पातुलिया : भारत माता के पूजा पंडाल में आग लगाने का आरोप

विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.
बैरकपुर. खड़दह के रहड़ा क्षेत्र अंतर्गत पातुलिया के बड़तला इलाके में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत माता की पूजा के लिए बनाये गये एक पंडाल में आग लगाने का आरोप सामने आया है. सोमवार तड़के घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा समर्थकों ने सड़क अवरोध कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. आरोप है कि तड़के कुछ असामाजिक तत्वों के एक समूह ने पंडाल में आग लगा दी, जिससे पंडाल पूरी तरह जल गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क अवरोध हटवाया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस व नोकझोंक भी हुई, जिसमें कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आयी हैं. प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता कौस्तव बागची भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि कोई भी हमारी इस पूजा को रोक नहीं सकता. जले हुए पंडाल के सामने भारत माता की मूर्ति रखकर पूजा की गयी है. इस घटना को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है.
सत्तारूढ़ दल के सहयोग से कुछ असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.
इधर, सोमवार शाम को प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ सुकांत मजूमदार भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन और सत्तारूढ़ दल पर हमला बोला. डॉ मजूमदार ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही और सत्तारूढ़ दल के संरक्षण में ऐसी घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और पूजा-अर्चना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




