बंगाल चुनाव: बेरोजगारों की नौकरी और गरीबों का अनाज खा रहे घुसपैठिये, सिंडिकेट राज पर ये बोले अमित शाह
Published by : Ashish Jha Updated At : 24 Apr 2026 7:53 AM
अमित शाह
Amit Shah: हुगली के बालागढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री ने जनसभा में तृणमूल सरकार पर निशाना साधा. अमित शाह ने कहा कि घुसपैठिये बंगाल के युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं, गरीबों का राशन खा रहे हैं और देश की सुरक्षा को कमजोर कर रहे हैं.
मुख्य बातें
Amit Shah:कोलकाता/ हुगली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पश्चिम बंगाल में एक भी घुसपैठिये को घुसने नहीं दिया जायेगा. यहीं नहीं, यहां पहले से मौजूद अवैध प्रवासियों को चुन-चुन कर बाहर निकाला जायेगा. हुगली के बालागढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने को तैयार है.
चार मई को दीदी का खेल खत्म
जनसभा में अमित शाह ने कहा- यह बंगाल में मेरा 30वां कार्यक्रम है. चार मई को दीदी का खेल खत्म हो जायेगा. बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी. विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित किये जायेंगे. श्री शाह ने आरोप लगाया कि घुसपैठ से राज्य की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान हो रहा है. उन्होंने कहा : घुसपैठिये बंगाल के युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं, गरीबों का राशन खा रहे हैं और देश की सुरक्षा को कमजोर कर रहे हैं.
तृणमूल सरकार दे रही सिंडिकेट राज को बढ़ावा
तृणमूल सरकार पर अपना हमला तेज करते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता ने उस पर ‘सिंडिकेट राज’ को बढ़ावा देने और लोगों पर ‘भाइपो टैक्स’ का बोझ डालने का आरोप लगाया. उनका यह बयान ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर एक कटाक्ष था. उन्होंने कहा : लोगों को तृणमूल के गिरोह को ‘भाइपो’ कर देना पड़ता है. सीमेंट खरीदने के लिए भी लोगों को यह कर चुकाना पड़ता है. ममता सरकार को ‘टाटा-बाय-बाय’ कहिये, और हम गिरोह के संचालकों को सबक सिखायेंगे.
बालागढ़ में ठप हो गया पारंपरिक नाव निर्माण उद्योग
अमित शाह ने बालागढ़ के पारंपरिक नाव निर्माण उद्योग में कथित गिरावट का मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि वर्तमान सरकार के शासनकाल में इसे नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा : एक समय बालागढ़ का नौका उद्योग पूरे क्षेत्र को रोजगार प्रदान करता था. लेकिन, ममता बनर्जी के सिंडिकेट राज के कारण यह ठप हो गया है. लगभग 41 कारखाने बंद हो चुके हैं. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा की सरकार बनने पर हम इन इकाइयों को फिर से शुरू करेंगे.
आशुतोष मुखर्जी व श्यामा प्रसाद को दी श्रद्धांजलि
बंगाल की विरासत का आह्वान करते हुए शाह ने शिक्षाविद आशुतोष मुखर्जी और भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा : यह आशुतोष मुखर्जी की भूमि है, जिन्हें ‘बंगाल का शेर’ उपनाम दिया गया था. उनके पुत्र श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने हमारी पार्टी की स्थापना की और देश के लिए अपना प्राणों का बलिदान दिया. उन्होंने दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बंगाल को घुसपैठिये से मुक्त करने को वोट करें
अगले चरण के चुनाव के लिए भाजपा के अभियान को तेज करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने मतदाताओं से भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया. उन्होंने रैली में कहा – अब 29 अप्रैल को दूसरे चरण में आपको कमल के चिह्न के सामने वाला बटन दबाना है. यह सिर्फ किसी को विधायक बनाने या भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं है. यह बंगाल की धरती को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए है.
ममता पर लगाया वशंवाद को बढ़ावा देने का आरोप
उन्होंने ममता बनर्जी पर वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया और कहा कि वह अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं. शाह ने कहा- ममता बनर्जी का समय समाप्त हो गया है. अगला मुख्यमंत्री बंगाल की धरती का सपूत होगा, जिसने बंगाली माध्यम से शिक्षा प्राप्त की हो, जो बंगाली बोलता हो, और सबसे महत्वपूर्ण बात, वह भाजपा का कार्यकर्ता होगा.
Also Read: बंगाल में पहचान की लड़ाई, भाजपा के ‘घुसपैठिये’ से ममता की ‘बंगाली अस्मिता’ का मुकाबला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










