दक्षिण बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की पहली प्रशासनिक बैठक, बस से दुर्गापुर पहुंचे पांच जिलों के अधिकारी
Published by : Ashish Jha Updated At : 21 May 2026 12:03 PM
बस से उतरते पुरुलिया के प्रशासनिक अधिकारी.
Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गुरुवार को दक्षिण बंगाल में अपनी पहली बड़ी प्रशासनिक बैठक करने जा रहे हैं. दुर्गापुर के सृजनी प्रेक्षागृह में होने वाली इस बैठक में पश्चिमांचल के पांच जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ विकास और कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा की जायेगी.
Table of Contents
Suvendu Adhikari: कोलकाता/आसनसोल. मुख्यमंत्री की इस बैठक से पहले राज्य प्रशासन में एक अलग तस्वीर देखने को मिली. पेट्रोल और डीजल की कमी और बढ़ती कीमतों के बीच, पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान के जिला पुलिस अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की एडमिनिस्ट्रेटिव मीटिंग में शामिल होने के लिए बस से पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील के बाद यह कदम उठाया गया है.
दो बसों में रवाना हुए डीएम, एसडीओ और बीडीओ
गुरुवार सुबह करीब पौने 10 बजे पुरुलिया जिला प्रशासन के अधिकारी सरकारी वाहनों की जगह बस से दुर्गापुर रवाना हुए. पुरुलिया जिला प्रशासनिक भवन से जिलाधिकारी, अतिरिक्त जिलाधिकारी, एसडीओ और विभिन्न ब्लॉकों के बीडीओ दो बसों में सवार होकर दुर्गापुर के लिए निकले. सिर्फ प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, पुलिस अधिकारियों ने भी वाहनों की संख्या कम करते हुए सामूहिक रूप से बैठक में शामिल होने का फैसला किया.
सरकारी कार का उपयोग हो रहा सिमित
पुरुलिया के जिलाधिकारी सुधीर कोन्थम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने की अपील की है. इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से भी सरकारी गाड़ियों के उपयोग को सीमित करने का निर्देश दिया गया है. उसी निर्देश का पालन करते हुए अधिकारी बस से बैठक में शामिल होने जा रहे हैं.
दुर्गापुर बैठक में शामिल होंगे पांच जिलों के अधिकारी
दोपहर दो बजे से शुरू होने वाली इस प्रशासनिक बैठक में पश्चिम बर्दवान, पूर्व बर्धमान, पुरुलिया, बांकुड़ा और बीरभूम जिलों के अधिकारी शामिल होंगे. बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक, बीडीओ, ओसी-आईसी के अलावा सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस बैठक से कई अहम प्रशासनिक संदेश दे सकते हैं.
अवैध कोयला, बालू और पत्थर कारोबार पर होगी सख्ती
सूत्रों के अनुसार बैठक में अवैध कोयला खनन, बालू और पत्थर माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, उद्योग, कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हो सकती है. विशेषकर जंगलमहल क्षेत्र और पश्चिमांचल जिलों में प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत करने पर मुख्यमंत्री का जोर रहने की संभावना है.
सात सूत्रीय निर्देश के बाद तैयार हो रहा एक्शन प्लान
मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने 18 मई को सभी जिलों और सरकारी विभागों को सात सूत्रीय निर्देश जारी किये थे. इसमें सरकारी खर्च घटाने, सरकारी वाहनों के उपयोग में कटौती और प्रशासनिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया गया है. इसके तहत सभी जिलों को तत्काल, मध्यावधि और दीर्घकालिक एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है. शुक्रवार तक इसकी रिपोर्ट मुख्य सचिव कार्यालय में जमा करनी होगी.
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का गुरुवार का कार्यक्रम बेहद व्यस्त है. सुबह उन्होंने बेलूड़ मठ जाकर पूजा-अर्चना की. इसके बाद वह हावड़ा जिला प्रशासन कार्यालय में एक अहम बैठक करेंगे. वहां से दमदम होकर अंडाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर सड़क मार्ग से दुर्गापुर जायेंगे. दुर्गापुर बैठक खत्म करने के बाद मुख्यमंत्री के अंडाल से दिल्ली रवाना होने की संभावना है. माना जा रहा है कि दिल्ली में वह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंत्रिमंडल विस्तार और राज्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
दुर्गापुर में कड़ी सुरक्षा, स्वागत की विशेष तैयारी
मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी पहली बार दुर्गापुर पहुंच रहे हैं. इसे लेकर शहर में विशेष तैयारियां की गयू हैं. गांधी मोड़ और डीएमसी मोड़ पर स्वागत द्वार बनाये गये हैं. सड़कों के किनारे मुख्यमंत्री के पोस्टर लगाये गये हैं. सृजनी हॉल और आसपास के इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है. बताया गया है कि मुख्यमंत्री अंडाल एयरपोर्ट से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 होते हुए गांधी मोड़ के रास्ते दुर्गापुर में प्रवेश करेंगे.
Also Read: बंगाल नगर निकाय नियुक्ति घोटाला: इडी की रडार पर पूर्व मंत्री रथिन घोष, किये गये तलब
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










