कोलकाता : सिनेमा देखने गई महिला से मॉल में छेड़खानी, हॉल के बाहर ले जाने की कोशिश, पुलिस ने छह को दबोचा
छोड़खानी की सांकेतिक तस्वीर.
कोलकाता के एक मॉल के सिनेमा हॉल में महिला से छेड़खानी और अश्लील टिप्पणी का मामला सामने आया है. विरोध करने पर पीड़िता को पीटा गया. पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
कोलकाता शिव कुमार राउत की रिपोर्ट
ईएम बाइपास में कसबा थाने के निकट स्थित एक मॉल के भीतर मौजूद सिनेमा हॉल में फिल्म देखने गयी महिला को लक्ष्य कर अभद्र और अश्लील टिप्पणी करने का आरोप कुछ युवाओं पर लगा है. आरोप है कि इसका विरोध करने पर अश्लील टिप्पणी कर रहे युवकों ने पीड़िता के साथ छेड़खानी की और उसे खीचकर बाहर ले जाने की कोशिश की. विरोध करने पर हाथापाई करने का भी आरोप युवकों पर लगा है.
इस मामले में अब तक छह लोग गिरफ्तार
पूरे मामले की जानकारी मिलने पर कसबा थाने की पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपियों की पहचान आनंद कुमार, सुरेश कुमार, अरविंद कुमार, सृजन दरबार, मनोज रॉय और अरिंदम घोष के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवकों में सृजन दरबार नामक एक युवक ने खुद को जादवपुर यूनिवर्सिटी का छात्र बताया और पुलिस को धमकी दी. उन्होंने चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ लगाये गये आरोपों के गंभीर अंजाम भुगतने होंगे.
मुख्य बातें
- कसबा थाना क्षेत्र के एक मॉल में स्थित सिनेमा हॉल की घटना
- गिरफ्तार छह आरोपियों में एक ने खुद को जेयू का छात्र बताया
- आरोपी युवक ने इन आरोपों का गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी
क्या है मामला
पुलिस सूत्र बताते हैं कि बांसद्रोणी के सुबोध पार्क निवासी एक महिला ने सोमवार को कसबा थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी. शिकायत में उन्होंने बताया कि वह रविवार शाम करीब 7.30 बजे अपने पति और कुछ दोस्तों के साथ एक्रोपोलिस मॉल के सिनेपोलिस में फिल्म देखने गयी थीं. उस समय सिनेमा हॉल के अंदर पहले से मौजूद छह लोगों ने कथित तौर पर उनके और उनके साथ मौजूद अन्य महिलाओं के प्रति अश्लील टिप्पणी की.
हॉल के बाहर ले जाने की हुई कोशिश
शिकायतकर्ता और उनके साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने जब इसका विरोध किया, तो विरोध करने पर छह लोगों ने गुस्से में आकर उन पर हमले कर दिये. शिकायतकर्ता और उसकी महिला मित्रों को भी कथित तौर पर पीटा गया और छेड़छाड़ की गयी. युवकों ने उन्हें अपने साथ हॉल के बाहर ले जाने की कोशिश की.
सूचना मिलते ही तुरंत हरकत में आयी पुलिस
इधर, सिनेमा हॉल के भीतर इस घटना को देखते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गये और तुरंत कसबा थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. आरोप है कि पुलिस को देखने के बावजूद आरोपियों ने पुलिस के सामने असभ्य भाषा में महिलाओं को अपशब्द कहना शुरू कर दिया. जिसके बाद कसबा थाने की पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर कसबा थाने ले गयी.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस घटना को लेकर कसबा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 3(5), 79, 74 और 351(2) के तहत एफआइआर दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है. इधर पीड़िता का भी लिखित बयान लिया गया. सिनेमा हॉल के भीतर के सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरों को भी पुलिस कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए