डेंगू की रोकथाम के लिए निगम की पहल
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 24 Nov 2019 2:32 AM
मेयर ने कहा कि पुरानी गाड़ियों को पुलिस करे क्रश कोलकाता : महानगर में फैले डेंगू की रोकथाम के लिए कोलकाता नगर निगम हर तरह की कोशिश कर रहा है. डेंगू के बढ़ते प्रकोप को कम होते न देख थक कर अब मच्छरों को मारने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है. इस […]
मेयर ने कहा कि पुरानी गाड़ियों को पुलिस करे क्रश
कोलकाता : महानगर में फैले डेंगू की रोकथाम के लिए कोलकाता नगर निगम हर तरह की कोशिश कर रहा है. डेंगू के बढ़ते प्रकोप को कम होते न देख थक कर अब मच्छरों को मारने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है. इस कड़ी निगम की ओर से अब एक और पहल की गयी है. मेयर फिरहाद हकीम ने थानों के बाहर या सड़कों के किनारे खड़ी पुरानी गाड़ियों को क्रश करने का निर्देश दिया है. मेयर ने कहा, यह मुद्दा लॉ एंड ऑर्डर से जुड़ा हुआ है. इसलिए वह जल्द ही इस विषय को लेकर कोलकाता पुलिस आयुक्त के साथ चर्चा करेंगे.
क्या है मामला :
निगम में शनिवार को आयोजित ‘टॉक टू मेयर’ कार्यक्रम में बेहला के 121 नंबर वार्ड के पी 79 जदू कॉलोनी निवासी आशीष सरदार का फोन आया था. श्री सरदार ने मेयर से कहा कि उनके घर के बाहर स्थानीय एक व्यक्ति ने अपनी पुरानी गाड़ी को महीनों से रखा है. गाड़ी के भीतर पानी जमने के कारण मच्छर पनप रहे हैं. गंदगी भी फैल रही है. उनकी इन बातों को सुनते ही मेयर ने निगम के पार्किंग विभाग को तुरंत उक्त स्थान पर खड़ी गाड़ी को जब्त करने का निर्देश दिया. टॉक टू मेयर समाप्त होने के बाद मेयर श्री हकीम ने निगम में उपस्थित मीडिया कर्मियों को बताया कि तीन नंबर वार्ड से भी शिकायत मिल रही है.
पुरानी गाड़ी की खरीद बिक्री करने वाले लोग कबाड़ हो चुकी गाड़ियों के विभिन्न पार्ट्स को वार्ड के जलाशय में फेंक देते हैं, जबकि कई जगहों पर लोग अपनी पुरानी व कबाड़ हो चुकी गाड़ियों को अपने घर के बाहर खड़ा कर देते हैं. वहीं थानों के बाहर तो जब्त की गयीं गाड़ियों की कतार लगी हुई रहती है. कानूनी रूप से इन गाड़ियों को छह महीने के बाद क्रश कर देना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है.
उन्होंने कहा : इन पुरानी गाड़ियों के कारण बारिश का पानी जमने से डेंगू मच्छरों के लार्वा पनपने का भी जोखिम बना रहता है. उन्होंने कहा कि इन गाड़ियों को डंप करने के लिए पुलिस के पास डंपिंग ग्राउंड व क्रशर मशीन भी है. इसलिए इन गाड़ियों को छह महीने के बाद क्रश करने के लिए वह जल्द ही कोलकाता पुलिस आयुक्त के साथ बैठक करेंगे. मेयर ने कहा कि वह इस विषय को लेकर पहले ही डीसी ट्रैफिक के साथ चर्चा कर चुके हैं.
मेयर ने निगम के पार्किंग विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि महानगर के अगर किसी वार्ड में इस तरह के गाड़ी पर मिले ,तो निगम कर्मचारी तुरंत पुलिस की मदद इन गाड़ियों को जब्त करें. साथ ही इन पुरानी गाड़ियों को क्रश कर बेचने से पुलिस की आमदनी होगी एवं महानगर स्वच्छ रहेगा. विदित हो कि अब टॉक टू मेयर बुधवार के बदले शनिवार को होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










