकात के दौरान अमित शाह ने सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी को मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों से जुड़ी एक विशेष पुस्तिका भेंट की. प्रसनजीत ने भी गृह मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें एक किताब उपहार में दी.
राज्यसभा जायेंगे ‘मिस्टर इंडस्ट्री’!
अमित शाह के कोलकाता से दिल्ली लौटने के बाद चर्चा तेज है कि मुलाकात केवल सिनेमा तक सीमित नहीं है. हाल ही में निर्वाचन आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल की 3 खाली हुई राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गयी है. विधानसभा में भाजपा के पास 208 विधायकों का प्रचंड बहुमत है, जिससे उसकी तीनों सीटों पर जीत तय है. ऐसे में चर्चा है कि भाजपा बंगाल के सांस्कृतिक जगत पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए ‘मिस्टर इंडस्ट्री’ कहे जाने वाले पद्म श्री प्रसेनजीत चटर्जी को राज्यसभा का उम्मीदवार बना सकती है.
ये भी पढ़ें: बंगाल राज्यसभा चुनाव : तृणमूल के चार व कांग्रेस के एक उम्मीदवार विजयी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










